शगुन चौधरी ने राष्ट्रीय महिला ट्रैप खिताब पर किया कब्ज़ा

0

नई दिल्ली। शगुन चौधरी ने 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिला ट्रैप स्पर्धा का खिताब जीता। ओएनजीसी का प्रतिनिधित्व कर रही चौधरी ने फाइनल में पंजाब की राजेश्वरी कुमारी को 41-38 से हराया।

बिहार की ओर से खेल रही मौजूदा चैंपियन श्रेयसी सिंह टूर्नामेंट के दूसरे दिन फाइनल राउंड में 29 का स्कोर कर तीसरे स्थान पर रहीं। श्रेयसी ने क्वालीफिकेशन राउंड में 72 स्कोर के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई।

तमिलनाडु की एन निवेत्ता ने 37 का स्कोर कर ट्रैप स्पर्धा का जूनियर महिला का खिताब जीता। दिल्ली और पंजाब के लिए टूर्नामेंट का दूसरा दिन शानदार रहा। राजेश्वरी की अगुआई में सुखरीत कौर ने इनाया विजय सिंह के साथ महिला टीम ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मध्य प्रदेश ने सीनियर और जूनियर महिला टीम स्पर्धा में पदक जीते। पुरुष ट्रैप स्पर्धा में पूर्व विश्व चैंपियन मानवजीत सिंह संधू दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद क्वालीफिकेशन में 75 में से 73 का स्कोर बनाकर शीर्ष पर है। जोरावर सिंह संधू और केनान चेनाई 71 के स्कोर के साथ क्रमश तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।

Paytm और ICICI बैंक ने किया करार

0

नई दिल्ली। प्राइवेट सेक्टर के बैंक ICICI ने पेटीएम के साथ मिलकर एक करार किया है, जिसके तहत बिना ब्याज का छोटा लोन दिया जाएगा. इसके लिए आपको ICICI बैंक का कस्टमर होना होगा. इसके बाद यदि आप 20 हजार रुपए तक की खरीदारी पेटीएम के जरिए लोन लेकर करते हैं, तो आपको 45 दिनों तक कोई ब्याज नहीं देना होगा.

नई सेवा के जरिए अब कोई भी रोजमर्रा की चीजों का पेमेंट करने के लिए 20,000 रुपए तक डिजिटल क्रेडिट मिलेगा. इस नई सेवा को पोस्टपेड सेवा नाम दिया गया है. इसकी मदद से उपभोक्ता अपनी जरूरतों की चीजें जैसे बिजली-पानी का बिल, ग्रॉसरी का बिल डिजिटल क्रेडिट पर मिले इस लोन से कर सकेंगे.

बैंक के मुताबिक, 45 दिनों के बाद यदि पैसा वापस नहीं किया जाता है तो कस्टमर को 50 रुपए लेट फीस और 3 फीसद ब्याज के साथ रकम लौटानी होगी. पेटीएम-ICICI बैंक पोस्टपेड नाम का ये डिजिटल क्रेडिट अकाउंट तुरंत ऐक्टिवेट हो जाएगा और बैंक का दावा है कि जरूरत पड़ने पर ग्राहकों को तुरंत पैसा ट्रांसफर हो जाएगा.

एक बार में आप 20 हजार रुपए तक का लोन ले सकते हैं और अगली बार इसका इस्तेमाल बकाया चुकता होने पर ही कर सकते हैं. लोन कितनी बार ले सकते हैं इस पर कोई सीमा नहीं है, लेकिन पेटीएम-ICICI बैंक पोस्टपेड कार्ड पर बकाया राशि लिमिट तय है.

पेटीएम-ICICI बैंक पोस्टपेड के लिए किसी डॉक्युमेंटेशन या बैंक ब्रान्च में जाने की जरूरत नहीं है. यह एक प्राइवेट क्रेडिट कार्ड की तरह काम करता है. इस सर्विस के तहत ICICI बैंक ग्राहकों को 3000 रुपए से लेकर 20,000 रुपए तक का क्रेडिट मिल सकता है. हालांकि, यह लिमिट ग्राहक के क्रेडिट स्कोर पर निर्भर करेगी. जिसका क्रेडिट स्कोर जितना अच्छा होगा, उसे उतना ज्यादा लोन मिलेगा.

जिम्बाब्वे में गहराया राजनीतिक संकट

0
zimbabwe

हरारे। जिम्बाब्वे में बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच राष्ट्रीय प्रसारक ‘जेडबीसी’ के मुख्यालय पर सैनिकों ने कब्जा कर लिया है. ‘बीबीसी’ ने बुधवार को बताया, राजधानी हरारे में विस्फोट की खबरें भी मिलीं हैं लेकिन इसका कारण स्पष्ट नहीं है. वहीं, इससे पहले दक्षिण अफ्रीका में देश के राजदूत ने तख्तापलट की खबरों को खारिज कर दिया था.

