मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक की मौत के बाद हिंसा भड़कने और दलित बस्ती में कई घरों को आग के हवाले किए जाने का मामला सामने आया है। घटना करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव के पास की बताई जा रही है। विवाद मोटरसाइकिल से एक बच्चे को टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ था। इसके बाद हुई मारपीट में 20 वर्षीय नवनीत कुमार की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद हालात बिगड़े और दलित बस्ती में हमला तथा आगजनी की घटना हुई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नवनीत कुमार 17 अक्टूबर को एक स्थानीय मेले में गया था। वहां मोटरसाइकिल से एक बच्चे को टक्कर लगने के बाद विवाद हुआ। इसके बाद कई लोगों ने नवनीत को जमकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद दलित बस्ती में आगजनी
नवनीत का शव गांव पहुंचने के बाद हिंसा भड़कने की खबर सामने आई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भीड़ ने पास की दलित बस्ती में हमला किया और कई घरों में आग लगा दी, जिसमें 6-10 घरों के जलने की खबर सामने आ रही है। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। एक स्थानीय रिपोर्ट में नवनीत की हत्या के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर सामने आ रही है।
यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि एक युवक की मौत के बाद बदले की कार्रवाई में ऐसे परिवारों और घरों को निशाना बनाया गया, जिनकी व्यक्तिगत भूमिका की पुष्टि सार्वजनिक रिपोर्टों में नहीं हुई है। किसी अपराध के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस और अदालत का काम है। भीड़ द्वारा बस्ती पर हमला और आगजनी कानून के शासन के लिए गंभीर चुनौती है।

मानवाधिकार और एंटी कॉस्ट आंदोलन से जुड़े गुड्डू कश्यप साल 2023 से ‘दलित दस्तक’ से जुड़े हैं। वर्तमान में वह सब एडिटर के पद पर हैं। बिहार और झारखंड की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखते हैं।

