मायावती ने देशवासियों को दी ईद-उल-अज़हा की मुबारकबाद

0

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देशवासियों और मुस्लिम समाज के लोगों को ईद-उल-अज़हा (बकरईद) मुबारकवाद और शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि ईद-उल-अज़हा का त्यौहार अल्लाह की राह में कुर्बानी के जज़्बे का वह त्यौहार है जिसकी बुनियाद हज़रत इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने सैकड़ों वर्ष पहले रखी थी.

मायावती ने कहा है कि यह सर्वविदित है कि भारतीय मुसलमानों का मुख्य रूप से दो त्यौहार ईद-उल-फितर और ईद-उल-अज़हा-समृद्ध भारतीय संस्कृति के सदियों से अभिन्न हिस्सा है. हर वर्ष में एक बार आने वाली ऐसी ईद-उल-अज़हा के लिये तमाम सभी उम्र के मुस्लिम भाईयों-बहनों एवं बच्चों-बच्चियों को तहेदिल से बहुत-बहुत मुबारकबाद

बसपा सुप्रीमो ने कहा की बसपा का यह प्रयास सतत जारी रहेगा कि भारतीय समाज के अन्य लोगों के साथ-साथ उनका भी जान-माल व मज़हब पूरी तरह से सुरक्षित रहे. भारतीय संविधान के प्रावधानों और उसकी सही मंशा के मुताबिक उनका जीवन भी ख़ुशहाल बने और वे अमन-चैन के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें. इस मौके पर सरकारों की भी ज़िम्मेदारी बनती है कि देश के वर्तमान हालात के मद्देनज़र सभी जगह शान्ति-व्यवस्था व आपसी भाईचारा एवं सद्भावना का माहौल बिगड़ने नहीं दे.

मायावती ने कहा कि ईद का पवित्र त्यौहार कौमी एकता को मज़बूत करने के साथ ही गरीबों की मदद, समाज में सामाजिक सद्भाव तथा सह-अस्तित्व की भावना को भी बढ़ायेगा, ऐसी मेरी कामना है.

दिल्ली के गाजीपुर में कूड़े का पहाड़ धंसा, कई गाड़ियां चपेट में

0

शुक्रवार शाम अचानक पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर डंपिंग यार्ड का एक हिस्सा कोंडली नहर में जा गिरा. जिसके चलते कई बाइक और स्कूटी सवार महिला नहर में डूब गए. आपको बता दें कि यह इलाका दिल्ली और गाजियाबाद का बॉर्डर है और सुबह-शाम भारी संख्या में लोग इस कूड़े के ढ़ेर के किनारे से निकलते थे. दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और लोगों को बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है. हादसे में एक बच्चे की मौत की खबर है. जबकि 4 लोगों को अब तक मलबे से बाहर निकाला जा चुका है.

बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयानक था कि नहर के रास्ते जाने वाले बाइक, कार और जेसीबी मशीन के साथ कई महिला और लोग भी इस नहर में डूब गए. आप तस्वीर देख सकते हैं कि हादसा कितना भयानक है. नहर के किनारे लगी जाली तक टूट गई है. फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और जांच में जुट गई है.

चश्मदीदों के मुताबिक ऐसा लग रहा था जैसे कूड़े के अंदर कोई गैस बन गई थी. जिस वजह से कूड़े के पहाड़ का एक हिस्सा लोगों पर गिर गया. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने नहर में कूदकर कुछ लोगों को बचाया तो कुछ लोगों ने कूड़े में दबे लोगों को बाहर निकाल लिया.

घटना के वक्त कूड़े के ढेर के नजदीक के एक चश्मदीद ने ‘आज तक’ को बताया कि ऐसा लग रहा था जैसे कोई बम फटा हो और अचानक भरभरा कर कूड़े के पहाड़ का एक हिस्सा नहर और उसके बगल की सड़क पर आ गिरा. उसके मुताबिक पूरी दिल्ली का कूड़ा ला-ला कर इसी डंपिंग यॉर्ड में फेंका जाता है इसी वजह से यह ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है.

14 हजार आदिवासी लड़कियों ने पढाई छोड़ कर रही हैं झाड़ू-पोछा

0

रायपुर। सर्व शिक्षा अभियान और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की सफलता हम आए दिन सरकार से सुनते रहते हैं. लेकिन सिर्फ सरकार के बयानों और दस्तावेजों में है. वास्तविक रूप ये योजना विफल है. इसकी विफलता का सबूत छत्तीसगढ़ के बस्तर से आया है.

बस्तर छत्तीसगढ़ का आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है. यहां चौदह हजार से ज्यादा लड़कियां बीच में ही पढ़ाई छोड़ चुकी हैं. जिले में ग्याहर से अठारह साल आयु वर्ग की बालिकाओं में अधिकांश ने प्राइमरी और मिडिल स्कूल स्तर में जाकर बीच में ही पढ़ाई छोड़ी है. वहीं, शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी महिला बाल विकास विभाग की रिपोर्ट मानने को तैयार नहीं है.

जानकारी के मुताबिक, यह संख्या और अधिक हो सकती है क्योंकि इसमें छह से ग्यारह साल आयु वर्ग लड़कियों को शामिल नहीं किया गया है. महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सबला योजना के तहत हर साल स्कूल जाने वाली और स्कल छोड़ने वाली बालिकाओं की सूची तैयार की जाती है. ये आंकड़े इस साल तैयार में दर्शाएं गए हैं.

हाल में जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे ने यहां कलेक्टोरेट में ली गई विभागीय समीक्षा बैठक में आईसीडीएस द्वारा दी गई जानकारी में स्कूल छोड़ी बालिकाओं की संख्या 13 हजार 963 बताई गई है. इनमें 4467 बालिकाएं 11 से 14 साल और 9496 बालिकाएं 14 से 18 साल आयु वर्ग की बताई जाती हैं.

