टीम इंडिया का 3-1 से सीरीज पर कब्जा, कोहली ने जड़ा शतक

0

जमैका। वेस्टीइंडीज के खिलाफ जमैका में खेले गए आखिरी मैच में कप्तान विराट कोहली ने शानदार शतक जड़ा. टीम इंडिया ने विंडीज को आठ विकेट करारी मात दी. वेस्टइंडीज टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 205 रन बनाए. जवाब में भारत ने 79 गेंद शेष रहते महज दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. इसके साथ ही भारत ने वेस्टइंडीज में खेली गई वनडे सीरीज में मेजबान टीम को 3-1 से मात दे दी. पांच मैचों की सीरीज का एक मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सकता था.

इस मैच में विराट कोहली ने शानदार पारी खेलते हुए अपने वनडे करियर का 28वां शतक जमाया. इस पारी में कोहली ने 115 गेंदों का सामना किया और 111 रन बनाए. कोहली के बल्ले से 12 चौके और 02 शानदार छक्के भी निकले. टीम इंडिया के कप्तान को उनकी इस पारी के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया. कोहली ने इस पारी में पहले रहाणे के साथ मिलकर 79 रन की साझेदारी की और उसके बाद कार्तिक के साथ मिलकर सौ से ज्यादा रन जोड़े. इससे पहले भारतीय पारी के पहले ही ओवर में जोसफ ने धवन (04) को आउट कर भारत को पहला झटका दे दिया. इविन लुईस ने धवन का कैच पकड़ा.

वेस्टइंडीज की तरफ से शाई होप ने सबसे ज्यादा 51 रन की ,पारी खेली तो वहीं कप्तान होल्डन ने भी तेज़-तर्रार 36 रन बनाए. भारत की तरफ से मोहम्मद शमी ने चार, उमेश यादव ने तीन तो वहीं पांड्या और जाधन ने एक-एक विकेट लिए 34 गेंदों में 36 रन बनाकर वेस्टइंडीज़ के कप्तान जेसन होल्डर मोहम्मद शमी की गेंद पर शिखर धवन को अपना कैच थमा बैठे. 51 रन बनाकर शाई होप मोहम्मद शमी की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में रहाणे को कैच दे कर पवेलियन लौट गए. इस मैच के बाद भारत की आईसीसी रैंकिग में भी सुधार आने के पूरे चांस हैं.

क्रिकेट के विवाद में दलितों पर हमला

representative image

मेरठ। क्रिकेट के विवाद में दो गुट आमने-सामने आ गए. जमकर हुए पथराव और फायरिंग में एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने दलित पक्ष की तहरीर पर दूसरे पक्ष के 8 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है. सभी आरोपी फरार हैं. मामला थाना सरधना क्षेत्र के पोहल्ली गांव का है.

चार दिन पहले क्रिकेट खेलने के दौरान मुस्लिम व दलित युवकों के बीच विवाद हो गया था. हालांकि दोनों पक्षों के बीच बैठक के बाद समझौता हो गया था. आरोप है कि बुधवार रात आठ बजे मुस्लिम पक्ष के लोगों ने पंचायत करने के बाद दलितों के घरों पर पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद धारदार हथियारों से हमला किया गया. गांव के प्रधान पति नूरालम पर आरोप है कि उसने देसी तमंचे से कई राउंड फायर किए. हमले में अंकेश, प्रवेश, ललित पत्नी सौराज व अन्य घायल हो गए. फायरिंग के दौरान गोली लगने से बंटी व नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए.

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा फोर्स लेकर पहुंचे और घायलों को सीएचसी पहुंचाया. दलित पक्ष ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि मुस्लिम पक्ष उन्हें गांव से भगाना चाहता है. वहीं, मुस्लिम पक्ष के लोगों ने दलित पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया. नवभारत टाइम्स के मुताबिक इंस्पेक्टर सरधना मनोज मिश्र ने बताया कि टीटू की तहरीर पर गांव के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई है, वे सभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

तृप्ति देसाई ने दिखाया जातीय अहम

महाराष्ट्र। सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई गंभीर विवादों में फंस गयी हैं. इन्होनें महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर और हाजी अली दरगाह में महिलाओं को प्रवेश दिलाया था. पर अब उन पर दलित सामाजिक कार्यकर्ता का उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है. तृप्ति देसाई और उनके पति पर एक दलित कार्यकर्ता ने लूटपाट, मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. जिसमें पुणे की हिंजवाड़ी पुलिस ने तृप्ति समेत 6 लोगों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.

हिंजवाड़ी पुलिस ने बताया की 27 जून की सुबह विजय मकासरे नाम का व्यक्ति अपनी कार से कहीं जाने के लिए निकला था. इसी दौरान तृप्ति देसाई, उनके पति प्रशांत देसाई, सतीश देसाई समेत 6 लोगों ने विजय की कार का रास्ता रोका और डंडे और रॉड से उसकी पिटाई करना शुरू कर दी. पुलिस को दी शिकायत में विजय ने बताया कि प्रशांत देसाई ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और उनके पास रखे 27 हजार रुपये भी लूट लिए.