जिम्बाब्वे की सत्तारूढ़ पार्टी ने देश के सेना प्रमुख द्वारा संभावित सैन्य हस्तक्षेप की चेतावनी देने के बाद राजद्रोह करने का आरोप लगाया था. जनरल कॉन्स्टेंटिनो चिवेंगा ने राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे द्वारा उप राष्ट्रपति को बर्खास्त करने के बाद चुनौती दी थी. वहीं, तनाव मंगलवार से बढ़ा है जब बख्तरबंद वाहन हरारे के बाहर की सड़कों पर तैनात कर दिए गए थे और इनका यहां तैनात होने का उद्देश्य भी स्पष्ट नहीं था.एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि राष्ट्रपति रोबर्ट मुगाबे के शासन की महत्वपूर्ण समर्थक रही सेना और 93 वर्षीय नेता के बीच तनाव गहरा गया है और बुधवार तड़के बोरोडाले में लंबे समय तक गोलीबारी हुई.

मुगाबे की जेडएएनयू-पीएफ पार्टी ने सेना प्रमुख जनरल कांन्सटैनटिनो चिवेंगा पर मंगलवार को ‘‘राजद्रोह संबंधी आचरण’’ का आरोप लगाया. इस विवाद ने मुगाबे के लिए ऐसे समय में बड़ी परीक्षा की घड़ी पैदा कर दी है, जब पहले कह वहां हालात खराब चल रहे हैं. चिवेंगा ने मांग की है कि मुगाबे उपराष्ट्रपति एमरसन मनांगाग्वा की पिछले सप्ताह की गई बर्खास्तगी को वापस लें

जेडएएनयू-पीएफ ने कहा कि चिवेंगा का रुख ‘‘स्पष्ट रूप से राष्ट्रीय शांति को बाधित करने वाला है… और यह उनकी ओर से राजद्रोह संबंधी आचरण की ओर इशारा करता है क्योंकि इसका मकसद विद्रोह को भड़काना है.’’ मनांगाग्वा को बर्खास्त किए जाने से पहले उनका मुगाबे की पत्नी ग्रेस (52) से कई बार टकराव हुआ था. ग्रेस को अगले राष्ट्रपति के लिए मनांगाग्वा का प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है.

हालात खराब होने के मद्देनजर हरारे में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को चेताया है कि ‘‘जारी राजनीतिक अस्थिरता’’ के कारण वे ‘‘शरण ले लें’’. चिवेंगा ने संभावित सैन्य हस्तक्षेप की चेतावनी दी थी. इसके मद्देनजर हरारे के बाहर सशस्त्र वाहनों ने निवासियों को चिंतित कर दिया है. इस संबंध में टिप्पणी के लिए सेना के प्रवक्ता से बात नहीं हो पाई.

पद्मावती फिल्म के विरोध में चित्तौड़गढ़ किले पर प्रदर्शन

padmavati

जयपुर। फिल्म पद्मावती के विरोध में ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ किला शुक्रवार को पर्यटकों के लिए बंद किया गया है. भारत के सबसे बड़े किलों में शामिल चित्तौड़ दुर्ग के पाडनपोल में बीते कई दिनों से फिल्म पद्मावती के विरोध में सर्व समाज की ओर धरना दिया रहा है.

जौहर स्मृति संस्थान के अध्यक्ष उम्मेद सिंह ने बताया कि आज फिल्म के विरोध स्वरुप पर्यटकों को किले में प्रवेश नहीं दिया जाएगा जबकि किले में रहने वाले लोगों की आवाजाही पर कोई असर नहीं होगा. इस बंद के कारण आज यहां आने वाली शाही ट्रेन के पर्यटकों को भी यहां नहीं लाया जाएगा.

संस्थान की ओर से चेतावनी दी गई थी कि यदि 16 नवंबर तक फिल्म पर बैन नहीं लगा तो 17 नवंबर को किले में पर्यटकों को नहीं जाने दिया जाएगा. इसी क्रम में आज यह कदम उठाया गया है. दुर्ग की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए है. साथ ही प्रदर्शन कर रहे लोगों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है. जानकारी के अनुसार इससे पूर्व दुर्ग केवल तीन बार पर्यटकों के लिए बंद रहा है. जिसमें दो बार दुर्ग कर्फ्यू व सांप्रदायिक तनाव के चलते अघोषित रुप से बंद था.

