ऑड-ईवन के दौरान डीटीसी-क्लस्टर बसों में मुफ्त होगा सफर
नई दिल्ली। पिछले एक हफ्ते से स्मॉग और प्रदूषित हवा झेल रहे दिल्ली वालों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए दिल्ली सरकार ने आदेश दिया है कि ऑड-इवन के दौरान डीटीसी और क्लस्टर बसों में यात्री फ्री में सफर कर सकेंगे. दिल्ली में 13 नवंबर से 17 नवंबर तक ऑड-इवन का तीसरा फेज लागू किया जा रहा है.
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इस बात की जानकारी देते हुए ट्वीट किया और लिखा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए और ऑड-इवन के दौरान दिल्ली में सभी डीटीसी और क्लस्टर बसों में सफर करने वाले यात्रियों से कोई भी किराया नहीं लिया जाएगा. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने परिवहन मंत्री के इस फैसले का स्वागत किया है.
To encourage use of public transport during Odd- Even, Delhi govt to allow free travel for commuters in all DTC and Cluster buses from 13-17 November.
— Kailash Gahlot (@kgahlot) November 10, 2017
इस प्रक्रिया के लिए डीटीसी प्राइवेट ठेकेदारों से 500 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी करने जा रही है. साथ ही दिल्ली मेट्रो ने भी 20 रूट पर 100 नई फीडर बसें चलाने का भरोसा दिया है. डीटीसी के पास करीब चार हजार बसें हैं जबकि 1,600 क्लस्टर बसें हैं. बहरहाल, AAP के सत्ता में आने के बाद डीटीसी कोई नई बस नहीं खरीद सकी है.
प्रद्युम्न मर्डर केस में एक और छात्र की गिरफ्तारी संभव

नई दिल्ली। प्रद्युम्न हत्याकांड अब एक नया मोड़ आया है. आरोपी छात्र ने गुरुवार को एक बार फिर से प्रद्युम्न की हत्या करने का जुर्म कबूल किया है. 11वीं के छात्र को भी सीबीआई ने पिता के साथ चार बार पूछताछ के लिए बुलाया था. पांचवी बार में उसे गिरफ्तार किया था. मंगलवार रात गिरफ्तार 11 वीं के छात्र को बुधवार को ही सीबीआई ने किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया था. बोर्ड ने उसे तीन दिन की रिमांड पर सौंपा है.
इस हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई आरोपी छात्र को शुक्रवार सुबह हेडक्वार्टर लेकर पहुंची. खबर है कि आज जांच एजेंसी आरोपी छात्र को स्कूल ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएट करवाएगी ताकि पता लग सके कि आखिरकार 8 सितंबर को प्रद्युम्न की हत्या के दौरान हुआ क्या था.
इस मामले में एक और छात्र का नाम सामने आ रहा है. माना जा रहा है कि जांच एजेंसी सोहना के रहने वाले इस छात्र को गिरफ्तार कर सकती है. गुरुवार शाम सीबीआई की एक टीम सोहना पहुंची और छात्र के घर की लोकेशन देखी. जल्दी ही इस छात्र से भी पूछताछ हो सकती है. दरअसल रेयान स्कूल के माली ने बताया था कि उसे दो लड़कों ने आकर बताया था कि एक बच्चा टॉयलेट में घायल पड़ा है. वहीं सीबीआई की टीम कल सोहना में आरोपी छात्र को अनाज मंडी के उस दुकान पर लेकर गई जहां से उसने हत्या में इस्तेमाल चाकू खरीदा था.
सीबीआई ने आज दुकानदार से पूछताछ की लेकिन वो आरोपी छात्र को पहचान नहीं पाया. इस मामले में अभी तक सीबीआई ने किसी को भी क्लीन चिट नहीं दी है. आरोपी छात्र के कुछ और दोस्तों से भी पूछताछ हो सकती है. सीबीआई को शक है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने कुछ और दोस्तों को भी जानकारी दी थी.
