पटना हाईकोर्ट ने बिहार बोर्ड पर लगाया 5 लाख का जुर्माना

Priyanka Singh

पटना। देशभर की शिक्षाव्यवस्था पर आए दिन सवा उठते रहते हैं. मानव संसाधन मंत्रालय हो या फिर राज्य का शिक्षा विभाग धांधलेबाजी और गड़बड़ियां करता रहता है. इसी क्रम में बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे है. पटना हाईकोर्ट ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार बिहार बोर्ड पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है.

हाईकोर्ट ने यह जुर्माना उनकी एक गलती के लिए लगाया गया है. बिहार बोर्ड ने एक छात्रा प्रियंका सिंह को पास होने के बावजूद भी फेल कर दिया था. इस साल दसवीं की परीक्षा में उसे संस्कृत में चार और विज्ञान में 29 नंबर दिए गए थे. जबकि प्रियंका का कहना था कि उसने पेपर अच्छा दिया है.

जब इस पूरे प्रकरण में दोबारा कॉपियों की जांच की गई तो प्रियंका को फिर से संस्कृत और विज्ञान में फेल कर दिया गया. लेकिन अपनी पढ़ाई पर भरोसा रखने वाली प्रियंका ने पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इस मामले की तह तक पहुंचने का फैसला कर लिया था. जब छात्रा की कॉपी जमा करने के लिए बिहार बोर्ड से कहा गया तो जो कॉपी जमा कराई गई उसमें छात्रा की हैंडराइटिंग मैच नहीं कर रही थी. अदालत ने फटकार लगाते हुए बोर्ड से कहा कि जल्द से जल्द छात्रा की मूल कॉपी जमा कराई जाए.

पकड़े जाने के डर से बोर्ड के अधिकारियों ने गलत बारकोडिंग होने की बात कही लेकिन कोर्ट के सामने जांच हुई तब प्रियंका के संस्कृत में 61 और विज्ञान में 80 नंबर आए जिसके बाद कोर्ट ने बिहार बोर्ड पर 5 लाख का जुर्माना लगा दिया.

अफगानिस्तान की 2 मस्जिदों में आत्मघाती हमला, 72 मरे

0
अफगानिस्तान

काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी और पश्चिमी प्रांत घोर में शुक्रवार को मस्जिदों पर हुए दो आत्मघाती हमलों में करीब 70 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी. सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद इस्माइल कवुसी ने बताया कि एक मस्जिद में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट किया, जिसमें मुख्य रूप से शिया हजारा अल्पसंख्यक मौजूद थे. विस्फोट उस वक्त हुआ जब इमाम जामम मस्जिद के अंदर शाम को लगभग 6.00 बजे सैकड़ों लोग नमाज के लिए इकट्ठा हुए थे. अमेरिका ने इस हमले की निंदा की है.

पुलिस प्रवक्ता बशीर मुजाहिद ने बताया कि जब बम विस्फोट हुआ, तब हमलावर मंडली के बीच खड़ा था. हजारा, एक जातीय समूह को मूल के रूप में मंगोलियाई माना जाता है, यह ज्यादातर शिया इस्लाम के अनुयायी हैं, जो अफगानों के विशाल बहुमत सुन्नी मुसलमान के बाद दूसरी सबसे बड़ी शाखा है.

काबुल में विस्फोट के करीब एक घंटे पहले, एक आत्मघाती हमलावर ने घोर प्रांत के डु-लायना जिले के ख्वाजगन मस्जिद में विस्फोटक किया था. प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता अब्दुल हाई खताबी ने कहा कि हमला एक तालिबान विरोधी आतंकवादी, फजल हयात खान ने किया और उसके आदमी अंदर प्रार्थना कर रहे थे. घोर के पुलिस प्रवक्ता इक्बाल नेजामी के मुताबिक, खान और उसके कई लोग समेत 30 की इस हमले में मौत हो गई.

MNS की फिर गुंडागर्दी, उत्तर भारतीय फेरीवालों को पीटा

Raj thakrey

सांगली। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने दिवाली पर जमकर गुंडागर्दी मचाई. मनसे कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र के सांगली जिले में उत्तर भारतीयों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की. राज ठाकरे की पार्टी मनसे कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र के सांगली में सड़क पर सामान बेचने वाले उत्तर भारतीयों से कहा था कि वो यहां से अपना सामान हटा लें. जब कुछ लोगों ने सामान नहीं हटाया तो मनसे कार्यकर्ताओं ने उनका सामन सड़क पर फेंक दिया और दुकानों में तोड़फोड़ की.

राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना अब गुंडागर्दी पर उतर आई है. एलफिंस्टन स्टेशन पर हुए हादसे के बाद अपनी महासभा ने फेरीवालों के खिलाफ आवाज उठाते हुए शहर के लिए मुसीबत बताया था. सांगली में उत्तर भारतीय लोग बिना इजाजत के अपना व्यापर कर रहे थे. इसी बात से नाराज होकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की है.

राज की ललकार के बाद समूचा रेलवे प्रशासन, रेलवे परिसरों से फेरीवालों को हटाने में जुट गया था और रोज कमाने-खाने वाले फेरीवाले, रेलवे परिसरों के आस-पास धंधा लगाकर परिवार पालने वाले और उन पर आश्रित हजारों लोगों की रोजी-रोटी छीन ली गई थी.

आपको बता दें कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा महाराष्ट्र में पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है.

‘आधार’ ने फिर ली 3 लोगों की जान

0
Aadhar

नई दिल्ली। कर्नाटक के गोकर्णाना गांव में एक दलित परिवार के तीन भाई तीन सप्ताह के अंदर राश्न न मिलने की वजह से मर गए. एक अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इन्हें राशन देने से इनकार कर दिया गया, क्योंकि इनका राशन कार्ड आधार लिंक नहीं थे. इस रिपोर्ट के बाद पास एक एक एनजीओ ने इस मुद्दे को उठाया.

पीपुल्स यूनियन ऑफ सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) नाम के गैर-सरकारी संगठन ने खोज शुरू की तो पता चला कि इस परिवार को आखिरी बार दिसंबर 2006 में सब्सिडी वाले चावल, गेहूं और चीनी प्राप्त हुई थी. साल 2006 के बाद से इन्हें औपचारिक रूप से राशन प्राप्त नहीं हुआ है. रिपोर्ट में कहा गया है कि दुकानदार ने इन्हें मार्च के महीने में मुफ्त सामान दिया था.

नारायण, वेंकटतारम और सुबुबु मारू मुखरी अपनी मां के साथ गांव में रहते थे. स्थानीय कार्यकर्ताओं और अखबार ने दावा किया है कि इन तीनों की मौत राशन की कमी के कारण 2 जुलाई और 13 जुलाई के बीच हुई. हालांकि प्रशासन अधिकारियों ने इस बात का खंडन किया है. अधिकारियों का कहना है कि इनकी मौत शराब के कारण हुई है राशन की कमी के कारण नहीं.

राजस्व विभाग के मुताबिक दलित परिवार की वार्षिक आय 11,000 रुपये है. परिवार में सबसे बड़ी नागमा (मां) हैं, उनके चार पुत्र, पत्नी हैं. नागमा ने इस बात को स्वीकार किया है कि उसके दो बेटे शराब पीते थे हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके परिवार काम ठीक चल रहा था वो हर महीने राशन ले रही थी.

वनइंडिया से साभार

जातिवादी गुंडों ने फूंके महादलितों के 70 घर

0
खगाड़िया, बिहार

पटना। देशभर में एकतरफ जहां दीवाली का जश्न मना रहा था वहीं दूसरी तरफ सुशासन बाबू नीतीश कुमार के राज में महादलितों पर अत्याचार हुआ. बिहार के खगड़िया जिले के छमसिया गांव में जातिवादी गुंडों ने महादलित परिवारों पर हमला कर दिया. इस हमले में जातिवादी गुंडों ने लगभग 70 घरों को आग लगा दी. कई परिवार बेघर हो गए. पीड़ित लोग अपने परिवार के साथ सड़क पर आ गए. लगभग 70 परिवार सड़क पर रहने को विवश हैं.

बताया जाता है कि इस इलाके में जमीन के कब्जे और वर्चस्व को लेकर दो जातियों में पहले से विवाद चला आ रहा था. दीपावाली से एक दिन पहले शाम को जातिवादियों ने महादलित परिवारों को डराने और दहशत फ़ैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया. जातिवादी गुंडों ने महादलितों के लगभग 70 घरों में आग लगा दी. और दहशत फ़ैलाने के लिए कई राउंड गोलियां भी चलाईं.

गांव के ही रहने वाले 50 वर्षीय अर्जुन सदा ने बताया कि घर में जितना समान था जल गया. करीब 50 की संख्या में लोग गोली चलाते हुए आए और एक तरफ से घरों में आग लगाना शुरू किया. इससे घर में रखा सारा समान जल गया. दो बकरियां भी जल गई.

घटना के बाद पीड़ित परिवारों के घर के बच्चे भूख से तड़प रहे हैं. पीड़ित परिवारों के घरों के साथ-साथ खाने-पीने का समान भी जल गए. अन्न का एक भी दाना नहीं बचा है. हालांकि घटना के बाद जिला प्रशासन ने कुछ राहत सामग्री वितरित की है. लेकिन अपना सबकुछ आग में जलता देखकर उनके आंखों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. घटना से पीड़ित परिवार काफी डरे हुए हैं.