गौरतलब है कि फिल्म पद्मावती का पिछले कई दिनों से करणी सेना सहित तमाम हिंदूवादी संगठन और भाजपा नेता विरोध कर रहे हैं. फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है. फिल्म में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शहीद कपूर जैसे बड़े अभिनेता शामिल है.

सैनेटरी नैपकिन पर हाईकोर्ट ने लगायी केंद्र सरकार को फटकार

0
napkin

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने सेनेटरी नैपकिन को टैक्स फ्री ना करने पर केंद्र सरकार से सवाल पूछा है. सेनेटरी नैपकिन पर 12 फीसदी जीएसटी लगाने के खिलाफ दायर याचिका पर हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा कि जब काजल-बिंदी टैक्स फ्री हो सकते हैं तो फिर सेनेटरी नैपकिन पर 12 फीसदी जीएसटी लगाने के पीछे क्या मंशा है? कोर्ट ने सरकार से यह भी पूछा कि क्या नैपकिन पर जीएसटी की दर कम करने की कोई गुंजाइश है या नहीं?

याचिकाकर्ता ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि जीएसटी रेट तय करने वाली कमेटी में किसी भी महिला को शामिल नहीं किया गया. हाल ही में सरकार ने करीब 200 सामानों पर लगे जीएसटी रेट कम किए, लेकिन सेनेटरी नैपकिन को 12 फीसदी जीएसटी के दायरे में ही रहने दिया. याचिकाकर्ता का तर्क है कि जीएसटी लगने से महिलाएं इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रही हैं. सरकार ने इसे महिलाओं की पहुंच से भी दूर कर दिया है.

याचिकाकर्ता ने कहा है कि महिलाओं के सिंदूर, चूड़ियां, कुमकुम सहित कंडोम जैसी वस्तुओं पर पूरी तरह जीएसटी में छूट दी गई है. जबकि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण वस्तु सेनेटरी नैपकिन पर 12 फीसदी जीएसटी लगाई जा रही है. याचिकाकर्ता ने 12 प्रतिशत जीएसटी का विरोध करते हुए फैसले को वापस लेने की मांग की है. हालांकि इस मामले में अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी.

चंद्रशेखर की गिरती सेहत के मद्देनजर तुरंत हटे रासुका

Chandrashekhar ravan

सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में 5 मई 2017 को दलितों पर हमले हुआ. इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई न करने के विरोध में दलितों ने प्रदर्शन किया. पुलिस के साथ टकराव करने के आरोप में भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर जून से सहारनपुर जेल में बंद है. सितम्बर महीने के आखिरी सप्ताह से चंद्रशेखर की सेहत खराब चल रही है. सितम्बर में उसे जेल में कई दिन तक बुखार, पेट दर्द तथा सांस लेने में तकलीफ की शिकायत रही थी जो बाद में टाईफाईड में बदल गई. सेहत में अधिक गिरावट आने पर उसे 27 अक्टूबर को जेल से जिला अस्पताल सहारनपुर भेजा गया, जहां पर उसे आईसीयू में रखा गया. पर यह बड़ी हैरानी की बात है कि उसे उसी शाम अस्पताल से फिर जेल भेज दिया गया था.

इसके बाद जेल में उसकी सेहत निरंतर बिगड़ती रही और अंततः 8 नवम्बर को उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ा. वहां पर उसे ट्रॉमा सेंटर में 13 नवम्बर तक रखा गया और उसी दिन फिर से सहारनपुर जेल वापस भेज दिया गया. इस बीच उसके घर वालों को छोड़ कर किसी को भी उससे मिलने नहीं दिया गया. डॉक्टरों द्वारा न तो उसके घर वालों और न ही किसी और को चंद्रशेखर की बीमारी तथा उसके इलाज के बारे में कोई जानकारी दी गयी है. सरकार के इस रवैये से आम लोगों में चंद्रशेखर की सेहत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और शंकाएं पनप रही हैं.

सूत्रों के अनुसार चंद्रशेखर की सेहत में भारी गिरावट आई है. उसका वजन काफी कम हो गया है. उसके फेफड़ों में संक्रमण है तथा उसे सांस लेने में भी कुछ दिक्कत है. उसके पेट में भी संक्रमण तथा सूजन है. उसे चलने फिरने में काफी कमजोरी महसूस हो रही है. उसे तरल भोजन लेना पड़ रहा है. पता नहीं सरकार उसे अस्पताल में रख कर उचित इलाज कराने की बजाये उसे जेल में बंद रखने पर क्यों तुली हुई है?