JNU में बिरयानी बनाने पर छात्रों पर जुर्माना
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में चार छात्रों को प्रशासनिक भवन के पास बिरयानी पकाना महंगा पड़ गया है. जेएनयू प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में छात्रों पर छह से दस हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया है. जेएनयू चीफ प्रॉक्टर कौशल कुमार की ओर से छात्रों को नोटिस जारी किया गया है. जुर्माना चुकाने के लिए छात्रों को दस दिन का समय दिया गया है.
आदेश के अनुसार, प्रॉक्टोरियल जांच में छात्रों का प्रशासनिक ब्लॉक के पास बिरयानी पकाने और खाने का दोषी पाया गया है. ऐसे में इसे गंभीर मामला मानते हुए कड़ी कार्रवाई की गई है. आदेश में उन्हें ऐसे कार्यों में शामिल नहीं होने की चेतावनी भी दी गई है. यदि छात्र जुर्माना नहीं चुकाते तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जिन पर जुर्माना लगाया गया है उनमें जेएनयू छात्रसंघ की महासचिव शत्रुपा चक्रवर्ती शामिल हैं, जिनपर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. छात्रों का दावा है कि प्रशासनिक ब्लॉक के पास कई साल से ऐसा हो रहा है. इसके बावजूद उनपर इस तरह का जुर्माना लगाया गया है.
मामला 27 जून का है. उस समय तत्कालीन छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित पांडे, सत्रुपा चक्रवर्ती अन्य छात्रों के साथ कुलपति दफ्तर में उनसे कुछ मुद्दों पर बात करने गए थे. छात्रों ने दावा किया कि कुलपति जगदेश कुमार ने बार-बार अनुरोध करने पर भी उनसे मिलने से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं उन्होंने अगले दिन का भी अप्वाइंटमेंट देने से इनकार कर दिया.
इसके विरोध में छात्रसंघ अध्यक्ष और छात्रसंघ के दूसरे सदस्यों ने निर्णय लिया कि वे पूरी रात प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर ही कैम्प करेंगे. इस प्रदर्शन में कुछ अन्य छात्र भी शामिल हो गए. इस दौरान सभी ने वहीं पर रात के खाने में बिरयानी बनाया और खाया.
विकास के लिए शिक्षा का लक्ष्य तय करना अहम
बीकानेर। श्री मक्खन जोशी वेलफेयर सोसायटी और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला के मुख्य वक्ता न्यास के राष्ट्रीय सचिव अतुल भाई कोठारी ने कहा, शिक्षा का मुख्य उद्देश्य व्यक्तित्व एवं समाज का निर्माण होना चाहिए. उन्होंने कहा, आजादी के 70 वर्ष बाद भी हम शिक्षा का लक्ष्य तय नहीं कर पाए हैं. जब तक लक्ष्य तय नहीं होगा देश का विकास संभव नहीं मुख्य अतिथि एमजीएस यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.भगीरथ सिंह ने कहा अच्छी शिक्षा और वातावरण होते हुए भी चरित्र निर्माण में सफल नहीं हो पा रहे हैं हम. उन्होंने कहा, इस प्रकार की संगोष्ठी निश्चित रूप से विद्यार्थी और समाज के लिए उपयोगी साबित होगी.
अध्यक्षीय उद्बोधन में महापौर नारायण चौपड़ा ने शिक्षा के साथ राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की महती आवश्यकता बताई. कॉलेज प्राचार्य डाॅ. उमाकान्त गुप्त ने व्यक्तित्व विकास की बात कही. डाॅ.अनिला पुरोहित ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन निश्चित रूप से समाजोत्थान एवं व्यक्तित्व विकास में सहायक हो रही है. कार्यशाला में सोसायटी के सचिव अविनाश जोशी, डाॅ.चंद्रशेखर कच्छावा, स्वामी सुबोध गिरी जी महाराज आदि ने विचार रखे. द्वितीय सत्र में दैनिक जीवन में व्यक्तित्व विकास के प्रयोग विषय पर चर्चा हुई.
