नई दिल्ली। जून की 28 तारीख से जंतर मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक और अन्य युवा छात्रों के अनशन के 20 दिन होने के बाद यह बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। बीते पांच दिनों में देश की तमाम हस्तियां सोनम वांगचुक के समर्थन में सामने आई है। खास तौर पर जंतर मंतर पर सोनम वांगचुक से मिलने वाले नेताओं की तादात बढ़ती जा रही है। सोनम को समर्थन देने के लिए 15 जुलाई को नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पहुंचे तो उसके बाद सपा सांसद डिंपल यादव, आप संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,वंचित बहुजन अघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने अपना समर्थन दिया है। सपा सांसद अखिलेश यादव पहले ही सोनम के समर्थन का ऐलान कर चुके हैं।
दूसरी ओर बॉलीवुड से सोनाक्षी सिन्हा, अतुल कुलकर्णी, विशाल ददलानी जैसे लोग सोनम के समर्थन में आ गए हैं। अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने अपने घर से ही एक दिन का अनशन किया। अभिनेता ने एक वीडियो जारी कर कहा कि संवाद प्रजातंत्र की आत्मा है और सरकार से सोनम वांगचुक से बात करने की अपील की।
ताजा हेल्थ रिपोर्ट के मुताबिक सोनम वांगचुक का वज़न क़रीब 9 किलो घट गया है। और तमाम लोग अब इसको लेकर चिंता जता रहे हैं। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने भी अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई। कोर्ट ने कहा कि हर नागरिक की जान कीमती है। उसकी रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
तमाम नेता और सेलीब्रिटी सोनम वांगचुक से उनका अनशन खत्म करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सोनम ने एक वीडियो जारी कर इन तमाम सवालों का जवाब दिया है।
I’m Not in good shape but not so bad either…
Rather than asking me to break my fast please join me on 20th July… Peaceful March to the Parliament.#cockroachjanataparty #jantarmantar #cjpprotest #chalosansad pic.twitter.com/QZ6VyxVMAR— Sonam Wangchuk (@Wangchuk66) July 15, 2026
इससे पहले देश की कई दिग्गज हस्तियों ने लद्दाख के एक प्रसिद्ध इंजीनियर, शिक्षा सुधारक और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को खत्म करने की अपील की है। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली जंतर-मंतर काकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। सोनम की गिरती सेहत को देखते हुए दिग्गज हस्तियों ने यह अपील की है।
इन लेखिका अरुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह और अर्थशास्त्री जयती घोष सहित कई दिग्गज शामिल हैं। इन हस्तियों ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार के खिलाफ जारी इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए वे प्रदर्शनकारियों के अत्यंत आभारी हैं, लेकिन उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को लेकर गहरी चिंता भी व्यक्त करते हैं। बयान में कहा गया कि हम आपके उद्देश्य के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और साहस को सलाम करते हैं। आप पूरे देश के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। इन हस्तियों ने कहा कि हम आपसे आग्रह करते हैं कि आगे की लंबी और अधिक कठिन लड़ाई को ध्यान में रखते हुए कृपया तत्काल अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करें।
बता दें कि सोनम वांगचुक, AISA की नेहा और 20 से अधिक छात्र-युवा शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे घोटालों, पेपर लीक और जवाबदेही की मांग को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसके खिलाफ वो 17 दिनों से धरने पर हैं, लेकिन सरकार ने चुप्पी साध रखी है। इससे पहले काकरोच जनता पार्टी ने 10-11 जुलाई को पक्ष-विपक्ष के 20 नेताओं को चिट्ठी लिख कर धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा और मृतक युवाओं के परिवार को एक करोड़ रुपये देने की मांग की थी।
फिलहाल काकरोच जनता पार्टी अपनी मांगों को लेकर 20 जुलाई को संसद मार्च की तैयारी कर रहा है। जिस तरह से तमाम राजनीतिक दल और नेता सोनम के समर्थन में आए हैं, उससे इस रैली में जन सैलाब उतरने की उम्मीद है। 20 जुलाई से ही संसद का मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है। ऐसे में संसद के भीतर यह बड़ा मुद्दा बन सकता है। इस बीच एक चर्चा यह भी है कि सरकार 20 जुलाई की रैली के पहले ही सोनम वांगचुक का अनशन जबरन तुड़वा सकती है। ऐसे में इस आंदोलन के लिए आने वाले 48 घंटे काफी अहम हैं। देखना होगा कि इस आंदोलन का नतीजा क्या निकलता है।
सोनम के समर्थन में जंतर मंतर पहुंचे चर्चित हस्तियों की तस्वीरें



वीरेन्द्र कुमार साल 2000 से पत्रकारिता में हैं। दलित दस्तक में उप संपादक हैं। उनकी रुचि शिक्षा, राजनीति और खेल जैसे विषय हैं। कैमरे में भी वीरेन्द्र की समान रुचि है और कई बार वीडियो जर्नलिस्ट के तौर पर भी सक्रिय रहते हैं।