11 से 18 साल आयु वर्ग में जगदलपुर ब्लाक में 2259, बस्तर में 2134, बकावंड में 2665, बास्तानार 1675, दरभा 2481, तोकापाल 999 और लोहंडीगुड़ा में 1749 लड़कियां स्कल छोड़ चुकी हैं. वहीं, 100 से 200 के बीच ऐसी भी कन्याएं हैं, जिन्होंने हाईस्कूल में दाखिला तो लेकर पढ़ाई अधूरी छोड़ दी.

पिछड़ों को जोड़ने के लिए बसपा ने बनाया अलग विंग

लखनऊ। अपने गठन के समय बहुजन समाज पार्टी की पहचान दलित, पिछड़े और मुस्लिम वर्ग यानि बहुजन समाज के लिए राजनीति करने वाली पार्टी की थी. बाद में बसपा ने खुद को सर्वजन की पार्टी घोषित कर दिया. ऐसे में जहां पार्टी से दलित समाज की कुछ उपजातियां अलग हो गईं तो वहीं पिछड़ा वर्ग भी पार्टी से दूर होने लगा. नतीजा 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी एक भी सीट न जीत सकी तो 2017 में विधानसभा चुनाव में भी पार्टी महज 19 सीटों पर सीमट गई.

एक के बाद एक इन दो सियासी हारों से सबक लेते हुए बसपा अब पिछड़े समाज को पार्टी से जोड़ने की कवायद में जुट गई है. बसपा प्रमुख मायावती ने 31 अगस्त को पिछड़े समाज के लिए एक अलग विंग बनाया है. ‘भाईचारा बनाओ’ संगठन के नाम से बने इस विंग की कमान बसपा प्रमुख ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछड़ों और अतिपिछड़ों को सौंप दिया है.

2007 में यूपी की सत्ता हासिल करने वाली बीएसपी का साथ तब दलित मुस्लिम, पिछड़ों और अति पिछड़ों ने दिया था. लेकिन 2012 विधान सभा, 2014 के लोकसभा और फिर 2017 के विधानसभा में भी पिछड़ों, अतिपिछड़ों और मुस्लिमों ने बीएसपी से दूरी बनाए रखी. इसका नतीजा यह हुआ कि बसपा को लगातार तीन चुनावों में हार का सामना करना पड़ा.

पार्टी की हार की समीक्षा में यह सामने आया था कि मुस्लिम, पिछड़े और अतिपिछड़ों के बसपा से दूर होने से हार मिली है. इसके बाद पार्टी इन वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कवायद में जुट गई है.

पटना की रैली के बाद कौन पड़ा लालू यादव के पीछे

पटना। पटना में 27 अगस्त को लालू यादव के नेतृत्व में हुई विपक्ष की रैली के बाद उऩपर शिकंजा कसने लगा है. आयकर विभाग ने राजद को नोटिस जारी कर रैली के खर्च का हिसाब मांगा है. आयकर विभाग ने अपने नोटिस में पूछा है कि इतनी बड़ी रैली के लिए पैसा कहां से जुटाया गया.

इससे पहले मंगलवार को आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की संयुक्त टीम ने लालू के छोटे बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से घंटों बेनामी संपत्ति के मामले में पूछताछ की थी.

असल में इस रैली में पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं के रहने के लिए बड़े-बड़े शामियाने लगाए गए थे. साथ ही भोजन की भी व्यवस्था की गई थी. पार्टी के मुताबिक रैली में हिस्सा लेने के लिए राजद के जो भी समर्थक पटना पहुंचे थे, उनके रहने और खाने पीने का इंतजाम पार्टी के 80 विधायक, सात पार्षद और तीन सांसदों के जिम्मे था.

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘देश बचाओ, बीजेपी भगाओ’ रैली आयोजित की थी. रैली में लालू यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा था. इस रैली में लालू यादव और उनके परिवार के अलावा शरद यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, गुलाम नबी आजाद, सीपीआई नेता डी राजा आदि मंच पर मौजूद थे.

लालू यादव के खिलाफ आयकर की इस कार्रवाई को कई लोग बिहार के नए गठबंधन की राजनैतिक बौखलाहट मान रहे हैं. माना जा रहा है कि रैली में पहुंचे राजद समर्थकों की भारी भीड़ के कारण लालू यादव और उनके परिवार को परेशान करने के लिए नीतीश कुमार और भाजपा की सरकार नोटिस भेजकर लालू यादव को घेरना चाहती है.

सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर हुआ 8 रु. महंगा

0

नई दिल्ली। तेल कंपनियों ने सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर में 8 रुपए और गैर-सब्सिडी वाले सिलेंडर में 74 रुपए की बढ़ोतरी की है. नई दरें शुक्रवार से लागू हो गईं. सरकार ने कहा था कि हर महीने सब्सिडी वाले सिलेंडर के रेट 4 रुपए बढ़ेंगे. इंडियन ऑयल कंपनी के मुताबिक, दिल्ली में सब्सिडी वाला सिलेंडर अब 487.18 रुपए का मिलेगा. अभी तक यह 479.77 रुपए का था.

केंद्र ने सिब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत अगले साल मार्च तक हर महीने 4 रुपए बढ़ाने का ऑर्डर दिया था. ऐसा कर सरकार मार्च, 2018 तक घरेलू गैस सिलेंडरों पर मिल रही छूट खत्म करना चाहती है. पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अगस्त में संसद में कहा था, ”पिछले साल सरकार ने ऑयल कंपनियों को सब्सिडी पर मिलने वाले सिलेंडरों (14.2 KG) के दाम हर महीने 2 रुपए बढ़ाने का ऑर्डर दिया था, लेकिन अब इसे 4 रुपए कर दिया है.” यानी अगले साल मार्च तक सिलेंडर की कीमत 32 रुपए बढ़ेगी.