खगड़िया एसपी मीनू कुमारी ने कहा कि जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया उनकी पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. साथ ही कड़ी कार्रवाई का भरोसा भी पीड़ित परिवारों को दिया गया है.

मुख्य सचिव ने दिया था आधार न होने पर राशन कार्ड रद्द करने का आदेशः राज्य खाद्य मंत्री

0
Santoshi Kumari

सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले में भूख से तड़पकर 11 साल की बच्ची संतोषी कुमारी की मौत के बाद राज्य सरकार निशाने पर है. आधार कार्ड नहीं होने से परिवार को राशन नहीं मिला. घर में अनाज का एक दाना नहीं था. परिवार के लोग कुछ दिन से भूखे थे. राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने इस मामले में अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि उनके अफसर तो किसी भी निर्देश का पालन ही नहीं करना चाहते.

झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने सीएम के मुख्य सचिव राजबाला वर्मा पर मामले का ठीकरा फोड़ा है. उनके मुताबिक, मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये वैसे लोगों का राशन कार्ड को रद्द करने का निर्देश दिया था, जिनके पास आधार कार्ड नहीं है. सरयू राय के मुताबिक, विभागीय मंत्री होने के बाद भी कई अफसर उनकी बात नहीं सुनते. अफसरों की लापरवाही से एक बच्ची की भूख से जान चली गई.

इस घटना की स्वतंत्र जांच करने वाली फैक्ट-फाइंडिंग टीम का कहना है कि संतोषी के परिवार को 8 महीने से राशन नहीं मिला. राशन देने वाले का कहना है कि परिवार का राशन कार्ड आधार नंबर से जुड़ा नहीं है. इसलिए राशन नहीं दिया गया.

केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि अधिकारियों की टीम तथ्यों की जांच के लिए सिमडेगा ज़िले में भेजी जा रही है. उन्होंने कहा कि ये मामला बेहद गंभीर है और इस मौत के लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी खाद्य सुरक्षा कानून के तहत राशन कार्ड को ‘आधार’ से जोड़ना अनिवार्य नहीं किया गया है. उन्होंने बताया कि खाद्य सचिव से कहा गया है कि वे जल्दी अधिकारियों की एक टीम झारखंड भेजें और इस मामले के तथ्यों की तहकीकात करें.

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि आधार कार्ड नहीं होने से सरकार किसी को राशन के लाभ से वंचित नहीं कर सकती. ऐसे में मुख्य सचिव का ये निर्देश सुप्रीम कोर्ट की आदेश के खिलाफ है.

बता दें कि 11 साल की संतोषी कुमारी ने 8 दिन से खाना नहीं खाया था. 28 सितंबर को उसकी मौत हो गई थी. उसकी मां ने बताया कि दुर्गा पूजा की छुट्टियों के चलते स्कूल बंद हो गया था. इस वजह से संतोषी को मिड डे मील भी नहीं मिल सका. वह भात (चावल) मांगते-मांगते मर गई.

जियो ने पहली बार बढ़ाए टैरिफ प्लान के दाम…

0
jio

मुंबई। रिलायंस जियो ने बुधवार को अपनी वेबसाइट में नए धन धना धन टैरिफ प्लान की घोषणा कर दी. इस नए प्लान के तहत जियो ने अपने टैरिफ रैट में वृद्धि करते हुए 399 के प्लान को 459 का कर दिया है. यह प्लान 19 अक्टूबर से सभी वर्तमान और नए ग्राहकों पर लागू होगा. इसके तहत जो सुविधा 399 के टैरिफ प्लान में मिलती थी अब उसके लिए 459 रुपए देने होंगे. 399 के प्लान में जियो 84 दिनों के लिए प्रतिदिन 1 जीबी 4 जी डेटा देता था, लेकिन अब इस प्लान के लिए 459 रुपए का टैरिफ लेना होगा. वहीं 399 का प्लान भी जारी रहेगा, लेकिन उसमें दिनों की संख्या घटाते हुए 70 दिन कर दी गई है. यानी 70 दिनों में 70 जीबी डेटा मिलेगा. 459 के टैरिफ प्लान में 1 जीबी हाई स्पीड डाटा के साथ असीमित वॉयस कॉल और जियो एप सेवाएं उपलब्ध होंगी.

वहीं, 149 रुपये की योजना के तहत अब प्रत्येक बिलिंग साइकल में 2 जीबी की जगह पर 4 जीबी डेटा मिलेगी. साथ ही मुफ्त वॉयस कॉलिंग और जियो एप्स का एक्सेस भी मिलेगा. ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने वालों के लिए जियो 509 रुपये की योजना लेकर आया है, जिसमें ग्राहकों को 2 जीबी डेटा रोजाना 49 दिनों के लिए मिलेगा. साथ ही अन्य सेवाओं का असीमित एक्सेस मिलेगा.