पीड़ित विजय ने बताया की तृप्ति ने अपने पद भूमाता ब्रिगेड अध्यक्ष की धमकी देते हुए कि तुम मुझे जानते नहीं हो, अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो वह उसे झूठे मुकदमे में फंसा देगी. साथ ही तृप्ति ने विजय पर जातिसूचक टिप्पणी भी की. केस दर्ज होने के बाद तृप्ति देसाई ने इन आरोपों का खंडन किया. उन्होंने सभी आरोपों को झूठा करार देते हुए इसे अपने खिलाफ साजिश बताया. पुलिस ने तृप्ति, उनके पति प्रशांत देसाई समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

 

नवविवाहित जोड़ों को कॉन्डोम और गर्भनिरोधक गोलियां देगी यूपी सरकार

Representative Image

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के नवविवाहितों को शगुन किट देने की तैयारी कर रही है. इस शगुन किट की खास बात यह रहेगी कि इसमें कंडोम और गर्भनिरोधक दिए जाएंगे. राज्य सरकार ऐसा परिवार नियोजन का संदेश देने के लिए करने जा रही है. इस योजना को विश्व जनसंख्या दिवस यानी कि 11 जुलाई को ‘मिशन परिवार विकास’ के तहत लॉन्च किया जाएगा.

खबरों के अनुसार यह शगुन किट नवदंपति को उनके आसपास रहने वाली आशा कार्यकर्ताओं द्वारा दिया जाएगा. किट में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जोड़े को परिवार नियोजन की खासियत के बारे में बताया जाएगा. साथ ही उन्हें इस बारे में भी जानकारी दी जाएगी कि दो बच्चों के बीच कितने समय का अंतर रखा जाना चाहिए.

मिशन परिवार विकास के प्रोजेक्ट मैनेजर अवनीश सक्सेना ने कहा, ‘इस प्रोजेक्ट का मकसद नवविवाहित जोड़ों को शादीशुदा जीवन की जिम्मेदारियों के बारे में बताना है. कंडोम, गर्भनिरोधक गोलियों के अलावा इसमें रुमाल, नेल कटर, कंघी और शीशा भी होगा.’ अवनीश सक्सेना के अनुसार परिवार नियोजन से जुड़ी जरूरी जानकारी सरल भाषा में इस किट में उपलब्ध होगी.

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के यूपी के निदेशक आलोक कुमार ने बताया कि कुछ दंपति होते हैं जो पढ़-लिख नहीं सकते, उनका भी ध्यान रखा गया है. उन्होंने बताया, ‘यह किट दंपति को आशा कार्यकर्ताओं द्वारा दी जाएगी. कार्यकर्ताएं उन्हें किट सौंपते वक्त इसकी पूरी जानकारी उन्हें देंगी. जो लोग पढ़ नहीं पाते उनके सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान आशा कार्यकर्ताएं करेंगी.

‘जब हैरी मेट सेजल’ का तीसरा पोस्टर रिलीज़

मुंबई। शाहरुख़ खान और अनुष्का शर्मा की फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ के दो पोस्टर रिलीज हो चुके हैं यह फिल्म लगातार चर्चाओं में बनी बनी हुई है. दोनों की जोड़ी तीसरी बार बड़े पर्दे पर साथ नज़र आने वाली है.

शाहरुख, अनुष्का और इम्तियाज़ अली द्वारा रिलीज किये गए गीत ‘बीच बीच मे’ के जरिये दर्शकों को शाहरुख और अनुष्का का एक अनदेखा रूप देखने मिला. फ़िल्म के इस गाने में शाहरुख और अनुष्का एक क्लब में जश्न मनाते हुए नज़र आ रहे है. इस गीत में आगे कई ऐसे उदाहरणों को प्रदर्शित किया गया है जब हैरी की सेजल से मुलाक़ात हुई थी. गीत के अंत में शाहरुख और अनुष्का दोनों ही चश्मा पहनकर पोज़ करते हुए नज़र आये.

हैरी और सेजल के पात्रों को हर एक नए मिनी ट्रेलर के साथ दर्शकों द्वारा आपार प्रेम प्राप्त हो रहा है. ‘राधा’ और ‘बीच बीच मे’ ने पहले से ही दर्शकों के बीच अपनी एक अटूट जगह बना ली है. ‘जब हैरी मेट सेजल’ की कहानी एक पंजाबी गाइड और गुजराती लड़की के आसपास घूमती हुई नज़र आएगी. ‘जब हैरी मेट सेजल’ इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित है. फिल्म 4 अगस्त 2017 को रिलीज होगी.

 

 

पत्थरबाजों पर पैलेट गन नहीं बदबूदार कैप्सूल से वार करेगी सेना

stone

नई दिल्ली। इत्र की खूशबू के लिए मशहूर कन्नौज अब जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजों को लगाम लगाने के लिए घाटी में दुर्गंध फैलाने जा रहा है. घाटी के पत्थरबाजों को निगाह में रखते हुए कन्नौज स्थित फ्रैग्नैंस एंड फ्लेवर डेवलपमेंट सेंटर (एफएफडीसी) के वैज्ञानिकों ने एक नया दुर्गंध युक्त कैप्सूल विकसित किया है. एफएफडीसी के प्रिंसिपल डायरेक्टर शक्ति विनय शुक्ला ने कहा कि इस कैप्सूल को टीयर गन्स से फायर किए जाने के साथ धुआं उठेगा, जिसकी गंध को बर्दाश्त करना संभव नहीं होगा.

हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) और रक्षा मंत्रालय की आवश्यक मंजूरी और स्वीकृति के बाद इसे आर्मी को सौंपा जाएगा. दिलचस्प ये है कि इस कैप्सूल की गंध ही असहनीय है और व्यक्ति के स्वास्थ्य पर इसका कोई असर नहीं होता है.

बता दें कि मौजूदा समय में पत्थरबाजों को रोकने के लिए सुरक्षा बल पैलेट गन का उपयोग कर रहे हैं. हालांकि इसके चलते सैकड़ों लोगों की आंखों को नुकसान पहुंचा है और इसका उपयोग विवाद का विषय रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि यह घातक हथियार नहीं है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि पैलेट गन से घायल लोग हमेशा के लिए अपंग हो जाते हैं.

शुक्ला ने कहा कि दुर्गंध फैलाने वाले केमिकल को एक छोटे कैप्सूल में रखा जाएगा. इन कैप्सूल को टीयर गन्स के जरिए फायर किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि ग्लावियर की डिफेंस लैब्रोरेट्री में जल्द ही इसका ट्रायल किया जाएगा.

ट्रायल सफल होने के बाद भारतीय सेना इसका उपयोग कर सकती है. हालांकि माइक्रो मीडियम और स्मॉल इंडस्ट्रीज राज्य मंत्री गिरिराज सिंह को इस बारे में पहले ही बता दिया गया है. ये गिरिराज सिंह की ही पहल है कि रक्षा मंत्रालय ने इसके ट्रायल को मंजूरी दी है.

 

भारत के खिलाफ टी-20 मैच के लिए क्रिस गेल की वापसी

0
किंग्सटन: वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल की भारत के खिलाफ रविवार को होने वाले एकमात्र टी-20 मैच के लिए वेस्टइंडीज टीम में वापसी हो रही है. गेल को खराब फॉर्म से जूझ रहे लेंडल सिमंस की जगह 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. विंडीज टीम में गेल की लगभग एक साल बाद वापसी हुई है. उन्होंने आखिरी बार अपने देश के लिए टी-20 मैच पिछले साल भारत की मेजबानी में हुए टी-20 विश्व कप में ईडन गार्डेंस में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल खेला था. गेल टी-20 प्रारूप में वेस्टइंडीज के सबसे सफल क्रिकेटर हैं. उन्होंने 35.32 की औसत से दो शतक सहित 1519 रन कूटे हैं. गेल पहली बार अपने घरेलू मैदान सबीना पार्क में कोई अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेलेंगे. इसके अलावा टेस्ट और वनडे में टीम की अगुआई करने वाले ऑलराउंडर जेसन होल्डर को एक बार फिर टी-20 में आराम दिया गया है और कप्तानी कालरेस ब्रेथवेट करेंगे. क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य चयनकर्ता कार्टनी ब्राउन ने कहा की हम गेल का टी-20 टीम में स्वागत करते हैं. वह इस प्रारूप के सबसे धाकड़ बल्लेबाज हैं और उनके आने से हमारे शीर्ष क्रम को मजबूती मिलेगी. उनके पास मजबूत भारत के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर मैच खेलने का मौका है और अपनी पुरानी फार्म को वापस करने का भी मौका है.

फिल्मों के महाकुंभ में सिनेप्रेमियों का जमावाड़ा

नई दिल्ली. दिल्ली के सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम में पिछले पांच दिनों से जारी 8वां जागरण फिल्म फेस्टिवल बुधवार को समापन हो गया, अंतिम दिन फेस्टिवल के दिल्ली चैप्टर का समापन अभिनेता ओमपुरी को श्रद्धांजलि और उनकी आखिरी फिल्म मि. कबाड़ी की स्क्रीनिंग के साथ खत्म हुआ.

उनको श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी पूर्व पत्नी सीमा कपूर, अभिनेत्री सारिका, अभिनेता विनय पाठक समेत दिल्ली के प्रबुद्ध नागरिक मौजूद थे. ओमपुरी को श्रद्धासुमन अर्पित करते वक्त सबकी आंखें नम थीं. सीमा कपूर ने भर्राए गले से ओमपुरी को याद किया तो अभिनेता विनय पाठक ने कहा कि जब मन भारी हो, हृदय द्रवित हो तो कुछ भी कह पाना मुमकिन नहीं होता है. विनय के मुताबिक, ओम के निधन के बाद ऐसा लग रहा है कि सिर्फ कला जगत को नहीं बल्कि पूरे देश को क्षति हुई है. सारिका ने ओमपुरी को याद करते हुए उनके साथ किए फिल्मों को याद किया. जेएफएफ के आखिरी दिन बुधवार को सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम में तिल रखने की जगह नहीं थी. अपने प्राण त्यागने के लिए काशी पहुंचे 77 साल के बुजुर्ग को केंद्र में रखकर बनाई गई फिल्म ‘मुक्ति भवन’ को देखने के लिए भारी भीड़ जुटी थी .