नए रेट के मुताबिक, दिल्ली में अब गैर-सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर 597.50 रु. का मिलेगा. पहले इसकी कीमत 524 रुपए थी. सरकार एक फाइनेंशियल ईयर में सब्सिडी दरों में कंज्यूमर को 14.2 किलो वाले 12 सिलेंडर सब्सिडी दरों पर देती है. इससे ज्यादा सिलेंडर लेने पर गैर-सब्सिडी की कीमत अदा करनी होती है.

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मई में जारी सरकार के नए ऑर्डर और जीएसटी लागू होने के बाद ऑयल कंपनियां दो बार सिलेंडरों के दाम बढ़ा चुकी हैं. जुलाई में सिलेंडर एक साथ 32 रुपए महंगे हुए, जो पिछले 6 साल में सबसे ज्यादा था. देशभर में 18 करोड़ के ज्यादा कंज्यूमर एलपीजी सब्सिडी का फायदा ले रहे हैं. इनमें पिछले एक साल के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला स्कीम के तहत बांटे गए 2.5 करोड़ कनेक्शन भी शामिल हैं. इसके अलावा 2.66 करोड़ कंज्यूमर गैर-सब्सिडी सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं.

आदिवासियों को बांटकर अपना वर्चस्व बनाये रखना चाहती है झारखंड सरकार?

 

झारखंड आंदोलन के दिनों झारखंडी समाज ने जो एकजुटता और मूल्य विकसित किये थे लगता है अब वे तेजी से विघटित हो रहे हैं. कुछ समय पहले राजनीतिक अस्थिरता की वजह से अराजकता की स्थिति थी, अब एक सशक्त सरकार के होने के बावजूद असंतोष जैसी अवस्था है. फिलहाल दो मुद्दों पर झारखंड के समाज में बहस चल रही है- एक युवा आदिवासी लेखक सोवेंद्र शेखर हांसदा का मामला और दूसरा हाल ही में झारखंड सरकार द्वारा पारित ‘झारखंड धर्म स्वतंत्र विधेयक 2017’ का मामला. इन दोनों मुद्दों के दावे कथित आदिवासी हित से संबंधित हैं.

युवा आदिवासी लेखक एवं साहित्य अकादमी सम्मान से सम्मानित सोवेंद्र शेखर हांसदा के लेखन को आदिवासी विरोधी घोषित कर कुछ गुटों ने उनके विरुद्ध राजनीतिक घेरेबंदी तैयार की. यह मुद्दा बहुत तुल पकड़ता गया और इसको लेकर विधानसभा तक में हंगामा हुआ. सोवेंद्र पर आरोप है कि वे आदिवासी स्त्रियों का अश्लील चित्रण करते हैं और उन्हें आदिवासी जीवन दर्शन की समझ नहीं है. यह बात ऐसे प्रचारित की गयी कि देखते ही देखते यह अस्मिता का शुद्धतावादी रूप ग्रहण कर लिया और आदिवासी समाज का एक समूह अपने ही लेखक के विरुद्ध हो गया. परिणामस्वरूप उनकी किताबों पर प्रतिबंध लगा दिया गया, साथ ही उन्हें उनकी नौकरी से भी निलंबित कर दिया गया.

कुछ लोगों को सोवेंद्र की कहानी पुस्तक ‘द आदिवासी विल नॉट डांस’ और उपन्यास ‘द मिस्ट्रीयस एलिमेंट्स ऑफ रूबी बास्के’ से आपत्ति है. किसी रचना से असहमति और आपत्ति स्वाभाविक बात हो सकती है. साहित्य और चिंतन की दुनिया में बिना असहमति से विचार में नयापन संभव ही नहीं है. लेकिन, किसी से असहमत होकर उसकी जुबान बंद करा देना कहां तक उचित है? साहित्य में आलोचना की जगह होती है. आलोचना और आलोचक रचनाकार को सचेत करते हैं. उसके लिए साहित्यिक कसौटी होती है. यहीं रचनाकार और उसकी रचना की वैधता जांची जाती है और उसकी उम्र तय होती है. लेकिन, किसी साहित्यकार की रचना का फैसला उससे बाहर फौजदारी तरीके से किया जाना अलोकतांत्रिक है. जिस शुद्धतावादी नजरिये से सोवेंद्र की लेखनी पर हमला किया गया, उससे क्या यह नहीं लग रहा है कि कथित आदिवासी अस्मिता और जीवन दर्शन की बात करनेवाले ठीक उसी तरह की कट्टरता प्रदर्शित कर रहे हैं, जिस तरह इस्लामिक और हिंदू कट्टरतावादियों ने कभी सलमान रश्दी को तो कभी एमएफ हुसैन को प्रतिबंधित किया था? अगर यही नजरिया उचित है तो फिर सआदत हसन मंटो का साहित्य कहां रखा जायेगा? यह चिंताजनक बात है. साहित्य के राष्ट्रीय परिदृश्य में लगभग गायब आदिवासी उपस्थिति के बावजूद एक युवा आदिवासी लेखक पर प्रतिबंध लगाना क्या यह आदिवासी बौद्धिकता के विरुद्ध साजिश नहीं है?

दूसरा मुद्दा है आदिवासियों के धर्मांतरण का. झारखंड सरकार ने अभी हाल में ही ‘झारखंड धर्म स्वतंत्र विधेयक 2017 ’ पारित किया है. इस विधेयक के बारे में सरकार यह दावा कर रही है कि वह इसके द्वारा आदिवासियों के जबरन धर्म परिवर्तन को रोकेगी. सरकार को लगता है कि यहां आदिवासियों का तेजी से ईसाईकरण हो रहा है. लेकिन, यह विधेयक मूलत: आदिवासियों के ईसाईकरण को रोकने के बजाय आदिवासियों के हिंदुत्वकरण का मार्ग प्रशस्त करनेवाला है. यह आदिवासी हित का नहीं, बल्कि आरएसएस के एजेंडे का हिस्सा है. आरएसएस का ध्यान बहुत पहले से झारखंड के आदिवासियों पर केंद्रित है, वह इसलिए नहीं कि यहां ईसाईकरण बढ़ रहा है, बल्कि इसलिए क्योंकि यहां के आदिवासी समुदायों ने संगठित होकर अलग ‘सरना धर्म कोड’ की मांग शुरू कर दी है.