तृतीय समानांतर में तकनीकी शिक्षा में नैतिकता पर गौरव बिस्सा, डा. देवाराम गोदारा और वैदिक गणित में एन.के.सोनी,डाॅ. शशिकांत वर्मा ने भी अपने पत्र प्रस्तुत किए. कार्यक्रम में डॉ.बेला भनोत, सुनील रामपुरिया, डॉ.प्रकाश अमरावत,डॉ.नंदिता सिंघवी, डॉ.इंद्रा बिश्नोई, डॉ.राजेंद्र आदि शामिल हुए.
साभार: दैनिक भास्करबिना राष्ट्रगान आरंभ हुआ T-20 मैच
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 7 नवंबर को तिरूवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल ग्राउंड में केरल क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) ने पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित किया था. पूरे दिन लगातार बारिश की वजह से मैच के ओवरों में कटौती कर दी गई और 8-8 ओवरों का मुकाबला कराया गया. नियमों के मुताबिक खेल शुरू होने से पहले दोनों टीमों को अपने-अपने राष्ट्रगान के लिए खड़ा होना चाहिए. हालांकि, उस मुकाबले से पहले नेशनल एंथम नहीं हुआ और टॉस के बाद ही मैच शुरू कर दिया गया.
केसीए के सचिव जयेश जॉर्ज ने इसे अपनी गलती मानी है. उन्होंने डेक्कन क्रॉनिकल से कहा, ‘हां, यह हमारी तरफ से गलती हुई. हम सभी मैदान पर थे और बारिश के बाद मैच शुरू कराने की जल्दी में थे. हम राष्ट्रगान करना भूल गए. यह हमारी तरफ से एक गंभीर चूक है और मैं देश से माफी मांगता हूं. ऐसा फिर कभी नहीं होगा.’ उल्लेखनीय है कि तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने जीत से शुरुआत की. उसने वर्षा बाधित मैच में न्यूजीलैंड पर 6 रनों से रोमांचक जीत हासिल की. भारत के खिलाफ अजेय चल रहे कीवियों ने पहली बार टी-20 सीरीज में हार मिली.
इससे पहले यहां के यूनिवर्सिटी स्टेडियम (तब त्रिवेंद्रम) में दो वनडे मैच खेले गए थे. इनमें से आखिरी वनडे 25 जनवरी 1988 को खेला गया था. इसके साथ ही ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम देश का 50वां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच स्थल बन गया. भारत का पहला मैच स्थल मुंबई का जिमखाना ग्राउंड था, जहां भारतीय टीम ने 15 से 18 दिसंबर 1933 के बीच टेस्ट मैच खेला था.
भाजपा के विरोध के बीच कांग्रेस मना रही है टीपू सुल्तान की जयंती
बेंगलुरू। 18वीं सदी में मैसूर के शासक रहे टीपू सुल्तान की आज जयंती है. कर्नाटक में कांग्रेस इसे भारी सुरक्षा बीच मना रही है. लेकिन भाजपा टीपू सुल्तान की जयंती का विरोध कर रही है. कार्यक्रम के विरोध में मदिकेरी में राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों पर पत्थबाजी की गई. कोडागू में इसी को ध्यान में रखते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है.
राज्य भर में इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 11 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली सरकार पिछले तीन सालों से मैसूर के शासक रहे टीपू को स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सम्मानित कर रही है जबकि कोडावा समुदाय, भाजपा और कुछ दक्षिणपंथी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं. उनके मुताबिक, टीपू धार्मिक आधार पर कट्टर था. जबरन उसने लोगों का धर्म परिवर्तन कराकर इस्लाम कबूल करवाया था.