जिन लोगों को बिना किसी बाधा के हाई स्पीड डेटा एक्सेस चाहिए, उनके लिए जियो लंबी अवधि का नॉन-एफयूपी प्लान्स पेश करता है. 999 की योजना में 3 महीने के लिए 60 जीबी का हाई स्पीड डेटा मिलेगा, वहीं 6 महीने के प्लान 1999 रुपए में 125 जीबी की बाधारहित हाई स्पीड डेटा प्रदान करेगा. सब्सक्राइबर वार्षिक प्लान के लिए 4999 रुपए का विकल्प भी चुन सकते हैं जो 350 जीबी हाई स्पीड डेटा प्लान अवधि के लिए प्रदान करता है. छोटे मूल्य रिचार्ज के लिए, जियो ने बेहद-सस्ते दैनिक और साप्ताहिक पैक पेश किए हैं. इन योजनाओं के अंतर्गत, एक उपयोगकर्ता 19 रुपए में 1 दिन और 52 रुपए में 1 सप्ताह और 98 रुपए में दो सप्ताह के लिए फ्री वॉयस, एसएमएस, असीमित डेटा (0.15 जीबी दैनिक) प्राप्त कर सकता है.

आदिवासी दंपति ने कुछ यूं पेश की प्रकृति प्रेम की अनूठी मिसाल…

0
झारखंड

रांची। झारखंड के आदिवासी जन्मजात प्रकृति प्रेमी होते हैं, साथ ही प्रकृति की पूजा करना उनके संस्कृति में शामिल है. पेड़-पौधे, जल, जंगल जमीन से उनका विशेष लगाव होता है. वैसे बदलते वक़्त के साथ सरकार भी पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का कार्यक्रम चला रही है. इसी के तहत एक नव-विवाहित आदिवासी दंपति ने एक अनोखी पहल की है. इस दंपती ने शादी के रिसेप्शन पार्टी में उन्हें बधाई देने आए सभी लोगों को एक-एक पौधा दिया.

मेहमानों को भेंट किया पौधा अपने प्रकृति प्रेम की अनूठी मिसाल पेश करते हुए रांची के एक नवविवाहित आदिवासी दंपति एरिक विल्सन तिग्गा और आसमानी कुजूर ने रिसेप्शन में आए मेहमानों को न सिर्फ पौधा भेंट किया, बल्कि उनसे यह वादा भी लिया वे इस पौधे को अपने घर-आंगन और आसपास की खाली पड़ी जमीन पर लगाएंगे और उसकी देखभाल भी करेंगे.

नवदंपति की इस पहल की रिसेप्शन में आये सभी मेहमानों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की. नवदंपति के मुताबिक पेड़-पौधे और जंगल से ही प्रकृति बच सकती है. वैसे पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सरकार पौधरोपण को बढ़ावा तो दे रही है, लेकिन बिना जनभागिता के यह संभव नहीं है. ऐसा लोगों में जागरूकता बढ़ा कर किया जा सकता है. इसी उद्देश्य के तहत हमने रिसेप्शन में पौधे बांटने का फैसला लिया.

नवदंपति ने 2000 पौधे बांटे नवदंपति के मुताबिक उन्हें रिसेप्शन में आये मेहमानों के लिए तोहफे देने का विचार मन में आया. काफी मंथन के बाद यह फैसला लिया गया कि मेहमानों को पौधे दिए जाएं. इसके लिए आस-पास के नर्सरियों के अलग-अलग प्रजातियों के 2000 पौधे मंगवाए गए. पौधे बांटने के बाद नवदंपति काफी सुकून महसूस कर रहे हैं.

आजतक से साभार

संगीत सोम साहिब क्या शाहजहाँ हिटलर से भी बुरा था?

संगीत सोम

शाहजहाँ ने जितनी शदीद मोहब्बत से मुमताज़ की याद में ताजमहल बनवाया था आज वो उससे ज़्यादा शदीद नफ़रत का शिकार है. वो दुनिया के सात अजूबों में है. वो युनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज की फेहरिस्त में है. उसे देखने के बाद बिल क्लिंटन ने कहा था कि “आज मुझे अहसास हुआ कि इस दुनिया में दो तरह के लोग हैं. एक वो जिन्होंने ताज देखा है और दूसरे वो जिन्होंने ताज नहीं देखा.” इस दुनिया में ताज से खूबसूरत इमारतें हो सकती हैं, लेकिन उनमें से कोई ताज नहीं है क्योंकि इसकी बुनियाद में एक शहंशाह का दिल रखा है. हिंदोस्तां पे और हिंदोस्तां के दो तिहाई सूबों पर हुकूमत करने वाली बीजेपी के मेरठ ज़िले के एमएलए संगीत सोम ने एक पब्लिक मीटिंग में ऐलान किया कि ताजमहल को इतिहास से निकाल दिया जाना चाहिए. यह देश का दुर्भाग्य है कि उसका नाम इतिहास में है. उसको बनाने वाले शाहजहाँ ने हिंदुओं का सर्वनाश किया था और यह भी कहा कि वो गारंटी देते हैं कि इतिहास फिर से लिखा जाएगा.