देश में ग्यारह करोड़ की आबादी वाले आदिवासी समुदाय की धार्मिक पहचान के लिए कहीं भी कोई ‘कॉलम’ की व्यवस्था नहीं है. वे ‘अन्य’ में ही खुद को शामिल करते हैं. आमतौर पर उन्हें ‘हिंदू’ मानकर उनकी धार्मिक पहचान का हरण कर लिया जाता है, जबकि आदिवासी ‘हिंदू’ नहीं हैं. इसलिए अब आदिवासी समुदाय अपने ‘सरना धर्म’ के ‘कोड’ की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन कर रहे हैं. इस आंदोलन ने पूरे देश के आदिवासी समुदायों को एक धार्मिक पहचान का विचार दिया. प्रसिद्ध आदिवासी चिंतक डॉ रामदयाल मुंडा ने आदिवासी धर्म और आध्यात्मिकता को वैचारिक आधार देते हुए ‘आदि धरम’ नाम से महत्वपूर्ण किताब लिखी है. यह विचार संघ के ‘एक धर्म हिंदू’ का प्रतिपक्ष है.

पिछली बार जब रांची में आरएसएस के सह सरकार्यवाह डॉ कृष्ण गोपाल जी ने कहा था कि ‘आदिवासियों को ‘सरना धर्म कोड’ की जरूरत नहीं है, संघ उन्हें हिंदू मानता है’- तब आदिवासी समाज में इसकी व्यापक प्रतिक्रिया हुई थी. संघ यह बिल्कुल नहीं चाहता कि आदिवासी हिंदुत्व के फ्रेम से बाहर हो जायें. उन्हें रोकने के लिए कोई न कोई वैधानिक रास्ता जरूरी था. इस विधेयक के द्वारा कठोरता के साथ ईसाईयत पर दबाव बनाया जायेगा और यह आदिवासियों के हिंदुकरण के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा. भाजपा और संघ के विचार में आदिवासी हिंदू हैं. लेकिन, सवाल यह है कि आदिवासियों को ‘हिंदू’ मानना क्या उनका धर्मांतरण नहीं है? अगर संघ या भाजपा को आदिवासी अस्मिता की चिंता होती, तो वह तत्काल ‘सरना धर्म कोड’ लागू कर देती. इससे न आदिवासियों के ईसाईकरण का खतरा होता, न उनके हिंदू होने या अन्य होने का भय होता. लेकिन यह उनके लिए ही जोखिम भरा दांव है. कांग्रेस या अन्य दल भी ‘सरना धर्म कोड’ के पक्ष में नहीं हैं. आदिवासियों को हथियाने की केवल होड़ है.

ऐसी खींचतान में आदिवासी ‘आदिवासी’ हैं का विचार कहीं खो जाता है और आदिवासी अस्मिता और अस्तित्व के मूल मुद्दे भटका दिये जाते हैं. युवा लेखक सोवेंद्र शेखर का मामला हो या आदिवासियों के धर्मांतरण का मामला, इस तरह के मुद्दे उछालनेवालों में आदिवासियत की भावना नहीं है. वे आदिवासियों को बांटकर अपना वर्चस्व बनाये रखना चाहते हैं. वे आदिवासियों के ‘मसीहा’ होना चाहते हैं. लेकिन, आदिवासियों को आत्मनिर्णय का अधिकार दिये बिना कोई कैसे उनका चिंतक हो सकता है?

डॉ. अनुज लुगुन, सहायक प्रोफेसर, दक्षिण बिहार केंद्रीय विवि, गया साभारः प्रभात खबर

आधे से ज्यादा आबादी वाला समाज क्यों है दलित और पिछड़ा?

इस देश के सभी नागरिक स्वतंत्र हैं? क्या यह प्रश्न कुछ अटपटा लगा. यदि हां, तो आप में चिंतन की थोड़ी संभावना अवशेष है. यदि नहीं तो इसका अनुमान आप स्वयं लगाये. इस देश मे समस्या इसी बात की है कि आप अपने दायित्वों और कर्तव्यों को दूसरे के हाथों मे सौंपकर कौए की भांति सौ साल जीने की परिकल्पना में मस्त हैं. जब आपने अपने जीवन की डोर दूसरे के हाथों में दे दी है तो बेसब्री से उसके अंगुलियों की हरकतों का इंतजार करना आपकी लाचारी है.

सदाचारी बनने के लिए सामाजिक और आर्थिक स्वतंत्रता हासिल करनी होती है, यह कार्य दुरूह नहीं है. जहां एक प्रख्यात विधिवेत्ता और लोकतंत्र के जनक डा. अम्बेडकर ने भारत में लोकतंत्रात्मक शासन प्रणाली स्थापित करके राजतंत्र और अधिनायकवाद के कैफिन में 26 जनवरी 1950 को अंतिम कील ठोक दी थी. जब उन्होंने भारतीय संविधान को समस्त देशवासियों से अंगीकृत और आत्मार्पित करने की वचनबद्धता ग्रहण करा दी. आधुनिक भारत के शिल्पी डा. अम्बेडकर ने उस समय एससी, एसटी, ओबीसी और विशेष तौर से महिलाओ को आगाह किया था कि “जब तक आप सभी सामाजिक स्वतंत्रता हासिल नहीं कर लेते, कानून आपको जो भी स्वतंत्रता देता है वह आपके किसी काम की नहीं है.

