नई दिल्ली। सुपर-30 के संस्थापक और गणितज्ञ आनंद कुमार को जापान में ‘स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया। 24 नवंबर 2026 को आयोजित समारोह में जापान के प्रमुख कारोबारी समूह सीजीसी (CGC) के चेयरमैन एवं सीईओ अत्सुहिरो होरिउची ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान के साथ दिए गए प्रशस्ति पत्र में आनंद कुमार की शैक्षणिक पहल ‘सुपर-30’ और उनकी नई परियोजना ‘सुपर इन्फिनिटी’ का विशेष उल्लेख किया गया। सुपर-30 के माध्यम से उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आईआईटी प्रवेश परीक्षा की मुफ्त तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया है। वहीं, सुपर इन्फिनिटी के जरिए उनका लक्ष्य दुनिया भर के बच्चों के लिए गणित की पढ़ाई को आसान, रोचक और सुलभ बनाना है।
2002 में शुरू किया था सुपर-30
आनंद कुमार ने वर्ष 2002 में बिहार के पटना में सुपर-30 की शुरुआत की थी। इस कार्यक्रम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को बिना किसी फीस के आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जाती है। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभा और आर्थिक स्थिति के बीच की बाधा को कम करना तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। सुपर-30 के अनुभव को आगे बढ़ाते हुए आनंद कुमार ने सुपर इन्फिनिटी की शुरुआत की है। यह पहल गणित को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से आगे ले जाकर बच्चों के लिए अधिक दिलचस्प और सहज बनाने पर केंद्रित है। इसकी जापानी भाषा में भी पहल विकसित की जा रही है।
जापान में भी गणित की नई पहल में दिलचस्पी
सम्मान समारोह के दौरान सीजीसी ग्रुप के प्रमुख अत्सुहिरो होरिउची ने सुपर इन्फिनिटी की जापानी भाषा में चल रही पहल में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि जापान के बच्चे भी गणित को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से अलग, अधिक रोचक और संवादात्मक तरीकों से सीखने में लाभ उठा सकते हैं।
सम्मान मिलने पर आनंद कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी बच्चों की है जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुपर-30 से लेकर सुपर इन्फिनिटी तक उनका उद्देश्य एक ही रहा है कि केवल पैसों की कमी के कारण कोई बच्चा अच्छी शिक्षा से वंचित न रहे। जापान में मिला यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में आनंद कुमार के लंबे प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय पहचान देने वाला है।

डॉ. पूजा पेशे से शिक्षिका हैं। शिक्षा, कला और साहित्य सहित महिला मुद्दों में उनकी गहरी रुचि है। उनके द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘आधी आबादी का दर्द’ और ‘सपनो के पंख’ काफी लोकप्रिय है।