ताजमहल के बनने के 350 साल बाद भी उस पर लोगों की राय अलग है. उसे देखने का नज़रिया भी जुदा-जुदा. साहिर लुधियानवी तो अपनी महबूबा से ताजमहल में मिलने से इनकार करते हैं. अपनी मशहूर नज़्म “ताजमहल” में लिखते हैं कि “ताज तेरे लिए इक मज़हर-ए-उलफत ही सही. तुझको इस वादी-ए- रंगीं से अक़ीदत ही सही…मेरी महबूब कहीं और मिलाकर मुझसे….बज्मे शाही में गरीबों का गुज़र क्या मानी.” साहिर कहते हैं, “किसी शहंशाह की महफ़िल में गरीबों का गुज़र कहां है? इसलिए कहीं और मिलो. और वो और तल्खी से कहते हैं कि “अनगिनत लोगों ने दुनिया में मोहब्बत की है. कौन कहता है कि सादिक़ ना थे जज़्बे उनके. लेकिन उनके लिए तशहीर का सामान नहीं…क्योंकि वो लोग भी अपनी ही तरह मुफ़लिस थे.” (दुनिया में तमाम लोगों ने सच्ची मोहब्बत की है…लेकिन उसकी पब्लिसिटी नहीं कर पाए क्योंकि वो भी अपनी तरह गरीब थे.) यही नहीं टैगोर ने ताज को “वक़्त के चेहरे पे आंसू का क़तरा” लिखा… बांग्ला कवि क़ाज़ी नज़रुल इस्लाम को ताज के संग-ए-मरमर से लहू गिरता नज़र आया. शायर नाज़िर ख़य्यामी ने लिखा कि..”ताज इक ठंडी इमारत के सिवा कुछ भी नहीं. ताज इक मुर्दा मोहब्बत के सिवा कुछ भी नहीं…” लेकिन वो इनमें से किसी ने नहीं कहा जो संगीत सोम कह रहे हैं.

अगर संगीत सोम के इस फ़ॉर्मूले को लागू कर दिया जाए कि इतिहास में जो कुछ नापसंद हो उसे मिटा दिया जाए तो पूरी दुनिया मिट जाएगी क्योंकि दुनिया की तारीख में कुछ भी ऐसा नहीं है जिसे नापसंद करने वाले मौजूद ना हों. बक़ौल संगीत सोम “शाहजहाँ ने उत्तर प्रदेश और हिन्दुस्तान के सभी हिंदुओं का सर्वनाश करने का काम किया था.” लेकिन इतिहास में ऐसा कोई सुबूत नहीं मिलता. बावजूद इसके कि कई इतिहासकार शाहजहाँ को अपने पिता और दादा से ज़्यादा रेडिकल मुस्लिम मानते हैं. लेकिन क्या शाहजहाँ ने देश पर अग्रेज़ों से ज़्यादा ज़ुल्म किया? फिर अगर अँग्रेज़ों की नफ़रत में उनकी निशानी मिटाने लगेंगे तब तो पार्लियामेंट हाउस से लेकर प्रेसीडेंट हाउस तक सब मिटाना पड़ेगा. फिर उनकी ज़ुबान कैसे मिटा देंगे जो आपके ज्ञान का सबसे बड़ा ज़रिया है?

और दुनिया की तारीख में शायद हिटलर से बड़ा विलेन कोई हुआ नहीं. जिसने सेकेंड वर्ल्ड वॉर की शुरुआत की. जिसने 1938 से 1943 के बीच यूरोप के 15 देशों पर क़ब्ज़ा कर यहूदियों को चुन-चुन कर मारा. जिसने दुनिया की दो तिहाई यहूदी आबादी को क़त्ल कर दिया और जिसने 1941 में दुनिया के सारे यहूदियों को क़त्ल करने का फरमान सुनाया. लेकिन आज की तारीख में भी कभी नाज़ी यूरोप कहलाने वाले तमाम यूरोपियन देशों में हिटलर के “कनसेंट्रेशन कैंप” और “गैस चेंबर” टूरिस्ट प्लेस हैं, क्योंकि वो इतिहास का हिस्सा हैं. आज जर्मनी भले हिटलर को नापसंद करे लेकिन सेकेंड वर्ल्ड वॉर की भयानक यादों से जुड़ी जगहें जर्मन टूरिज्म डिपार्टमेंट के टूर पैकेज का हिस्सा हैं. संगीत सोम साहिब क्या शाहजहाँ हिटलर से भी बुरा था?