कानून ने आपको किसी भी परीक्षा मे उत्तीर्ण होने की स्वतंत्रता दी थी, परंतु सामाजिक स्वतंत्रता के अभाव मे आपने IAS में उत्तीर्ण होने के बावजूद सेवा और अपने समाज का प्रतिनिधित्व करने का अवसर खो दिया. क्योंकि आपने सामाजिक स्वतंत्रता हासिल करने के अपने दायित्व को फरेबी हांथो मे सौंप दिया, ज़िन्होंने अपनी फितरत से 314 पिछड़ी जाति के चयनित IAS उम्मीदवारों को को सड़क पर ला पटका, बेरोजगार कर लाचार कर दिया. कम से कम अब तो सामाजिक स्वतंत्रता हासिल करने की प्रतिबद्धता दिखाईये, नहीं तो पक्षपाती निष्ठुर हाथों में अपना गला घुटता देखते रहिये और कानून की दुहाई देते रहिये, जो पक्षपात और अर्थशास्त्र के भारतनाट्यम में व्यस्त है.

इतिहास बताता है कि जहां नैतिकता और अर्थशास्त्र के बीच संघर्ष होता है वहां जीत हमेशा अर्थशास्त्र की होती है. निहित स्वार्थो को तब तक स्वेच्छा से नहीं छोड़ा गया है जब तक मजबूर करने के लिए पर्याप्त बल न लगाया गया हो. पिछड़ी जाति के चयनित 314 IAS उम्मीदवारों ने नैतिकता और अर्थशास्त्र के बीच जबरदस्त संघर्ष खड़ा कर दिया था, जहां नैतिकता दिखाने का तात्पर्य था कि पिछड़ी जातियो को अर्थशास्त्र के लिहाज से मजबूत करनात. ज़िन्होंने पिछड़ी जातियो को मजबूर रखने की कसमें खा रखी हैं वो कैसे नैतिक हो सकते थे. लिहाजा उन्होंने नैतिकता को लात मारकर अर्थशास्त्र पर विजय प्राप्त करना श्रेयस्कर समझा. उन्हें यह ज्ञात है कि पिछड़ी जातियां संख्या बल में विशालकाय होने के बावजूद राजनीतिक तौर पर फिसड्डी है, इसलिये ये पर्याप्त बल प्रयोग नहीं कर सकते. क्योंकि इनके धर्म की संप्रभुता पिछड़ी जातियो को इनके अधीन रखने मे पूर्णतया सक्षम है.

यदि हम एक संयुक्त एकीकृत आधुनिक भारत चाहते हैं तो सभी धर्मो के शास्त्रों की संप्रभुता का अंत होना चाहिये. सभी स्वावलंबी देशवासियों का आह्वान है कि एकीकृत भारत और मजबूत राष्ट्रनिर्माण के लिए सभी धर्मावलंबियों को शास्त्रों की संप्रभुता के अंत के लिए तत्पर होकर मजबूत और अखण्ड राष्ट्रनिर्माण की नैतिकता प्रदर्शित करनी चाहिये. जो इसमें बाधक बने उसे राष्ट्रद्रोही घोषित करके सरकार को पक्षपात से ऊपर उठकर राज्य धर्म का पालन करते हुए, ऐसे देशद्रोहियो को कठोरतम सजा देनी चाहिये. “भारत छोड़ो” आन्दोलन के 75वें वर्षगांठ पर आईये शपथ ले कि जिस तरह हमने अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया उसी तरह “फरेबियों और पक्षपातियों” को भारत से बेदखल करके छोडेंगे.

देश की आधे से ज्यादा आबादी वाले समाज को पिछड़ा क्यों कहा गया, क्या इससे हीन भावना नहीं आती जो व्यक्ति की गरिमा को चिथड़े करती हो? जिस देश मे लोकतंत्रात्मक शासन प्रणाली हो, व्यस्क मताधिकार का अधिकार हो, इन खूबियों के बावजूद 52 प्रतिशत आबादी वाला समाज अधिकारों से प्रवंचित हो, कुछ वजहें तो होगी ही, इनकी असफलता की? यह गंभीर और चिन्तनीय प्रकरण है. इस देश में दो तरह की विचारधाराए सक्रिय है… 1. अगड़ा वर्ग जो पिछड़ी जातियों को अपने पीछे रखने और अपना चरण स्पर्श कराते रहने की साजिशों मे लगी रहती हैं. 2. अनुसूचित वर्ग जो इन्हे बड़े भाई का सम्मान देकर परस्पर कदम ताल से चलने व गले मिलने को आतुर है, जिन्हें यह हेय दृष्टी से देखते हैं.

अगड़ो की इस कुटिल साजिश को यह समझ ही नहीं पाते और कवच बन अगड़ों की सेवा में तल्लीन रहना अपनी नीयति मान बैठना इनके पिछड़े होने की सबसे बड़ी वजह है. पिछड़ी जातियों की पिछड़ा वर्ग बनाने की निष्क्रियता और अकर्मण्यता ही अधिकारों से वंचित होने की मुख्य वजह है. पिछड़ी जातियां पिछड़ा वर्ग न बने इसकी हर कवायद में पुरोहितवाद सक्रिय रहता है. यह उद्धरण कितना सटीक है कि “जब तक इस धरती पर बेवकूफ लोग ज़िन्दा रहेंगे ज़रा सा भी चालाक आदमी खाने के लिये नहीं मरेगा”. कल्पना करिए शातिर क्या करेगा?

इनके अधिकारों पर इतिहास में पहली बार इतना बड़ा हमला किया गया है, इस समाज के संघ लोक सेवा आयोग से चयनित 314 IAS उम्मीदवारों को साजिश के तहत एक झटके मे बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. यानि कि पिछड़ी जाति के 314 ज़िलाधिकारियों को बेरोजगार करके सड़क पर पटक दिया गया फिर भी फ्रिज में जमे इनके खून में कोई ऊबाल नहीं आया. यूपी में 80 ज़िले हैं यानि कि हिन्दी भाषी क्षेत्र से पिछड़ो के प्रतिनिधि सभी ज़िलाधिकारियों को हटा दिया गया, बल्कि उनकी नौकरियां छीन ली गयी. यदि ऐसी घटना अगड़े समाज के साथ होती तो कोहराम मच जाता, उनका खून जो खौलता है. यदि आपके धमनियों रुधिर है तो सजा दो ऐसी सरकार को जिसने आपके रक्त को गंदी नाली का पानी समझने की गुस्ताखी की है?