 हॉल भर जाने के बाद कई लोगों ने करीब ढाई घंटे तक जमीन पर बैठकर इस फिल्म को देखा. राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म ‘मुक्ति भवन’ को देखने के लिए हर वर्ग के लोगों में खास जोश और उत्साह था. जब इस फिल्म के मुख्य अभिनेता ललित बहल हॉल में पहुंचे तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

शनिवार से आरंभ हुए इस फेस्टिवल में हर दिन सितारों का मेला लगा था. अभिनेता ऋषि कपूर, मनोज बाजपेयी दिव्या दत्ता, टिस्का चोपड़ा, तनिष्ठा चटर्जी, स्वरा भास्कर, अस्मिता शर्मा, जैसी बॉलीवुड से जुड़ी हस्तियों ने शिरकत की थी. दर्शकों से इन सितारों को मिलने और बातचीत का अवसर भी मिला था, औसतन यह फिल्म फेस्टिवल सफल रहा.

 

सात साल में भी नहीं पहुंचे तथागत बुद्ध के अस्थि अवशेष

Monasteries

वैशाली। आज से लगभग सात साल पहले वर्ष 2010 में पटना हाइकोर्ट ने बिहार सरकार को आदेश दिया था कि वह ‘विदिन ए इयर’ वैशाली में एक संग्रहालय बनवा कर वहां बुद्ध की उन अस्थि अवशेषों को वापस वैशाली में रखे, जहां से उसे सुरक्षा के कारणों से पटना संग्रहालय में रखा गया है. मगर अब तक वैशाली में संग्रहालय और बुद्धिस्ट सेंटर के लिए जमीन ही अर्जित की जा सकी है.

अब वैशाली के बुद्धिजीवी और वहां की जनता पूछ रही है कि क्या विदिन ए इयर का मतलब यही होता है? जो सरकार पटना में बुद्ध स्मृति पार्क सिर्फ चार साल में तैयार करवा सकती है, उसे हाइकोर्ट के निर्देश के बाद भी वैशाली में संग्रहालय और बुद्धिस्ट सेंटर बनवाने में इतना वक्त क्यों लग रहा है. इसको लेकर पटना हाइकोर्ट में इसी वर्ष मार्च में एक अवमानना का मुकदमा भी दायर किया गया है. वैशालीगढ़ स्थित रेलिका स्तूप साइट पर आज भी वह जगह खाली नजर आती है, जहां से 1958 में खुदाई के दौरान अति दुर्लभ बुद्ध के अस्थि अवशेष मिले थे. ये वो अस्थि अवशेष हैं,

जिन्हें बुद्ध के अंतिम संस्कार के बाद आठ जनपदों के बीच बांटा गया था. इनमें से कुछ ही जगहों पर ये अस्थि अवशेष मिले हैं. ऐसे में इन अवशेषों का महत्व बढ़ जाता है. जानकार बताते हैं कि ये अवशेष 1972 तक वैशाली में ही थे, मगर बाद में सुरक्षा कारणों से इसे पटना संग्रहालय में ले जाकर रखा गया. इस बीच कई बार ये खबरें पुष्ट और अपुष्ट स्रोतों से सामने आयीं कि इन्हें या तो नालंदा या पटना में बनने वाले बुद्ध स्मृति पार्क में रखा जायेगा.

हाइकोर्ट में याचिका करने वाले डॉ रामनरेश राय कहते हैं, अब राज्य में महागठबंधन की सरकार है, फिर भी काम में अपेक्षित गति नहीं नजर आ रही है. 2006 से वैशाली वासी सिर्फ नेताओं के वादे सुन रहे हैं. इस परियोजना में जमीन देने वाले किसानों में भी आक्रोश है. वे भू-अर्जन पदाधिकारी पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं. किसान मजदूर संघर्ष मोरचा के प्रदेश उपाध्यक्ष हरेंद्र राय कहते हैं कि एक ही तरह की जमीन के अलग-अलग मुआवजे तय किये गये हैं. नब्बे फीसदी किसानों ने मुआवजे को लेकर आपत्ति दर्ज करायी है. ऐसे में इन आपत्तियों का समाधान किये बगैर अगर काम शुरू हुआ तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे.

सात साल में केवल जमीन का हुआ अधिग्रहण इन्हीं मसलों को लेकर एक स्थानीय व्याख्याता डॉ रामनरेश राय की अगुआई में कुछ प्रबुद्ध लोगों ने 2008 में पटना हाइकोर्ट में जनहित याचिका दायर की. इस पर फैसला सुनाते हुए सात दिसंबर 2010 को हाइकोर्ट ने कहा कि सरकार विदाउट एनी डिले, प्रिफरेबली विदिन ए इयर वहां संग्रहालय और बुद्धिस्ट सेंटर की स्थापना करे. मगर अब तक वहां इस काम के लिए सिर्फ 76 एकड़ जमीन का अधिग्रहण हो सका है. अभी इसके सीमांकन और चहारदीवारी का काम शुरू होना है. इस अभियान से शुरुआत से जुड़े पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह कहते हैं, क्या कहा जाये, सरकार की ढिलाई है. ऐसे ही काम हो रहा है. फिलहाल 432 करोड़ की राशि चुका कर भूमि अर्जन का काम हाल ही में संपन्न हुआ है. अब 154 करोड़ की लागत से यहां आइआइटी की निगरानी में बुद्धिस्ट सेंटर बनेगा. गौरतलब है कि यहां बौद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय, मेडिटेशन सेंटर, अस्थि कलश भवन आदि का निर्माण होना है. रघुवंश प्रसाद सिंह काफी वर्षों से वैशाली को बुद्धिस्ट सेंटर के रूप में विकसित करने के अभियान से जुड़े हैं. 2007 में इस मसले को लेकर उनके और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के अगुवाई में केसरिया से पटना तक पदयात्रा निकाली गयी थी, जिसमें खास तौर पर अस्थि अवशेषों को वैशाली लाने की मांग रखी गयी थी.