मुझे मालूम नहीं कि संगीत सोम देश के बाहर कहीं गये हैं या नहीं…अगर देश के बाहर ना भी गये हों तो एक बार लखनऊ आकर देखें….जहाँ अभी भी हनुमान जी के सबसे बड़े मंदिर के कलश पर पीतल का “चाँद तारा” बना है क्योंकि उसे अवध के नवाब असफुदौला की मां बहू बेगम ने बनवाया था और अगर लखनऊ न भी आते हों तो अयोध्या तो जाते ही होंगे. इस बार रुक के देख लेंगे रामजन्मभूमि के रास्ते पर पाँच वक़्त के नमाज़ी ज़हूर ख़ान पूजा सामग्री बेचते हैं और यह तो उनको बिल्कुल ही नहीं पता होगा कि अयोध्या में दंत धावन कुंड के साथ में एक “सत्य स्नेही मंदिर” है जिसमें सात धर्मों की पूजा होती है. उन सात धर्मों में इस्लाम भी एक है. यहाँ पुजारी सुबह शाम राम, लक्ष्मण, बुद्ध, महावीर और प्रभु यीशू के अलावा काबा की तस्वीर की भी आरती करते हैं. इसलिए चश्मा बदल के दुनिया देखिए. दुनिया में अभी भी बहुत कुछ पॉज़िटिव और खूबसूरत है.

कमाल खान का यह लेख एनडीटीवी से साभार है.

बाढ़ पीड़ितों के साथ राहत कार्य में हुआ जातीय और धार्मिक भेदभावः रिपोर्ट

0
Flood in bihar

पटना। इस साल लगभग पूरे भारत में बाढ़ से जनजीवन त्रस्त रहा. अलग-अलग राज्यों में हजारों लोगों की मौतें भी हुई. इनमें सबसे ज्यादा तबाही बिहार में हुई. जहां करोड़ों लोगों को बाढ़ की वजह से शिविर कैंपों में रहना पड़ा. बाढ़ त्रासदी में फंसे लोगों के लिए सरकार ने बढ़े स्तर पर बचाव और राहत कार्य भी किया. इन बचाव और राहत कार्यों में दलितों के साथ काफी भेदभाव किया गया. इस मुद्दे पर ‘नेशनल कंपेन ऑन दलित ह्यूमैन राइट्स’ ने रिपोर्ट पेश कर खुलासा किया है.

रिपोर्ट में बताया गया कि बिहार के अधिकांश इलाकों में आई बाढ़ के दौरान कोई भी राहत शिविर का संचालन नहीं हुआ. सरकारी राहत कार्यक्रम पूरी तरह से बड़ी जातियों के द्वारा संचालित किया गया. महादलित, अल्पसंख्यक, वंचित समाज के लोगों की उपेक्षा की गई. नेशनल कंपेन ऑन दलित ह्यूमैन राइट्स ने रिपोर्ट में बताया कि सरकारी बचाव दल के लोगों ने मुख्य सड़क, मार्ग इत्यादि के किनारे फंसे लोगों को निकाला जबकि अंदर के गांव जहां पर बहुत बड़े स्तर पर गरीब आबादी रहती है उसको छोड़ दिया. गांधी संग्रहालय में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में रिपोर्ट में कहा गया कि जहां भी शिविर चले वहां बिहार सरकार एवं केंद्र सरकार के तय मानकों का पालन नहीं हुआ. कई राहत शिविरों में बड़ी जाति के लोगों ने दलित, महादलित को खाना, रहने तथा सोने की सुविधा नहीं दी. जातिगत तथा धार्मिक भेदभाव की परख के लिए नेशनल दलित वाच, नेशनल कैंपेन ऑन दलित ह्यूमन राइट्स तथा जन जागरण शक्ति संगठन की ओर से एक जांच दल ने अररिया और किशनगंज जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया. इस टीम ने सरकारी राहत एवं बचाव कार्यक्रम को दलित, वंचित, मुस्लिम समाज के नज़रिए से प्रमुख गड़बड़ियां उजागर की. कार्यक्रम में मुख्य रूप से अररिया, किशनगंज, चंपारण, छपरा जिलों के बाढ़ पीड़ितों नें भाग लिया.