यह लेख गौत्तम राने सागर ने लिखा है.

आफताब शिवदासानी ने श्रीलंका में की दूसरी शादी

0

नई दिल्‍ली। ‘मस्‍ती’ और ‘ग्रेंड मस्‍ती’ जैसी फिल्‍मों में नजर आ चुके आफताब शिवदासानी ने श्रीलंका में रॉयल अंदाज में शादी की है, लेकिन उन्‍होंने यह शादी अपनी ही बीवी निन दोसांझ से की है. जून 2014 में शादी कर चुके इस जोड़े ने एक बार फिर हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है और इस रॉयल शादी के फोटो आफताब ने सोशल मीडिया पर भी पोस्‍ट किए हैं.

दरअसल 2014 में आफताब और निन ने कोर्ट मैरेज की थी. ऐसे में श्रीलंका में छुट्टियां मनाते हुए इस जोड़े ने अपनी शादी को खूबसूरत अंदाज में करने का मन बनाया. इंस्‍टाग्राम पर आफताब ने इस शादी का एक फोटो पोस्‍ट की है जिसमें निन दोसांझ डिजाइनर योशिता के डिजाइन किए हुए सॉफ्ट पिंक जोड़े में नजर आ रहा है.

आफताब ने एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ‘मेरी प्रिय, तुम्‍हारे लिए अपने प्‍यार को मैं शब्‍दों में बयां नहीं कर सकता. मैं इससे ज्‍यादा खुश नहीं हो सकता. मैं तुम्‍हें अपनी जिंदगी में पाकर हर दिन ईश्‍वर का शुक्रिया अदा करता हूं. ‘निन की बहन प्रवीण दोसांझ ने भी इस शादी के अपडेट सोशल मीडिया पर दिए हैं. प्रवीण ने एक्‍टर कबीर बेदी से शादी की है. आफताब की इस शादी में उनके दोस्‍त तुषार कपूर भी शामिल हुए हैं.

जेल से बाहर आए राम रहीम के पड़ोसी ने खोले कई राज

0

रोहतक। रोहतक जेल में बंद गुरमीत राम रहीम के पड़ोसी रहे दलित नेता स्वदेश किराड़ ने जेल से बाहर आने के बाद कई राज खोला है. साध्वी के यौन शोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम दो दिनों तक शोर मचाने के बाद अब शांत है. जेल के अंदर राम रहीम को चक्की में बंद किया गया है. चक्की जेल प्रशासन की अप्रूवल सेल को कहते हैं, जिसमें 12 कैदियों के रहने की जगह होती है.

जेल में राम रहीम को दो काले कंबल और बिछाने के लिए बिस्तर दिया गया है. साथ ही दो नंबरदार दिए गए हैं. 24 अगस्त को जेल पहुंचने के बाद बाबा ने 25 और 26 अगस्त को कुछ नहीं खाया. इसके बाद वह खाना खाने लगा है. खाने में मिनरल वाटर की बोतल और फल वह अपने कैदी वाले खाते से ले रहा है. हालांकि वह बहुत कम बात करता है. बाबा को उसके सेल से बाहर नहीं निकाला जा रहा है. और न ही किसी औऱ को उसके सेल के आस पास जाने दिया जा रहा है. यहां पर केवल गिने चुने स्टॉफ मेंबर को ही जाने की इजाजत है.

जेल के बाहर अब भी सुरक्षा घेरा बना हुआ है. पहले यहां जेल के तीन किलोमीटर तक सुरक्षा घेरा था, जिसे अब एक किलोमीटर कर दिया गया है. यहां से आगे जाने से पहले हर किसी से कड़ी पूछताछ की जा रही है.

इससे पहले 24 अगस्त को जेल पहुंचने के बाद राम रहीम जेल के अंदर चिल्लाता रहता था कि मैं की कित्ता-साड्डा की कसूर.

ब्लू व्हेल ने ली एक और जान, सुसाइड नोट में लिखा-‘कभी इससे निकल नहीं सकते’

0

मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै में एक 19-वर्षीय छात्र ने बुधवार शाम को पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है, और पुलिस का कहना है कि यह कदम मोबाइल गेम ‘ब्लू व्हेल चैलेंज’ से जुड़ा हुआ है.

पुलिस को विग्नेश के बाएं हाथ पर उकेरी गई व्हेल मछली की तस्वीर भी मिली है, जिसके नीचे ‘Blue Whale’ लिखा भी हुआ है. एक पुलिसकर्मी ने बताया कि उसके कमरे से एक सुसाइड लेटर भी मिला है. इसमें लिखा है, ‘ब्लू व्हेल कोई खेल नहीं बल्कि खतरा है और एक बार इसमें घुसने के बाद आप कभी इससे निकल नहीं सकते.’

तमिलनाडु में ब्लू व्हेल गेम से यह पहली मौत है. पुलिस ने बताया कि मृतक बीकॉम सैकंड ईयर का छात्र था. बुधवार सुबह उसके पिता ने उसे फंदे से लटकता हुआ पाया.

केंद्र सरकार ने ब्लू व्‍हेल गेम को बैन कर दिया था. केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गूगल, फेसबुक, वॉट्सऐप, याहू इंडिया, इंस्‍टाग्राम और माइक्रोसॉफ्ट को ब्‍लू व्‍हेल से जुड़े लिंक्स को हटाने को कहा है. साथ ही इस तरह के गेम से जुड़ा मामला सामने आने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने को भी कहा है.