अंबेडकर यूनिवर्सिटी के तीन विषयों में सौ फीसद कटऑफ

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने अंबेडकर विश्वविद्यालय के तीन विषयों में सौ फीसदी कटऑफ जारी किया है. दिल्ली से बाहर के सामान्य वर्ग के उन छात्रों के लिए सौ फीसद कटऑफ है, जिन्होंने 12वीं में कॉमर्स की पढ़ाई की है और बीए ऑनर्स हिस्ट्री, बीए ऑनर्स साइकोलॉजी और बीए ऑनर्स सोशियोलॉजी में दाखिला लेना चाहते हैं. सोशियोलॉजी में 12वीं में साइंस स्ट्रीम के लिए भी 100 फीसद कटऑफ है. साइकालोजी में साइंस स्ट्रीम के लिए कटऑफ 99.5 फीसदी है.

दिल्ली सरकार के विश्वविद्यालयों (आइपीयू, डीटीयू और अंबेडकर विश्वविद्यालय) में दिल्ली के विद्यार्थियों के लिए 85 फीसदी सीटें आरक्षित रहती हैं. बीए ऑनर्स इकोनामिक्स में दिल्ली के छात्रों के लिए सामान्य वर्ग आर्ट स्ट्रीम में 88.75 फीसदी और दिल्ली से बाहर के विद्यार्थियों के लिए 92.25 फीसद कटऑफ है.

अंग्रेजी, गणित में वहीं छात्र दाखिला ले सकते हैं, जिनके अंक 12वीं में इन विषयों में 65 फीसदी या उससे अधिक हों. अंबेडकर विश्वविद्यालय एक ही विषय में आर्ट, कॉमर्स और साइंस स्ट्रीम के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग कटऑफ निकालता है. गत वर्ष पांच विषयों में दिल्ली से बाहर के छात्रों के लिए 100 फीसदी कटऑफ था. इन विश्वविद्यालयों का कटऑफ मुख्यत अधिक ही रहता है.

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष उतारेगा साझा उम्मीदवार

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे ही विपक्षी दलों की भागदौड भी तेज हो गयी है. इस चुनाव के लिए विपक्ष एक साझा उम्मीदवार उतारने की तैयारी में लगा है. विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने बताया कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए विपक्ष एक साझा उम्मीदवार देगा. इसके लिए गैर एनडीए दलों की बैठक दिल्ली में 11 जुलाई को होगी. आजाद ने कहा कि इसमें सभी विपक्षी दलों को बुलाया गया है जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हैं. आजाद ने कहा की पिछली बार राष्ट्रपति पद के चुनाव में नीतीश कुमार ने NDA उम्मीदवार का समर्थन करने का फैसला किया था. चूकि इस बार मीरा कुमार का नाम बाद में सामने आया इसीलिए इस बार हमने पहले ही बैठक बुलाई है. उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार नीतीश कुमार विपक्ष के साथ होंगे और इस बार जो उम्मीदवार चुना जाएगा, वह आम सहमति पर होगा. कांग्रेस इस पर बिल्कुल जोर नहीं देगी कि, उम्मीदवार कांग्रेस का हो. अगर किसी और नाम पर सहमति बनती है तो कांग्रेस पूरी तरह से उस उम्मीदवार का समर्थन करेगी जिसके लिए फैसला संपूर्ण विपक्ष के ऊपर होगा.  

अंधविश्वासः कर्नाटक में महिलाएं तोड़ रहीं हैं अपना मंगलसूत्र

Representative image

बेंगलुरु। कर्नाटक में एक ऐसी अफवाह उड़ी कि कर्नाटक की शादीशुदा महिलाओं की नींद उड़ गई, उन्हें अपने पतियों पर मौत का खतरा मंडराता महसूस होने लगा. मंगलवार रात को एक मेसेज धड़ाधड़ फैलने लगा कि मंगलसूत्र के मोती बुधवार को उनके पतियों के दुर्भाग्य का कारण बनेंगे. कुछ ही घंटों में अफवाह और तेजी से फैलने लगी और सुबह होते-होते कई महिलाओं को यकीन हो गया कि मंगलसूत्र के मोती न सिर्फ उनके पतियों के लिए दुर्भाग्य लाएंगे, बल्कि उनकी मौत का कारण भी बन सकते हैं.