शाहजहांपुर में दलित किशोरी की गैंगरेप के बाद हत्या

1
यूपी पुलिस

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार दीपावली और राम मूर्ति बनने की खुशियां मना रही है, वहीं राज्य दलितों के प्रति अत्याचार बढ़ता जा रहा है. दलितों से भेदभाव, मारपीट और हैवानियत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. शाहजहांपुर के एक गांव से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना में दलित किशोरी के साथ सामुहिक दुष्कर्म की खबर सामने है.

रोजा थाने के अहमदनगर गांव में पुलिस ने एक दलित किशोरी का नग्नावस्था में गला रेता शव बरामद किया है. किशोरी के अंगों को दांत से काटे जाने के निशान पाए जाने पर पुलिस ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है.

शहर के पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि रोजा थाना क्षेत्र के अहमदनगर गांव की एक 14 साल की दलित किशोरी मंगलवार (17 अक्टूबर) को दोपहर में धान के खेत में बालिया बीनने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं आई. उसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. देर रात उसका शव गन्ने के खेत से गला रेता नग्नावस्था में मिला. लड़की का शव देखकर परिजनों ने पुलिस को तत्काल सूचना दी.

पुलिस ने बताया कि किशोरी के गुप्तांग और शरीर के कई हिस्सों में दांत से काटे जाने के निशान हैं, जिससे लगता है कि आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद चाकुओं से गोद कर उसकी हत्या की होगी. उन्होंने बताया कि शव के पास से शराब के पांच खाली पाउच भी बरामद हुए हैं. पुलिस ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर, फायरिंग में 4 लोग जख्मी

0
Indian Army

पुंछ। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना ने फिर सीजफायर का उल्लंघन किया. पाकिस्तानी सेना की फायरिंग में चार स्थानीय नागरिक घायल हो गए. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि घायलों में तीन मजदूर और एक महिला शामिल हैं, जो मनकोटे इलाके के रहने वाले हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.

अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह 7.30 बजे पुंछ और राजौरी जिले में अंधाधुंध फायरिंग की. पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी में मोर्टार, स्वचलित और छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया. वे पुंछ के मनकोटे और बालाकोटे इलाकों के 18 गांवों को निशाना बना रहे थे.

इस गोलीबारी में कुछ पशु भी मारे गए हैं. नियंत्रण रेखा के उस पार से गोलाबारी में दो निजी वाहन और एक बिजली ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि भारतीय चौकियों ने भी इस हमले का जोरदार और कारगर ढंग से जवाब दिया.

इससे पहले पाकिस्तान ने 11 और 8 अक्टूबर को भी पुंछ जिले के करमारा सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया था. फायरिंग में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी की गई और मोर्टार दागे गए थे. ऐसे में भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था.

इससे पहले बीते तीन अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के भीमबेर गली सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से हुई गोलीबारी हुई जिसमें भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया था. दो अक्टूबर को भी पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पुंछ सेक्टर में ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया था. इसमें तीन नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य जख्मी हो गए थे.

नोटबंदी पर अपनी गलती माने प्रधानमंत्री मोदीः कमल हासन

kamal Hasan

नई दिल्ली। देश में हुई नोटबंदी की तारीफ कर चुके एक्टर कमल हासन ने अब अपनी इस तारीफ पर यूटर्न ले लिया है. कमल हासन ने प्रधानमंत्री मोदी का नोटबंदी पर सपोर्ट करने से लिए मांफी मांगी है. हाल ही में राजनीति में आने के अपने इरादे साफ कर चुके कमल हासन ने कहा, ‘अगर प्रधानमंत्री अपनी गलती मान लें, तो मैं उन्‍हें सलाम करुंगा.’

कमल हासन ने अपनी यह बात तमिल मैगजीन में छपने वाले अपने एक कॉलम में लिखी है. नोटबंदी की तारीफ कर चुके कमल हासन ने कहा, ‘अपनी गलती मानना और उसे सुधारना अच्‍छे राजनैतिज्ञ की पहचान है.’ बता दें कि पिछले साल 8 नवंबर को देश में लागू हुई नोटबंदी के बाद कमल हासन ने ट्वीट किया था, ‘मिस्‍टर मोदी को सलाम. इस कदम की सारी राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर तारीफ होनी चाहिए.’

लगभग 2 महीने पहले कमल हासन ने यह घोषणा की थी कि वह जल्‍द ही खुद की एक राजनीति पार्टी का गठन करेंगे, जो लोकतांत्रिक सिस्‍टम के भीतर से भ्रष्‍टाचार मिटाने के लिए होगी. कमल हासन ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी कुछ समय पहले तमिलनाडु में मुलाकात की थी. केजरीवाल से मिलने के बाद हासन ने कहा था, ‘दिल्ली के सीएम आज मुझसे मिलने आए, मेरे लिए यह सम्मान की बात है. उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी है. उनकी छवि करप्शन से लड़ने को लेकर रही है.’ कमल हासन ने केजरीवाल की काफी तारीफ की थी.