देश के कई हिस्सों से ब्लू व्हेल गेम के चलते मौतों के मामले सामने आए हैं. इस गेम के आखिर में मौत ही विकल्‍प होता है. बच्‍चे इसके ज्‍यादा शिकार बन रहे हैं. बताया जाता है कि इस गेम की शुरूआत रूस से हुई. 22 साल के फिलिप बुडेकिन नाम के शख्स ने इसे बनाया. फिलिप वर्तमान में तीन साल के लिए जेल में हैं.

मोदी केबिनेट में फिर होगा बदलाव, 6 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन रवाना होने वाले हैं. यह सम्मेलन 3 से 5 सितंबर के तक होगा. इससे पहले वो अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे. इस विस्तार के चलते जहां राजीव प्रताप रूडी, फग्गन सिंह कुलस्ते और उमा भारती समेत 6 मंत्रियों के इस्तीफे मांग लिए गए हैं वहीं इनकी जगह नए लोगों को जगह दी जा सकती है. कैबिनेट मंत्रियों ने गुरुवार रात अपने इस्तीफे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सौंपे हैं.

जिन लोगों ने इस्तीफा दे दिया है उनमें जल संसाधन मंत्री उमा भारती, कलराज मिश्र, महेंद्रनाथ पांडेय, कौशल विकास और राजीव प्रताप रुडी, संजीव बालियान और फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल हैं. रेल मंत्री सुरेश प्रभु पहले ही इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं.

उम्मीद की जा रही है कि मोदी मंत्रिमंडल में उन राज्यों नए चेहरों को जगह मिल सकती है जहां आने वाले वक्त में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसके अलावा मोदी मंत्रिमंडल के फेरबदल में मिशन 2019 का असर भी नजर आ सकता है. ऐसे में साफ है कि कैबिनेट में बड़ा बदलाव अगले 2 दिनों के भीतर ही होने जा रहा है.

इन सारे बदलावों के बीच माना जा रहा है कि आने वाले कुछ ही दिनों में होने वाला कैबिनेट बदलाव साल 2019 के आम चुनावों से पहले का आखिरी बड़ा बदलाव होगा. सरकार का आखिरी साल तो चुनावी तैयारियों में ही बीतता है. यानी नए विभाग संभालने वाले मंत्रियों के पास अपना काम दिखाने के लिए एक साल से भी कम का वक्त होगा.

इस्तीफे के बाद राजीव प्रताप रुडी ने कहा, ‘पार्टी का निर्णय हुआ कि आप अपना इस्तीफा दें, ये बिल्कुल सामान्य है. सरकार में काम करने का मौका मिला, आगे भी पार्टी में काम करने का मौका मिले बस इसी अभियान के साथ चलते हैं. ये सरकार और प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार होता है. इस में कोई तर्क नहीं होता.’

गुरुवार को अरुण जेटली, नरेंद्र तोमर समेत कई वरिष्ठ मंत्रियों ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात भी की है. वैसे तो इस बैठक को गुजरात चुनाव की तैयारियों के लिए बुलाया गया था लेकिन इस दौरान केंद्रीय कैबिनेट पर चर्चा की बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता.

वित्त और रक्षा मंत्री जेटली ने भी बड़े फेरबदल के साफ संकेत दिए हैं. एक कार्यक्रम में आए जेटली ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि अब ज्यादा दिन उन्हें 2-2 मंत्रालयों का भार संभालना होगा.

आप हमेशा हमारे कप्तान रहेंगे: कोहली

0

कोलंबो। भारत ने चौथे वनडे में श्रीलंका को 168 रनों से रौंद डाला. विराट कोहली (131) और रोहित शर्मा (104) के शतकों से 5 विकेट पर 375 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका की पारी 42.4 ओवरों में 207 रनों पर सिमट गई. भारत ने अब पांच मैचों की सीरीज में 4-0 की बढ़त बना ली है. इस हार के साथ ही श्रीलंका का 2019 विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करना थोड़ा मुश्किल हो गया.

गुरुवार को खेले गए सीरीज का चौथा वनडे महेंद्र सिंह धोनी का 300वां वनडे मैच था. गुरुवार को मैच शुरू होने से पहले धोनी को भारतीय टीम ने चांदी से बना बल्ला भेंट किया. इस दौरान कप्तान विराट कोहली ने भावुक अंदाज में धोनी से कहा, “आप हमेशा हमारे कप्तान रहेंगे. हम में से 90 प्रतिशत खिलाड़ियों ने अपना करियर आपकी कप्तानी में शुरू किया. आपको यह स्मृति चिह्न देना सम्मान की बात है और आप हमेशा हमारे कप्तान रहोगे.’

धोनी 300 वनडे मैच खेलने वाले छठे भारतीय हैं. इससे पहले सचिन तेंडुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और युवराज सिंह यह मुकाम हासिल कर चुके हैं.

बलात्कारी बाबा की बेटी के खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी, लगा देशद्रोह का आरोप

0

नई दिल्ली। गुरमीत राम रहीम को कोर्ट से भगाने के मामले में पुलिस ने हनीप्रीत के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है. हनीप्रीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी है. डेरा प्रमुख को दोषी करार देने के बाद राम रहीम के गनमैन उसे कोर्ट से भगाकर लेकर जाना चाहते थे.

इस पूरे मामले की साजिश हनीप्रीत ने रची थी, जिसके चलते पुलिस ने हनीप्रीत के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर दिया है. वहीं हनीप्रीत के विदेश भागने की आशंका के चलते पुलिस ने उसके और डेरे के प्रवक्ता के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है, ताकि वे कहीं विदेश ना भाग जाए .

25 अगस्त को डेरा प्रमुख राम रहीम को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने साध्वियों से यौन शोषण मामले में दोषी ठहराया था. सूत्रों की मानें तो दोषी ठहराए जाने के बाद राम रहीम को भगाने का प्लान तैयार किया गया था. हरियाणा पुलिस और सेना की मुस्तैदी से उनके प्लान पर पानी फिर गया.