राज्य के 6 जिलों और आंध्र प्रदेश के कुछ जिलों में महिलाओं ने मोतियों को पत्थरों से कूच-कूचकर दुर्भाग्य दूर करने की कोशिशें शुरू कर दीं. कई महिलाओं ने मंगलसूत्र पहने रखा लेकिन उसके मोतियों को तोड़ अलग कर दिया, तो कुछ ने मंगलसूत्र ही निकाल दिया. स्थानीय टीवी चैनलों ने दिखाया कि कैसे महिलाएं अपने गले से मंगलसूत्र निकालकर उसके मोतियों को अलग किया. कोप्पल, चित्रदुर्ग, बेल्लारी, देवनागरी और रायचुर जिलों में फैली इस अफवाह से हड़कंप-सा मच गया था.

हालात नियंत्रण से बाहर होते देख राज्य सरकार के महिला व बाल कल्याण विभाग ने एक नोटिस जारी कर महिलाओं ने अपील की कि वे अफवाहों पर यकीन न करें. विभाग ने सभी जिलों के डीसीपी से हालात पर नियंत्रण स्थापित करने और लोगों को जागरूक किए जाने की अपील की. अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया.

बुद्धिजीवियों ने महिलाओं से इस तरह की बातों को नजरअंदाज करने की अपील की. लाल मूंगा मोती मंगलसूत्र के साथ कई शताब्दियों के लिए अपने सजावटी मूल्यों की वजह से जुड़ा हुआ है, “उनमें से एक ने कहा,” लाल मूंगा और किसी के जीवन के बीच कोई संबंध नहीं है.

कसीनो में जुआ खेलते हैं रजनीकांत: सुब्रमण्‍यम स्‍वामी

नई दिल्ली। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्‍यम स्वामी ने सुपरस्टार रजनीकांत की ट्वीटर पर तस्वीर पोस्ट करते हुए एक बार फिर हमला बोला है। स्वामी ने रजनीकांत जो तस्वीर ट्वीट की है उसमें वो कसीनो में बैठे नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के नीचे बीजेपी सांसद ने लिखा है कि अमेरिका के कसीनो में बैठकर रजनीकांत अपनी सेहत सुधार रहे हैं।

सुब्रमण्‍यम स्वामी ने ये भी लिखा है कि सरकार को इस बात की जांच करनी चाहिए कि रजनीकांत के पास इतने पैसे कहां से आ रहे हैं कि वो कसीनो में बैठकर जुआ खेल रहे हैं। बता दें की इससे पहले भी एक टीवी चैनल को दिये इंटरव्यू में स्वामी ने कहा था कि लोगों का ये सुपरस्टार धोखेबाज है, जिसने बहुत सी आर्थिक धोखाधड़ियां की हैं। स्वामी ने रजनीकांत को इस पोस्ट में 420 भी कहा.

फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार रजनीकांत के बारे में खबर आई थी कि वो अमेरिका में हेल्थ चेकअप के लिये गए हैं। इसी बात की चुटकी लेते हुए स्वामी ने उनकी कसीनो की तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा है कि अमेरिका के रजनीकांत 420 कसीनो में बैठकर अपनी सेहत सुधार रहे हैं. स्वामी ने ईडी से कहा है कि वो इस बात की जांच करें कि आखिर उनके पास इतने पैसे आ कहां से रहे हैं कि वे जुआ खेलने में लगे हैं.

       

फर्जी जाति प्रमाण पत्र मिला तो जाएगी डिग्री और नौकरी

fake caste Certificate

नई दिल्ली। फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर डिग्री और नौकरी पाने वालों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर कोई फर्जी प्रमाण पत्र के दम पर डिग्री या नौकरी लेता पाया गया तो उससे यह छीन लिए जाएंगे. साथ ही उन्हें सजा भी दी जाएगी चाहे फिर उसने कितने भी समय नौकरी क्यों ना कर ली हो.

सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश से भी असहमति जताई जिसमें कहा गया था कि अगर किसी ने लंबे समय तक नौकरी कर ली है तो उसे नौकरी से ना निकलते हुए उसे काम करने दिया जाए.

गुरुवार को एक रोजगार संबंधी केस की सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने यह बात कही है. सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो कितने ऊंचे पद पर कार्यरत है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘यहां तक कि अगर किसी व्यक्ति को नकली जाति (दस्तावेज) के आधार पर 20 साल के लिए नौकरी मिल गई है, तो वह नौकरी खो देगा और उसे दंडित भी किया जाएगा.’

इससे पहले बीते महीने केंद्र सरकार ने कहा था कि जाली अनुसूचित या पिछड़ी जाति के प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों की नौकरी खारिज कर दी जाएगी. केंद्र सरकार ने सभी केंद्रीय सरकारी विभागों से संबंधित विभिन्न संगठनों से ऐसी नियुक्तियों के बारे में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं.

चीफ जस्टिस जेएस खेहर और जस्टिस डीवाय चंद्रचूड़ की बेंच ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश से असहमति जताई है. अदालत ने यह आदेश महाराष्ट्र सरकार के अलावा अन्य याचिकाकर्ताओं द्वारा बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए दिया है.