Stones thrown at a Karnataka State Road Transport Corporation bus in Madikeri, during protest against Tipu Jayanti celebrations pic.twitter.com/SgZQ9iD9wH
— ANI (@ANI) November 10, 2017
विपक्षियों के विरोध के बाद भी कांग्रेस ने टीपू सुल्जतान की जयंती मनाने का फैसला किया. जिसके चलते उसे विरोध का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस के निर्देश के मुताबिक, सरकारी कार्यक्रम में होने वाले जुलूस को छोड़कर किसी और को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी. बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर टी.सुनील कुमार ने बताया कि कर्नाटक राज्य पुलिस की 30 टुकड़ियां और 25 सशस्त्र दल के साथ पुलिसकर्मी और बाकी अधिकारी शहर में तैनात किए गए हैं.
अब नहीं लगाने पड़ेंगे बैंकों के चक्कर, जानिए कैसे
बैंक शाखाओं में घंटों बरबाद करने से निजात देने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों को निर्देश जारी किया है. सभी बैंकों को 31 दिसंबर तक इस निर्देश का पालन करना होगा. आरबीआई ने बैंकों को निर्देश भेजा है कि अक्षम लोगों को घर पर ही बैंकिंग सेवाएं दी जाएं. केंद्रीय बैंक ने यह निर्देश 70 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखकर भेजा है.
वरिष्ठ नागरिकों के अलावा बैंकों को उन लोगों को भी घर पर बैंकिंग सेवाएं देनी होंगी, जो शारीरिक रूप से अक्षम हैं. इसके अलावा दृष्टिबाधित लोगों को भी यह सुविधा देनी होगी. आरबीआई ने साफ कहा है कि इन लोगों को उनके दरवाजे पर ही लेनदेन से जुड़े सभी काम के लिए सेवा दी जाए. समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक घर पर इन लोगों को जो अहम सुविधाएं देनी जरूरी होंगी. इसमें इन्हें नगदी पहुंचाना, चेक बुक और डिमांड ड्राफ्ट घर पर पहुंचाने समेत अन्य सेवाएं शामिल होंगी.
केंद्रीय बैंकों ने बैंकों को इन लोगों की केवाईसी जरूरत का हर काम और इससे संबंधित दस्तावेज व जीवन प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज घर जाकर ही देने के लिए कहा है. आरबीआई ने कहा कि कई बार यह देखने में आया है कि बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों और शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को उनकी जरूरत के मुताबिक सेवा नहीं मिल पाती है. इसकी वजह से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. 
आरबीआई ने बैंकों को कहा है कि वे इस आदेश को 31 दिसंबर, 2017 तक शब्द और भावना के अनुरूप क्रियान्वित कर लें. इसके साथ ही कहा है कि हर बैंक को अपनी वेबसाइट और शाखा पर इन सुविधाओं का ब्यौरा भी उपलब्ध कराना होगा. केंद्रीय बैंक के इस निर्देश से बुजुर्गों और शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को काफी ज्यादा राहत मिलेगी और वे आसानी से अपने लेनदेन के काम निपटा पाएंगे.
घर के बाहर सो रही दलित महिला से गैंगरेप
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर से एक दलित महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. जहां घर के बाहर सो रही एक महिला के साथ 3 युवकों ने अंधेरे का फायदा उठाकर रेप किया और मौके से फरार हो गए. गैंगरेप की ये वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
पीड़िता ने इस मामले में 3 लोगों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है. पुलिस को शक है कि शायद महिला के साथ गैंगरेप करने वाले आरोपी उसे पहले से जानते थे. पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने पति के साथ किसी रिश्तेदार के यहां शादी में गई हुई थी. शादी से लौटने के बाद देर रात वह घर के बाहर ही चारपाई पर सो गए.
रात में ठंड लगने की वजह से पति घर के अंदर चला गया और महिला बाहर ही सोती रह गई. इसी दौरान 3 लोग आए और महिला का मुंह दबाकर बारी-बारी से रेप किया. वारदात के बाद रात में ही पीड़िता ने पुलिस थाने में अपने साथ हुए गैंगरेप का मामला दर्ज कराया. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जब वारदात की जगह के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो हैरान रह गए.