रेप के दोषी गुरमीत राम रहीम को 20 साल की सजा हो गई है, लेकिन उनके साथ साये की तरह रहने वाली हनीप्रीत गायब है. वह राम रहीम की गोद ली हुई बेटी है. पहले इनका नाम प्रियंका तनेजा था बाद में वह हनीप्रीत बन गईं. वह राम रहीम के साथ कई फिल्मों में काम कर चुकी है. वह उसी हेलीकॉप्टर में सवार थीं, जिसमें राम रहीम को पंचकूला कोर्ट तक लाया गया था. डेरा सच्चा सौदा में हनीप्रीत की सबसे ज्यादा चलती है इसलिए उन्हें डेरा की अगली उत्तराधिकारी के तौर पर भी देखा जा रहा था.

हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली हनीप्रीत और विश्वास गुप्ता की शादी राम रहीम ने ही कराई थी. हालांकि दोनों की शादी ज्यादा दिन नहीं चल सकी. कुछ समय बाद उसने राम रहीम से शिकायत की कि उसके ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं. इसके बाद राम रहीम ने साल 2009 में उसे गोद ले लिया था. हालांकि राम रहीम पहले से ही तीन बच्चों का बायलॉजिकल पिता है, जिनमें दो बेटियां अमनप्रीत, चमनप्रीत और बेटा जसमीत इंसा शामिल हैं.

बेनजीर हत्याकांड में दो पुलिसवालों को 17 साल की सजा, मुशर्रफ भगोड़ा घोषित

0

इस्लामाबाद। बेनजीर भुट्टो हत्‍या मामले पर आतंक निरोधी अदालत की ओर से गुरुवार को फैसला सुनाया गया जिसमें दो को कैद और पांच आरोपियों को बरी कर दिया गया. साथ ही परवेज मुशर्रफ को फरार घोषित कर दिया गया है.

पाकिस्तान में दो बार प्रधानमंत्री रहीं बेनजीर भुट्टो की 27 दिसंबर 2007 को रावलपिंडी के लियाकत बाग में एक चुनावी रैली के दौरान हत्या कर दी गई थी. हत्या के तत्काल बाद मामला दर्ज किया गया था जिसकी सुनवाई बुधवार को रावलपिंडी में खत्म हुई. सुनवाई के दौरान कई उतार-चढ़ाव आए. हत्या के समय बेनजीर की उम्र 54 साल थी. आतंकवाद विरोधी अदालत के न्यायाधीश असगर खान ने गुरुवार को इस मामले में फैसला सुनाया. अदालत में रावलपिंडी के पूर्व सीपीओ सउद अजीत और रावल टाउन के पूर्व पुलिस अधीक्षक खुर्म शहजाद मौजूद थे.

अजीज और शहजाद को 17 साल जेल की सजा सुनाई गई. अदालत ने उन्हें पांच-पांच लाख रुपये का जुर्माना अदा करने का भी निर्देश दिया. अदालत ने पांच अन्य आरोपियों को बरी कर दिया और मुशर्रफ को भगोड़ा घोषित किया. उनकी संपत्ति जब्त करने का भी आदेश दिया गया है. जब बेनजीर की हत्या की गई थी तब परवेज मुशर्रफ पाकिस्तान के राष्ट्रपति थे और वह भी बेनजीर मामले में एक आरोपी थे.

पांचों संदिग्धों के खिलाफ मुख्य सुनवाई जनवरी 2008 में शुरू हुई जबकि मुशर्फ, अजीज तथा शहजाद के खिलाफ सुनवाई फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की नयी जांच के बाद 2009 में शुरू की गई. इस अवधि में आठ अलग- अलग न्यायाधीशों ने मामले की सुनवाई की जिन्हें विभिन्न कारणों से बदला भी गया.

आदित्य की हत्या में पूर्व जदयू एमएलसी का बेटा रॉकी यादव दोषी करार

पटना। गया के आदित्य सचदेवा हत्याकांड (गया रोडरेज केस) में फैसला आ गया है. बिहार के गया में 16 महीने पहले हुए आदित्य मर्डर केस में कोर्ट ने जदयू की निलंबित एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव समेत तीन को दोषी ठहराया है.कोर्ट अब 6 सितंबर को रॉकी समेत तीनों दोषियों की सजा का एलान करेगा.

रॉकी ने 7 मई 2016 को सड़क पर गाड़ी को साइड ना देने के चलते हुए विवाद में रॉकी यादव ने आदित्य सचदेवा को गोली मार दी थी. आदित्य के साथ उसके चार दोस्त भी कार में सवार थे. लैंड रोवर पर सवार रॉकी और उसकी मां मनोरमा देवी के बॉडीगार्ड राजेश कुमार ने उन्हें रोका और पहले मारपीट की. जब आदित्य और उसके दोस्त भागने लगे तो फायरिंग की गई. गोली आदित्य के सिर में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

मृतक आदित्य सचदेवा महज 19 साल का था. 12वीं में पढ़ने वाला आदित्य कार की पिछले सीट पर बैठा था. आदित्य के पिता एक कारोबारी हैं. गोली उसके सिर में लगी थी.

इस मामले में रॉकी यादव के साथ घटना के वक्त मौजूद टेनी यादव और एमएलसी के बॉडीगार्ड राजेश कुमार को जेल भेजा गया था. फिलहाल टेनी यादव और राजेश कुमार बाहर है और रॉकी यादव अभी भी जेल में है.

आपको बता दें कि रॉकी यादव नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप भी जीत चुका है. उसे घातक हथियार रखने का शौक था और इनकी तस्वीरें भी वो फेसबुक पर डालता रहता था. रॉकी इटली में बनी .380 बोर की बरेटा पिस्टल अपने पास रखता था.

रॉकी दिल्ली में पढ़ाई और फायरिंग क्लब में प्रैक्टिस साथ-साथ करता था. वह 2010 से नेशनल राइफल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया का सदस्य था. 2014 में आयोजित 57 वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में विजेता बनने के बाद रॉकी को सात हथियार रखने की अनुमति मिल गई थी.