HomeTop Newsआगरा में बाबा साहेब के गाने बजाने पर दलित दूल्हे की बारात...

आगरा में बाबा साहेब के गाने बजाने पर दलित दूल्हे की बारात पर हमला, घोड़ी से गिराकर पीटा

डीजे पर बाबा साहेब के गाने बजाने का विरोध करते हुए 20 से 25 लोगों ने बारात को घेर लिया और दूल्हे को घोड़ी से नीचे गिराकर पीटा। हमलावरों पर बारातियों को जातिसूचक गालियां देने, महिलाओं के साथ अभद्रता और बाबा साहेब की तस्वीर छीनकर फेंकने का भी आरोप है।

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के गाने बजाने को लेकर एक दलित दूल्हे की बारात पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डीजे पर बाबा साहेब के गाने बजाने का विरोध करते हुए 20 से 25 लोगों ने बारात को घेर लिया और दूल्हे को घोड़ी से नीचे गिराकर पीटा। हमलावरों पर बारातियों को जातिसूचक गालियां देने, महिलाओं के साथ अभद्रता और बाबा साहेब की तस्वीर छीनकर फेंकने का भी आरोप है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

मामला आगरा के जगनेर थाना क्षेत्र के गांव वीरभान का है। 26 नवंबर की रात गांव में सुरेंद्र सिंह की बेटी की शादी थी। बारात मलपुरा क्षेत्र के नगला प्रताप से आई थी। बारात चढ़ने के दौरान डीजे पर डॉ. आंबेडकर से जुड़े गाने बजाए जा रहे थे। इसी बात को लेकर कुछ युवकों ने विरोध शुरू कर दिया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए और बारात को घेर लिया। उन्होंने दूल्हे को घोड़ी से नीचे गिराकर मारपीट की। बारातियों के साथ भी लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और बाबा साहेब की तस्वीर छीनकर जमीन पर फेंक दी। घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों में भी दहशत फैल गई।

घर तक पहुंचकर मारपीट करने का भी आरोप

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि बारात में मारपीट करने के बाद हमलावर घर तक पहुंच गए और वहां मौजूद परिजनों के साथ भी मारपीट की। घटना में परिवार के कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है। दुल्हन के पिता सुरेंद्र सिंह ने जगनेर थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है।

एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

मामले में पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बारात के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट हुई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर सात-आठ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। अन्य रिपोर्टों में प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

घटना की सूचना मिलने पर एसीपी खेरागढ़ सुनीता सिंह चौहान सहित पुलिस अधिकारी गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। शुक्रवार 27 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे दुल्हन की विदाई हुई।

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या दलित समुदाय के लोगों को अपनी शादी में घोड़ी पर चढ़ने, अपनी पसंद के गाने बजाने और डॉ. आंबेडकर जैसे महापुरुषों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित करने की भी पूरी आजादी नहीं है? संविधान हर नागरिक को समानता, गरिमा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है। ऐसे में किसी की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर उसके विवाह समारोह में बाधा डालना और हिंसा करना गंभीर चिंता का विषय है।

और दलितों को लेकर राजनीति करने वाली पार्टियां और उसके नेता कहां हैं??

लोकप्रिय

अन्य खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Skip to content