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि 3 युवक रात में बाइक से आए और महिला के साथ गैंगरेप कर निकल गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है. फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
दिल्ली-एनसीआर वाले हो रहे हैं नपुंसक
नई दिल्ली। प्रदूषण सिर्फ सांस और फेफड़े की बीमारी ही नहीं बढ़ा रहा है बल्कि यह कई स्तरों पर लोगों की जिंदगी को तबाह करने लगा है. बढ़ता प्रदूषण पुरुषों को नपुंसक और औरतों को बांझ बना रहा है. इस भयंकर प्रदूषण की वजह से पुरुषों में लगातार स्पर्म की संख्या कम हो रही है. स्थिति कितनी भयंकर है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले एक साल में 5000 पुरुष अपने फर्टिलिटी का इलाज कराने डॉक्टर के पास पहुंचे हैं.
शोध के मुताबिक 10 साल पहले दिल्ली में पुरुषों में 60 से 80 मिलियन तक स्पर्म काउंट होता था जो अब घट कर 20 से 35 मिलियन तक रह गया है. सामान्य तौर पर पुरुषों में 50 मिलियन स्पर्म काउंट होना चाहिए. इनफर्टिलिटी स्पेशलिस्ट डॉ. अरविंद वैद के मुताबिक प्रदूषण के संपर्क में आने से शरीर तनाव महसूस करता है. इससे स्पर्म पर भी सीधा असर पड़ता है. वैद के मुताबिक दिल्ली में हर महीने 500 मरीज फर्टिलिटी से जुड़ी समस्या के लिए आ रहे हैं.
गौरतलब है कि स्पर्म मोर्टेलिटी रेट औसतन 40-50 प्रतिशत माना जाता है. दिल्ली में यह 20 प्रतिशत पाया गया. उनमें स्पर्म की गतिशीलता में 15 से 20 प्रतिशत तक की कमी पाई जा रही है. स्पर्म के आकार और गतिशीलता पर असर पड़ने से पुरुषों में ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस अचानक बढ़ जाता है और डीएनए भी डैमेज होने लगता है, जिसससे उनकी फर्टिलिटी पर काफी बुरा असर पड़ता है. दिल्ली में 13 से 17 तक ऑड-ईवन
नई दिल्ली। प्रदूषण पर ब्रेक लगाने के लिए दिल्ली सरकार ने एक बार फिर से ऑड-ईवन शुरू करने का फैसला किया है. यह 13 नवंबर से 17 नवंबर तक लागू किया गया है. इस बार भी ‘खास’ लोगों को इससे छूट मिली है. यह नियम सिर्फ आम आदमी और उसके वाहनों पर लागू होगा, वीआईपी गाड़ियों को इससे अलग रखा गया है. दिल्ली में वीआईपी गाड़ियों की संख्या 5 हजार है.
इस बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि यह प्रतिबंध दूसरे राज्य के नंबरों वाली कारों पर भी लागू होगी. नियम का उल्लंघन करने वालों पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. नियम सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक लागू होंगे. पहले दिन यह नियम ऑड नंबर यानि विषम संख्या (1,3,5,7,9) से शुरू होने वाली गाड़ियों पर लागू होगा. हालांकि राजनीति इस पर भी हावी है. सस्ती लोकप्रियता बटोरने के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी और दिल्ली सरकार के मंत्रियों पर इस प्रतिबंध को लागू रखा है.
पिछली बार की तरह ही सीएनजी कारों, मेडिकल इमरजेंस और टू-व्हीलर को इससे छूट है. उन महिलाओं को भी छूट दी गई है, जिनके साथ 12 साल तक का बच्चा बैठा हो. गौरतलब है कि पिछली बार 1 से 15 जनवरी,, 2016 के बीच लागू ऑड-ईवन के समय 7 प्रतिशत तक प्रदूषण कम हुआ था. चंद्रशेखर के समर्थन में राजधानी लखनऊ में भूख हड़ताल शुरू

लखनऊ। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर रावण पर बढ़ते पुलिसिया दबाव का विरोध शुरू हो गया है. चंद्रशेखर को जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों को उम्मीद थी कि वो बाहर आ जाएंगे लेकिन रासुका लगने के बाद समर्थकों का धैर्य टूटने लगा है.