तोंद वाले आईपीएस का प्रमोशन नहीं होगा

0

नई दिल्ली. अब भारत सरकार तोंद वाले आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति की राह मुश्किल करने जा रही है. दरअसल सरकार चाहती है कि सीनियर पुलिस अधिकारी की केंद्र सरकार इन अधिकारियों के प्रमोशन को उनके फिटनेस से जोड़ा जाये.

गृह मंत्रालय ने आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति से पहले एक जरुरी कदम के रूप में उनकी शारीरिक फिटनेस की सिफारिश की है, जिसके बाद यह कदम उठाया गया है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस सिफारिश को शामिल करने के लिए मसौदा सेवा नियमों को अंतिम रूप दिया है. इसने सभी राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों के प्रशासकों से अपनी टिप्प्णी देने को कहा है.

मसौदा नियमों में कहा गया है की विभिन्न पदों पर आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति शारीरिक फिटनेस पर निर्भर होगी. जो समय-समय पर गृह मंत्रालय के द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप हो सकती है. गौरतलब है कि मौजूदा नियमों में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के लिए ऐसा कोई प्रावधान नहीं है. सेवा की आवश्यक अवधि पूरी करने के बाद उन्हें विभिन्न स्तरों और ग्रेड पर पदोन्नति मिलती है पर अब इन नियमों में बदलाव होने जा रहा है.

 

यूपी: जेल में बंद कैदियों से मुलाकात के लिए अब ऑनलाइन बुकिंग

0

लखनऊ। जेल में बंद कैदियों से मुलाकात के लिए परिजनों को बड़ी राहत मिल गयी है. अब उत्तर प्रदेश की जेलों में बंदियों से मुलाकात करने के लिए इन्टरनेट के माध्यम से बुकिंग की जा सकती है. यह कदम सरकार ने आने वालों से उगाही की शिकायत के बाद उठाया है. राज्य सरकार ने इस पर नकेल कसने के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू की है.

अब प्रदेश में कैदियों से मिलने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है. इसकी शुरूआत लखनऊ जिला कारागार से कर दी गई है.जेल में कैदियों से मुलाकातियों को अब सुबह जल्दी जेल पहुंचकर मुलाकाती पर्ची नहीं लगानी पड़ेगी. ऑनलाइन व्यवस्था से मुलाकातियों को घंटों जेल में बिताने और जेल कर्मियों द्वारा उनसे रुपए लेने की समस्या से भी निजात मिल जाएगी.

मुलाकातियों द्वारा मिल रही लगातार शिकायत के बाद ऑनलाइन व्यवस्था का शुभारंभ किया गया है जिससे मुलाकाती पर्ची के नाम पर कोई उगाही न हो सके और उन्हें बेवजह जेल में रुकना न पड़े. लखनऊ जिला कारागार के जेलर सत्यप्रकाश सिंह के मुताबिक, मुलाकात के इच्छुक व्यक्ति को वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यू डॉट यूपीप्रिजन डॉट एनाईसी डॉट इन पर क्लिक करना होगा, जिसके बाद एक पेज खुलेगा. इस पेज के ऊपर स्थित ‘न्यू विजिटर रजिस्ट्रेशन’ ऑप्शन क्लिक कर मुलाकाती पर्ची ले सकते हैं. इससे बंदियो के परिजनों के साथ साथ उनसे मिलने वाले सभी व्यक्तियों को फायदा होगा और पुलिस प्रशासन की सिरदर्दी भी बहुत हद तक कम हो जायेगी.

 

राजस्थान में एयरफोर्स का MI-23 ट्रेनिंग विमान क्रैश

0

राजस्थान। राजस्थान के जोधपुर इलाके में गुरुवार की दोपहर एयरफोर्स का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. हेलीकॉप्टर क्रैश की यह घटना जोधपुर के बालेसर क्षेत्र के गोपालसर गांव की है. सेना का यह हेलीकॉप्टर MS-3472 की आपातकालीन लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ. क्रैश होने से पहले हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत 3 लोग सुरक्षित निकले में कामयाब रहे. आपातकालीन लैंडिंग वाले तीनों लोग बताए जा रहे तीनों लोग सुरक्षित बताए जा रहे है. वहीं हादसे के बाद हैलीकॉप्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गया है.

ग्रामीणों ने बताया की दोपहर को यहां एक खेत में हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था. यहां तेज धमाके के बाद धुआं उठता देखा गया. इसी दौरान 3 लोगों को इमरजेंसी लैंडिंग करते हुए भी देखा गया. इस हादसे में धमाके के बाद हेलीकॉप्टर में आग लग गई थी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक वह पूरी तरह जल कर खाक हो चुका था. हालांकि हेलीकॉप्टर क्रैश की इस घटना की फिलहाल अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है पर इस हादसे में जवान पूरी तरह से सुरक्षित है.

