HomeTop Newsसंविधान दिवस: विचारों का उत्सव या राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का नया अखाड़ा?

संविधान दिवस: विचारों का उत्सव या राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का नया अखाड़ा?

संविधान दिवस पर लखनऊ में चंद्रशेखर आजाद, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रमों के बीच सवाल है कि जातिवाद, आदिवासी अधिकार, रोजगार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसी चुनौतियों पर राजनीति कितनी गंभीर है।

26 नवंबर अब केवल संविधान को याद करने का दिन नहीं रह गया है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच इस बार संविधान दिवस पर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी ताकत दिखाने और डॉ. आंबेडकर की विरासत पर अपना दावा मजबूत करने की तैयारी की है। सवाल यह है कि संविधान की रक्षा के नाम पर हो रही इस राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच संविधान की मूल भावना और आम नागरिकों के अधिकारों की कितनी चिंता की जा रही है?

भारत के संविधान को 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने अंगीकार किया था। इसके करीब दो महीने बाद 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ। अंबेडकरवादी समाज दशकों से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में याद करता और संविधान के महत्व को रेखांकित करता रहा है। लेकिन वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने भी आधिकारिक तौर पर इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। इसके बाद संविधान दिवस का दायरा बढ़ा और यह राष्ट्रीय स्तर पर सरकारी आयोजनों का हिस्सा बन गया।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बार 26 नवंबर का दिन लखनऊ में राजनीतिक अखाड़े का केंद्र बन गया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली बुलाई है। इस रैली में चंद्रशेखर की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

दूसरी ओर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव संविधान दिवस के अवसर पर अपनी पार्टी के चुनावी वादों का पहला दस्तावेज जारी कर रहे हैं। इसे पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक राजनीति से जोड़कर पेश किया जा रहा है।

कांग्रेस भी इस राजनीतिक मुकाबले में पीछे नहीं है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लखनऊ पहुंचे हैं। कांग्रेस ने संविधान रक्षा सम्मेलन और मार्च का कार्यक्रम रखा है। प्रशासन की ओर से प्रस्तावित मार्च को अनुमति नहीं दिए जाने के बाद पार्टी ने कार्यक्रम को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित करने की बात कही है। कांग्रेस का कहना है कि वह संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर में संविधान दिवस पर आयोजित विचार संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने भी संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन समाज को जागरूक रहने और संविधान के मूल उद्देश्यों को समझने का संदेश दिया है।

इन कार्यक्रमों से स्पष्ट है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और डॉ. आंबेडकर की विरासत उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख मुद्दे बनने जा रहे हैं।

संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अखबारों में लेख लिखकर संविधान के महत्व और उसके प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है। उन्होंने संविधान सभा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने संविधान को देश की विविधता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला बताते हुए कहा कि इसकी भावना संसद और अदालतों से आगे समाज के हर हिस्से तक पहुंचनी चाहिए।

ऐसे में अगर सरकार संविधान की महानता की बात करती है, तो उससे यह भी पूछा जाना चाहिए कि क्या देश के हर नागरिक को समान अवसर मिल रहे हैं? क्या दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकार सुरक्षित हैं? क्या सरकार की नीतियों और प्रशासनिक फैसलों में सामाजिक न्याय की भावना दिखाई देती है? क्या असहमति रखने वाले नागरिकों को अपनी बात कहने की पूरी आजादी है?

संविधान की प्रस्तावना भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने और सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त करती है। लेकिन आज इन आदर्शों को जमीन पर उतारने के रास्ते में कई गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं।

पहली चुनौती जातिवाद और सामाजिक भेदभाव की है। आजादी के 79 वर्ष बाद भी जाति के आधार पर भेदभाव, सामाजिक बहिष्कार और हिंसा की घटनाएं सामने आती हैं। दलितों को मंदिर प्रवेश, सार्वजनिक संसाधनों के इस्तेमाल और सम्मान के साथ जीवन जीने के अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ता है। सवाल है कि जब संविधान ने अस्पृश्यता को समाप्त कर दिया, तो समाज में जातिगत ऊंच-नीच आज भी इतनी मजबूत क्यों है? कानून होने के बावजूद पीड़ितों को न्याय पाने के लिए लंबी लड़ाई क्यों लड़नी पड़ती है?

दूसरी चुनौती आदिवासी समाज और उसके जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की है। विकास के नाम पर विस्थापन, खनन और परियोजनाओं के कारण आदिवासी समुदायों की आजीविका और पारंपरिक जीवन पर असर पड़ता है। कई जगह ग्राम सभाओं की सहमति, वन अधिकार और पुनर्वास को लेकर सवाल उठते हैं। विकास जरूरी है, लेकिन क्या विकास की कीमत उन समुदायों को ही चुकानी चाहिए जिनका प्रकृति और जंगलों से पीढ़ियों पुराना रिश्ता है? क्या आदिवासियों की सहमति और संवैधानिक अधिकारों को विकास की योजनाओं में पर्याप्त महत्व दिया जा रहा है?