रासुका के विरोध में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अब यूपी की राजधानी लखनऊ में भूख हड़ताल शुरू कर दी है. समर्थकों ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है, साथ ही यह भी कहा है कि बीजेपी सरकार को डर है कि पंचायत चुनाव के बीच अगर चंद्रशेखर बाहर आएंगे तो सहारनपुर में वो दलितों को बीजेपी के खिलाफ गोलबंद कर सकते हैं, जहां दलित आबादी 33 फीसदी है. धरने पर बैठी एक समर्थक नागमती ने कहा कि जब तक चंद्रशेखर, प्रधान और सोनू पर से रासुका नहीं हटेगी, तब तक हम भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे. ना हम खाएं और ना पानी पीएंगे. यहीं प्राण त्याग देंगे.
गौरतलब है कि चंद्रशेखर को हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने उन पर रासुका लगा कर उन्हें जेल में तामील करा दिया ताकि वो बाहर ना आने पाए. चंद्रशेखर के ऊपर कानून-व्यवस्था, लोक-व्यवस्था छिन्न-भिन्न करने का आरोप है.
राजस्थान पुलिस में करें अप्लाई, ये है प्रोसेस

राजस्थान पुलिस ने 5 हजार से ज्यादा कांस्टेबल के पदों पर वैकेंसी के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है. ये वैकेंसी 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए निकली है. आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 नवंबर, 2017 तय की गई है. जो उम्मीदवार आवेदन करना चाहते हैं वह ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं.
उम्मीदवार ऐसे करें आवेदन
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट www.police.rajasthan.gov.in पर लॉग ऑन करें.
पहले छोड़ा घर फिर मांगी भीख, अब बनीं देश की पहली ट्रांसजेंडर जज
2. भर्ती पर जाएं
3. ‘राजस्थान पुलिस भर्ती वेब पोर्टल लिंक’ पर क्लिक करें. 4. सभी डिटेल्स भरें और फॉर्म जमा करें.
ये शख्स लाखों दृष्टिहीनों को दिखाता है जीने की राह…
5. भविष्य के उपयोग के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट लें.
बतादें उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. वहीं जनरल उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये फीस और ओबीसी 300 रुपये फीस है. उम्मीदवार ऑनलाइन फीस भरते हैं तो उन्हें 26 रुपये अधिक देने होंगे. परीक्षा के लिए उम्मीदवार एडमिट कार्ड 25 नवंबर, 2017 को आवेदन कर सकते हैं.
गुजरात के मुख्यमंत्री की कंपनी ने किया हेर-फेर, लगा 15 लाख का जुर्माना
अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले गुजरात के सीएम विजय रूपाणी को बड़ा झटका लगा है. सेबी ने विजय रूपाणी की हिंदू अविभाजित परिवार पर 15 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है. रूपाणी की कंपनी पर सारंग केमिकल्स की कंपनी के साथ व्यापार में हेर-फेर का आरोप लगा है. सेबी ने विजय रूपाणी की कंपनी सहित कुल 22 कंपनियों पर जुर्माना लगा है. सेबी के मुताबिक जनवरी 2011 से लेकर जून 2011 के बीच विजय रूपाणी की कंपनी ने हेर-फेर किया है. विजय रूपाणी को ये जुर्माना 45 दिनों में देना होगा.
सेबी ने नोटिस में लिखा है कि इन कंपनियों ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए एक-दूसरे के शेयरों का व्यापार किया. सेबी ने 22 कंपनियों पर कुल 6.9 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है. जिनमें से एक विजय रूपाणी की कंपनी है. मई 2016 में सेबी ने एक नोटिस जारी कर कहा था कि ये 22 कंपनियों ने सेबी के एक्ट का उल्लघंन किया है.
