लखनऊ। अगर आप आजाद समाज पार्टी से यूपी विधान सभा चुनाव में टिकट चाहते हैं, तो आपको इंटरव्यू देना होगा। पार्टी के अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर खुद यह इंटरव्यू लेंगे। इसके लिए चंद्रशेखर 13 जून से 18 जून तक लखनऊ में मौजूद रहेंगे, जहां यह इंटरव्यू होगा। इंटरव्यू की तारीख को अलग-अलग मंडलों के हिसाब से बांटा गया है।
यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आजाद समाज पार्टी की इस रणनीति को काफी अहम माना जा रहा है। नगीना सांसद 4 जून से सत्ता परिवर्तन यात्रा शुरू कर चुके हैं। इसके साथ ही वह साफ कर चुके हैं कि यूपी में उनकी तैयारी अकेले चुनाव लड़ने की भी है। ऐसे में जमीन पर उतरने की बात हो या फिर कैंडिडेट के चुनाव की बात, साफ है कि आजाद समाज पार्टी ने सबसे पहले अपनी तैयारी शुरू कर दी है। आसपा ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी शिक्षा और रोज़गार के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही जनता से शराब बंदी और न्यूनतम मजदूरी को 750 रुपये करने के वादे के साथ आगे बढ़ेगी।
इन मुद्दों के जरिये चंद्रशेखर की नजर खासकर दलित और मुस्लिम वोटों पर है। सत्ता परिवर्तन यात्रा अपने पहले फेज में बिजनौर से शुरू होकर मेरठ और शामली जैसे ऐसे क्षेत्रों में जा चुकी है, जहां दलित और मुस्लिम समाज निर्णायक भूमिका में है। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी और उसके उम्मीदवार महज कुछ हजार वोट ही हासिल कर पाए थे। लेकिन इन पांच सालों में चंद्रशेखर सांसद बन चुके हैं और उनकी पार्टी भी मजबूत हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि अगर चंद्रशेखर यूपी में मजबूत होते हैं और उन्हें दलितों और मुसलमानों का साथ मिलता है तो इसका सबसे बड़ा नुकसान समाजवादी पार्टी और बसपा को हो सकता है। खबर है कि चंद्रशेखर की इस सक्रियता से समाजवादी पार्टी में हलचल भी शुरू हो गई है।

अशोक दास (अशोक कुमार) दलित-आदिवासी समाज को केंद्र में रखकर पत्रकारिता करने वाले देश के चर्चित पत्रकार हैं। वह ‘दलित दस्तक मीडिया संस्थान’ के संस्थापक और संपादक हैं। उनकी पत्रकारिता को भारत सहित अमेरिका, कनाडा, स्वीडन और दुबई जैसे देशों में सराहा जा चुका है। वह इन देशों की यात्रा भी कर चुके हैं। अशोक दास की पत्रकारिता के बारे में देश-विदेश के तमाम पत्र-पत्रिकाओं ने, जिनमें DW (जर्मनी), The Asahi Shimbun (जापान), The Mainichi Newspaper (जापान), द वीक मैगजीन (भारत) और हिन्दुस्तान टाईम्स (भारत) आदि मीडिया संस्थानों में फीचर प्रकाशित हो चुके हैं। अशोक, दुनिया भर में प्रतिष्ठित अमेरिका के हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में फरवरी, 2020 में व्याख्यान दे चुके हैं। उन्हें खोजी पत्रकारिता के दुनिया के सबसे बड़े संगठन Global Investigation Journalism Network की ओर से 2023 में स्वीडन, गोथनबर्ग मे आयोजिक कांफ्रेंस के लिए फेलोशिप मिल चुकी है।

