HomeTop Newsआदिवासी गांव के एक युवक ने बदल दी युवाओं की जिंदगी, बना...

आदिवासी गांव के एक युवक ने बदल दी युवाओं की जिंदगी, बना डाला डॉक्टरों का गांव

अब आस-पास के लोग आदिवासियों के इस गांव को गांव के नाम से कम, डॉक्टरों के गांव के नाम से ज्यादा जानते हैं। जगदीश पावरा गुर्हालपानी के पहले डॉक्टर हैं। जगदीश की सोच दलित और आदिवासी समाज के उन हजारों लोगों के लिए एक सबक है, जो गांव से निकलने के बाद खुद को बड़ा समझने लगते हैं।

यह कहानी है, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा पर सतपुड़ा के पहाड़ों के बीच बसे गांव गुर्हालपानी की। 70-80 घरों वाले इस गांव की आबादी बमुश्किल 400 से 500 की है। यहां सिर्फ पावरा आदिवासी समुदाय के लोग रहते हैं। एक दशक पहले तक यहां ना सड़क पहुंची थी, ना ही बिजली और न ही पढ़ाई की बेहतर व्यस्था थी। लेकिन आज इस गांव की चर्चा हर ओर हो रही है। कारण है जगदीश पावरा।

जगदीश को न मराठी भाषा आती थी और ना ही हिन्दी। अंग्रेजी तो दूर की बात थी। उन्हें बस अपनी पुश्तैनी पावरी भाषा की समझ थी। लेकिन गजदीश पावरा ने न सिर्फ सफलता की इबारत लिख दी, बल्कि अपने आदिवासी समाज के सैकड़ों बच्चों को सफलता का रास्ता दिखा दिया। गांव की सोच बदल कर रख दी। नतीजा यह कि बीते 10 सालों में इस छोटे से गांव से 11 युवक मेडिकल फिल्ड में आ गए हैं। कुछ डॉक्टर बन चुके हैं, जबकि कुछ बनने की राह पर हैं।

अब आस-पास के लोग आदिवासियों के इस गांव को गांव के नाम से कम, डॉक्टरों के गांव के नाम से ज्यादा जानते हैं। जगदीश पावरा गुर्हालपानी के पहले डॉक्टर हैं। 2017 में एमडी में दाख़िले के लिए हुई परीक्षा में उन्होंने अनुसूचित जनजाति वर्ग में पूरे भारत में पहला स्थान हासिल किया था।

जगदीश ने भी गांव नहीं छोड़ा। वह गांव आते-जाते रहते थे। इसने दूसरों बच्चों में भरोसा बढ़ाया। बच्चों को लगने लगा कि वो भी डॉक्टर बन सकते हैं। और यही एक लाइन दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणा बन गई। अब गांव के आठ से 10 लड़के-लड़कियां हर साल नीट की तैयारी करते हैं। पहले साल दाख़िला न मिले, तो वे दोबारा तैयारी करते हैं। दूसरी बार भी कामयाबी न मिले, तो फिर कोशिश करते हैं। एमबीबीएस (MBBS) में दाख़िला नहीं मिला, तो बीएएमएस (BAMS) करते हैं। वह भी नहीं हुआ तो डेंटिस्ट या जानवरों के डॉक्टर बनने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें डॉक्टर ज़रूर बनना है।

बीबीसी की खबर के मुताबिक, बच्चों की इस कोशिश में मदद करने के लिए यंग फ़ाउंडेशन पिछले सात-आठ साल से इस इलाके में काम कर रहा है। इस आदिवासी इलाके में इंटरनेट की सुविधा भी ठीक नहीं है। ऐसे में जिस जगह मोबाइल नेटवर्क मिलता है, वहां बांस से बनी एक पाठशाला, पढ़ने की जगह और छोटी-सी लाइब्रेरी बना दी जाती है।

इस गांव के पहले डॉक्टर जगदीश कहते हैं कि अपने गांव और समाज से आगे निकले व्यक्ति को केवल अपने लिए काम नहीं करना चाहिए। वह कहते हैं, “हम जिस गांव से आए हैं, उस गांव का हमारे ऊपर कुछ क़र्ज़ है। जिस समाज से हम आए हैं, उस समाज के लोगों के लिए भी हमें कुछ करना चाहिए। जगदीश की यह सोच दलित और आदिवासी समाज के उन हजारों लोगों के लिए एक सबक है, जो गांव से निकलने के बाद खुद को बड़ा समझने लगते हैं। गांव का रास्ता छोड़ देते हैं। जगदीश की यह सोच ऐसे लोगों को ठहर कर एक बार फिर सोचने का मौका देती है।

लोकप्रिय

अन्य खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Skip to content