बता दें कि पिछले साल 8 नवंबर को हुई नोटबंदी के दौरान देशभर में 500 और 1000 के नोट बंद कर दिए गए थे और उसकी जगह 500 के नए और 2000 के नोट लाए गए थे. नोटबंदी के बारे में हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक ने एक संसदीय समिति को बताया है उसे यह नहीं पता है कि 500 और 1000 के नोटों को बंद करने के बाद कितनी बेहिसाबी नकदी को वैध धन में बदला गया है.

अमेरिका नहीं चाहता भारत बने सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य

2
unsc

वाशिंगटन। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी सदस्या को लेकर अमेरिका की तरफ से बड़ा बयान आया है. संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निक्की हैली ने कहा है कि यदि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता चाहता है तो उसे ‘‘वीटो पर अपनी रट छोड़नी होगी.’’ इसके साथ ही निक्की हैली ने इस बात को भी रेखांकित किया कि रूस और चीन दो ऐसी वैश्विक शक्तियां हैं जो सुरक्षा परिषद के मौजूदा ढांचे में बदलावों के खिलाफ हैं.

हैली ने अमेरिका भारत मैत्री परिषद द्वारा आयोजित एक समारोह में कहा, ‘संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यह सुधार वीटो से कहीं अधिक बड़ी चीज है. सुरक्षा परिषद के पांचों स्थायी सदस्यों के पास वीटो का अधिकार है. रूस, चीन, अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस के पास यह शक्ति है और इनमें से कोई इसे छोड़ना नहीं चाहता. इसलिए सुरक्षा परिषद में भारत को शामिल करने की कुंजी इस बात में है कि वह वीटो का राग अलापना बंद करे’.

निक्की हेली से जब इस संबंध में अमेरिका के रुख पर सवाल किया गया तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया. हेली ने दावा किया कि अमेरिका सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए तैयार है और हमेशा इस पर जवाब देता है.

हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिकी कांग्रेस या सीनेट की सुरक्षा परिषद सुधारों में कोई बहुत अधिक भूमिका नहीं है. उन्होंने कहा, ‘सही बात कहूं तो वे सही मायने में कुछ नहीं कर सकते. क्योंकि सुरक्षा परिषद का स्वरूप कैसा हो? इस मसले पर सुरक्षा परिषद के सदस्य कांग्रेस की बात नहीं सुनेंगे’.

गुजरात में हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवाणी से हाथ मिलाएगी कांग्रेस

Rahul gandhi नई दिल्ली। इन दिनों गुजरात का सियासी पारा काफी गर्म है. एक तरफ जहां भाजपा अपनी सत्ता बचाने को बेचैन है, तो वहीं कांग्रेस सत्ता के वनवास को तोड़ने की जद्दोजहद कर रही है. राहुल गांधी सत्ता की कुर्सी हथियाने के लिए कोई भी जुगार लगाने को तैयार हैं. दरअसल, अब खबर आ रही कि कांग्रेस के युवराज भाजपा को मात देने के लिए हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवानी जैसे युवा नेताओं से हाथ मिलाने के लिए तैयार हैं. इसके लिए बकायदा बात भी चल रही है. आपको बता दें कि गुजरात के तीन युवा आंदोलनकारी हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवानी भाजपा के लिए चुनौती बने हुए हैं. ये युवा नेता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं. अगर ये तीनों कांग्रेस के साथ आ जाते हैं तो भाजपा के लिए चुनाव जीतना टेढ़ी खीर साबित होगी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी को इनकी ताकत का अंदाजा भी है, सो वो इनको साथ लाने की पुरजोर कोशिश में जुटे हुए हैं. इससे पहले राहुल ने गुजरात में जितनी भी सभाएं की थी, उन जनसभाओं में काफी संख्या में पाटीदार, दलित और ओबीसी समुदाय के लोग जुटे थे. जिससे कांग्रेस का मनोबल काफी ऊंचा हो गया है. वहीं तमाम प्रमुख विश्वविद्यालयों के छात्रसंघ चुनावों में भाजपा के युवा मोर्चा की हार और पंजाब के गुरुदासपुर उपचुनाव में मिली भारी जीत से कांग्रेस को लगने लगा है कि वह गुजरात चुनाव में भाजपा को मात दे सकती है. अब देखना ये है कि अगर इन तीनों युवाओं को कांग्रेस अपने पाले में कर लेती है तो वो गुजरात चुनाव की बैतरनी को पार लगाने में शायद कामयाब भी हो जाए.