 

गुजरात में बौद्ध धर्म अपनाएंगे 200 दलित

अहमदाबाद: दलितों पर अत्याचार की घटनाऐँ रुकने का नाम नहीं ले रहीं है. गुजरात के अमरेली जिले में दलित समुदाय के एक युवक की दो सप्ताह पहले न्यायिक हिरासत में मौत हो गयी थी. पुलिस पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाते हुए 200 दलितों ने जल्दी ही बौद्ध धर्म अपनाने की धमकी दी है. अमरेली जिले के उप-कारागार में बंद जिग्नेश सौंदरवा (29) की 15 जून को सदर अस्पताल में मौत हो गयी थी. हालांकि अमरेली पुलिस ने जिग्नेश सौंदरवा की हत्या के आरोप में उप-कारागार के चार कैदियों को कल हिरासत में लिया, लेकिन दलित समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ पीड़ित के परिजनों ने जांच को लेकर नाराजगी जाहिर की और धर्म परिवर्तन के लिए फ़ॉर्म लेने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गये.

पुलिस ने बताया कि अमरेली उप-कारागार में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं आने पर सौंदरवा को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसे राजुला तहसील के डुंगर गांव से गुजरात निषेध कानून के तहत गिरफ्तार कर 12 जून को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. सौंदरवा के परिवार ने पहले शव लेने से इनकार करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की थी.

पर युवक के परिजनों और स्थानीय दलित नेताओं ने पुलिस कारवाई पर असंतोष जताते हुए आरोप लगाया कि उसकी मौत पुलिस की पिटाई के कारण हुई है.दलित नेता नवचेतन परमार ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि जेल भेजे जाने से पहले सौंदरवा को तीन-चार दिन तक खूब पीटा गया था. इसका मतलब है कि पुलिस हिरासत के दौरान उसे प्रताड़ित किया गया था.

उनका कहना है, हमारी मांग है कि मामले की जांच सीबीआई करे. इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे परमार का कहना है, सरकार को कड़ा संदेश देने के लिये डुंगर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 200 दलितों ने सनातन धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म अपनाने का फैसला किया है. इनमें से कई लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय से फॉर्म भी ले लिया है. कहा हम आने वाले दिनों में यह फॉर्म जमा करेंगे और जल्दी ही बौद्ध धर्म अपनाएंगे, हिन्दू धर्म में लगातार दलितों पर अत्याचार हो रहे है इससे तंग आकर उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाने का निर्णय लिया है.

रेल टिकट की ऑनलाइन बुकिंग पर नहीं लगेगा सेवा शुल्क

irctc

नई दिल्ली। अगर आप ट्रेन से सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए है और अगर आप ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ले आएगी. सरकार ने ट्रेन टिकट की ऑनलाइन बुकिंग पर सर्विस चार्ज से छूट की सीमा बढ़ाकर सितंबर कर दी है.

अब सितंबर तक ऑनलाइन टिकट बुक कराने पर सेवा शुल्क से छूट मिलती रहेगी. सरकार ने टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए पिछले साल नवंबर में नोटबंदी के बाद सेवा शुल्क हटा दिया था. आईआरसीटीसी के जरिये रेल टिकट बुक कराने पर 20 से 40 रुपये प्रति टिकट का सेवा शुल्क लगता है.

नोटबंदी के बाद 23 नवंबर, 2016 से 31 मार्च, 2017 के बीच टिकट बुक कराने पर सेवा शुल्क से छूट दी गयी थी जिसे बाद में बढ़ाकर 30 जून, 2017 तक कर दिया गया. रेलवे के एक सीनियर अफसर ने कहा कि सरकार ने यात्रियों की सुविधा और डिजिटल ट्रांजैक्शंस को बढ़ावा देने के मकसद से इस छूट का ऐलान किया है. रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब सरकार ने यह समयसीमा इस साल सितंबर के आखिर तक बढ़ा दी.

बस ने कार को टक्कर मारी, महिलाओं-बच्चों सहित 9 की मौत

 

Accident Image

बिजनौर। यूपी के बिजनौर में आज सुबह (छह जुलाई) देहरादून-नैनीताल नेशनल हाइवे-74 पर एक रोडवेज बस और कार की टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार 9 लोगों की मौत हो गई, ज‍िसमें 3 बच्चे, 3 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं. वहीं 2 बच्चों समेत 4 लोग घायल हुए हैं. फिलहाल पुलिस और एडमिनिस्ट्रेशन की टीम मौके पर पहुंच गई है. कहा जा रहा है क‍ि हादसा बस के ड्राइवर को नींद आने की वजह से हुआ है. पुल‍िस और लोगों की मदद से कार सवार लोगों को बाहर न‍िकाला गया.

घटना धामपुर थानाक्षेत्र की है. यहां गढ़मुक्तेश्वर डिपो की बस और इनोवा कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला. हालांक‍ि, तब तक 7 लोग दम तोड़ चुके थे. बाहर निकालने के बाद 2 और लोगों ने दम तोड़ दिया. घायलों को तुरंत धामपुर हॉस्प‍िटल ले जाया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को बिजनौर हॉस्प‍िटल रेफर कर दिया गया. एक बच्चे के होश में आने पर स‍िर्फ इतनी ही जानकारी मिल पाई कि सभी लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं.

एसडीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सुबह जानकारी मिली क‍ि एक इनोवा कार और रोडवेज बस का एक्सीडेंट हो गया है. इसमें कार सवार 9 लोगों की मौत हुई है. घटना के बाद पुल‍िस प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे. घायलों को तुरंत हॉस्प‍िटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.