तीसरी चुनौती अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और असहमति के अधिकार की है। लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना, सवाल पूछना और नीतियों का विरोध करना नागरिकों का अधिकार है। लेकिन जब पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों और सरकार की आलोचना करने वाले लोगों पर कार्रवाई के आरोप लगते हैं, तो लोकतांत्रिक माहौल को लेकर चिंता पैदा होती है। सवाल यह है कि क्या असहमति को लोकतंत्र की ताकत माना जा रहा है या उसे सत्ता के लिए चुनौती समझा जा रहा है?

चौथी चुनौती रोजगार और आर्थिक समानता की है। संविधान नागरिकों को गरिमापूर्ण जीवन और समान अवसर की दिशा दिखाता है। लेकिन करोड़ों युवाओं के सामने रोजगार और स्थायी आजीविका का सवाल बना हुआ है। सरकारें रोजगार सृजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बजाय यदि चुनावी समय में नकद सहायता और योजनाओं के लाभ को ही अपनी उपलब्धि के रूप में पेश करने लगें, तो यह बहस जरूरी हो जाती है कि क्या कल्याणकारी योजनाएं नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बन रही हैं या उन्हें चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है? महिलाओं को आर्थिक सहायता देना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन क्या इसके साथ उनकी शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वतंत्रता पर भी उतना ही ध्यान दिया जा रहा है?

पांचवीं चुनौती संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और जवाबदेही की है। संसद, न्यायपालिका, चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं की स्वतंत्रता लोकतंत्र की बुनियाद है। इन संस्थाओं पर जनता का भरोसा बना रहना जरूरी है। जब भी उनकी निष्पक्षता, निर्णय प्रक्रिया या जवाबदेही को लेकर सवाल उठते हैं, तो उनका पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए।

आज संविधान दिवस पर लगभग हर राजनीतिक दल संविधान की रक्षा का दावा कर रहा है। लेकिन क्या संविधान की रक्षा केवल रैलियां निकालने, भाषण देने और चुनावी घोषणापत्र जारी करने से हो जाएगी? क्या संविधान की प्रस्तावना पढ़ लेने भर से समानता और बंधुता स्थापित हो जाएगी?

सत्ताधारी दल की जिम्मेदारी सबसे बड़ी है, क्योंकि उसके पास शासन चलाने और नीतियां लागू करने की शक्ति है। उसे यह सुनिश्चित करना होगा कि सरकारी फैसले संविधान की भावना के अनुरूप हों और किसी भी नागरिक के साथ जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के आधार पर भेदभाव न हो। लेकिन विपक्ष की जिम्मेदारी भी कम नहीं है। उसे केवल सत्ता विरोधी राजनीति तक सीमित रहने के बजाय संविधान के सवालों पर लगातार और गंभीर संघर्ष करना होगा।

अंबेडकरवादी समाज के सामने भी एक बड़ी जिम्मेदारी है। संविधान और डॉ. आंबेडकर के विचारों को केवल जयंती, परिनिर्वाण दिवस और संविधान दिवस के आयोजनों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इन विचारों को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक समानता, राजनीतिक भागीदारी और रोजमर्रा के जीवन में उतारना होगा। समाज को यह भी समझना होगा कि संविधान किसी एक जाति, धर्म या राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं है। यह हर भारतीय नागरिक के अधिकारों और गरिमा का साझा दस्तावेज है।

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान सभा में चेतावनी दी थी कि राजनीतिक लोकतंत्र तब तक टिकाऊ नहीं हो सकता, जब तक उसके आधार में सामाजिक लोकतंत्र न हो। सामाजिक लोकतंत्र का अर्थ है स्वतंत्रता, समानता और बंधुता को जीवन का हिस्सा बनाना। यही वह कसौटी है जिस पर आज की राजनीति और शासन व्यवस्था को परखा जाना चाहिए।

लखनऊ में संविधान दिवस पर राजनीतिक दलों के मंच सज चुके हैं। इस दौरान बड़े-बड़े भाषण होंगे और संविधान की रक्षा के संकल्प दोहराए जाएंगे। लेकिन संविधान दिवस पर सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हम संविधान को केवल चुनाव जीतने का मुद्दा बनाएंगे या उसे शासन, समाज और नागरिक जीवन का आधार भी बनाएंगे?

लोकप्रिय

अन्य खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Skip to content