सेबी का कहना है कि जुर्माने की राशि उल्लंघन के अनुरूप ही है. इन 22 नामों में दो ब्रोकर हैं. जिनके जरिये कारोबार किया गया था. उन दोनों से 8-8 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा. कथित हेरफेर भरे सौदे जनवरी, 2011 से जून, 2011 के बीच किए गए थे. सेबी के इस नोटिस के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा है. राहुल ने ट्वीट कर लिखा है ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा की कहानी शाह-जादा, शौर्य और अब विजय रूपाणी’.
स्मॉग से बचने के लिए ये उपाय करें
नई दिल्ली। अगर आप मुंह को रुमाल से बांधकर, मास्क और एयर प्यूरीफायर पहन कर यह सोच रहे हैं कि आप दिल्ली के प्रदूषण से महफूज हो गए हैं तो जरा रुकिए, ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा है. ये उपाय किसी काम के नहीं हैं. आपको यह जानकर हैरानी होगी कि मास्क और एयर प्यूरीफायर कितना प्रभावी है, इसको जानने के लिए अभी तक कोई स्टडी तक नहीं हुई है. ऐसे में इस भयंकर प्रदूषण से बचने का केवल एक ही उपाय है कि आप अपने घर में रहिए. यह कहना है एम्स के निदेशक और जाने-माने पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. रणदीप गुलेरिया का.
इसके अलावा कुछ और बाते हैं, जिनका ध्यान रखना जरूरी है-
– इस दौरान रूम स्प्रे और बॉडी डियो का इस्तेमाल न करें।
– खाने में तरल चीजें जरूर शामिल करें.
– स्मॉग से गले का इन्फेक्शन बढ़ रहा है. महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से मिले.
– गर्भवती महिलाओं का ध्यान रखें, उन्हें प्री मेच्योर लेबरपेन हो सकता है।
– प्रदूषण से स्किन रैशेज की समस्या बढ़ जाती है. इसका कारण हवा में मौजूद कैमिकल्स हैं. इसलिए ध्यान रखें और फुल स्लीव के कपड़े पहनें.
– बचाव का एक और उपाय है. आप विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट युक्त चीजें खाने में जरूर शामिल करें. यह आपको इस जानलेवा प्रदूषण से बचने में मदद करेंगे. पाकिस्तान में हुआ सड़क हादसा, 27 की मौत और 69 घायल
लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक बड़ा बस हादसा हुआ है. यहां एक यात्री बस पहाड़ से गिर गई. जिसमें सवार 27 लोगों की मौत हो गई और 69 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं.
यह बस कोहट से रायविंड जा रही थी और उसमें 100 से अधिक यात्री सवार थे. यह घटना कल रात (8 नवंबर) कल्लर कहार नगर में हुई. सदर पुलिस थाने के प्रभारी मुहम्मद अफजल ने बताया कि यात्री, सालाना आयोजित होने वाली धार्मिक सभा में शामिल होने के लिए रायविंड जा रहे थे. खबर के मुताबिक 13 घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें रावलपिंडी ले जाया गया जबकि कई घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
बस को इस्लामाबाद-लाहौर मोटरवे के रास्ते रायविंड जाना था, लेकिन इसके ड्राइवर ने दूसरा मार्ग लिया. अफजल ने बताया कि धुंध के कारण मोटर-वे को रात 10 बजे के बाद बंद कर दिया जाता है और निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों को ले जाने वाली बसों पर जुर्माना लगाया जाता है. इसी कारण से चालक ने ग्रांड ट्रंक रोड से जाने का विकल्प चुना. उन्होंने बताया कि चालक इस इलाके से परिचित नहीं था और वह तेज गति से बस चला रहा था. एक ढलान से गुजरने के दौरान बस घाटी में गिर गई.
पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने मृतकों के प्रति शोक जताया है और अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट मांगी है. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना में घायल हुए लोगों को फौरन चिकित्सकीय इलाज और राहत मुहैया कराने का आदेश दिया है.