इधर चंद्रशेखर की बिगड़ती सेहत के मद्देनजर रासुका हटाने की मांग को लेकर 13 नवम्बर को लखनऊ में भीम आर्मी डिफेंस कमेटी के तत्वाधान में एक प्रेस कांफ्रेंस की गई, जिसमें चंद्रशेखर की गिरती सेहत के मद्देनज़र मानवीय आधार पर रासुका हटाने की मांग की गई. इसके अतिरिक्त चंद्रशेखर तथा शब्बीरपुर के दो दलितों पर रासुका लगाने तथा चंद्रशेखर को उचित डॉक्टरी इलाज उपलब्ध न कराए जाने के विरोध में सहारनपुर के चार गांव में 6 दिन से दलित महिलाएं भूख हड़ताल पर बैठी हैं, जिनमें से दो की तबियत काफी बिगड़ चुकी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. ऐसी सम्भावना है कि यदि सरकार द्वारा इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम शीघ्र नहीं उठाया गया तो यह विरोध और तेज़ी पकड़ सकता है.

अतः डिफेंस कमेटी फॉर भीम आर्मी और उत्तर प्रदेश जनमंच एवं स्वराज अभियान योगी सरकार से मांग करता है कि चंद्रशेखर की बिगड़ती सेहत के मद्देनज़र उस पर लगाया गया रासुका तुरंत वापस लिया जाए और उसे जमानत पर जेल से रिहा किया जाये ताकि वह अपना उचित इलाज करा सके. एस.आर. दारापुरी, संयोजक उत्तर प्रदेश जनमंच एवं सदस्य उत्तर प्रदेश स्वराज अभियान समिति

पाकिस्तान में मिली 1700 वर्ष पुरानी तथागत बुद्ध की मूर्ति

0
pakistan buddha

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह में तथागत बुद्ध की 1700 वर्ष पुरानी मूर्ति मिली है. धार्मिक सौहार्द और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान ने मूर्ति को लोगों के सामने रखा है. खैबर पख्तूनख्वाह में प्राचीन बौद्ध स्थल की खोज पहली बार 1929 में हुई थी. 88 साल बाद खुदाई फिर से शुरू हुई और 14 मीटर ऊंची बुद्ध की मूर्ति पाई गई.

भामला के संग्रहालय और पुरातत्व विभाग के निदेशक अब्दुल सामद ने कहा कि बुद्ध की यह मूर्ति तीसरी शताब्दी की है. यह दुनिया की सबसे पुराने ध्यानमग्न बुद्ध की मूर्ति हैं. उन्होंने कहा कि तथागत बुद्ध की यह मूर्ति कंजूर के पत्थर से बनी है और 14 मीटर ऊंची (48 फीट ऊंची) है. उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा हमने 500 से अधिक तथागत बुद्ध से संबंधित सामग्रियों को खोज निकाला है.

सामद ने कहा कि यह हमारे देश की संपत्ति है. हमें इसका संरक्षण करना चाहिए. इस तरह की बुद्ध की मूर्ति दुनिया में दूसरी नहीं है. इस प्रतिमा को संभालकर रख दिया गया है, जिसे लोग देख सकते हैं. खैबर पख्तूनख्वाह 2300 साल पहले मौर्य सम्राट अशोक के साम्राज्य में बौद्ध सभ्यता का केंद्र रहा था.

देश के विपक्षी नेता और क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान बौद्ध देशों से तीर्थयात्रियों को आकर्षित कर सकता है. उन्होंने देश में तथागत बुद्ध से संबंधित पुरातात्विक स्थलों को सुरक्षित रखने और बनाए रखने की जरूरत पर बल दिया.

चमार रेजीमेंट को लेकर चंद्रशेखर रावण का बड़ा बयान

3
Chamar regiment

पुलिस की हिरासत में मेरठ के मेडिकल कॉलेज में इलाज करवा रहे भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण ने एक बड़ा बयान दिया है. रावण ने चमार रेजीमेंट को फिर से सक्रिय करने के लिए देशभऱ में आंदोलन चलाने की बात कही है. उन्होंने कहा है कि देश भर के युवाओं को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा. उन्होंने मांग किया कि सरकार को इस रेजीमेंट की फिर से सेना में बहाली करनी होगी. चंद्रशेखर आजाद के इस बयान के बाद राजनीति गरमा गई है.

दरअसल सेना में चमार रेजीमेंट थी, जो सिर्फ 3 साल ही अस्‍तित्‍व में रही. सेना में इस रेजीमेंट की बहाली के लिए कानूनी लड़ाई भी लड़ी गई, लेकिन अभी तक मामला कागजों और मंत्रालयों में उलझा हुआ है. इसकी मांग को लेकर होने वाले कुछ प्रदर्शनों की खबरों पर राष्‍ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने संज्ञान लिया था. फरवरी 2017 में आयोग ने रक्षा मंत्रालय के सचिव को नोटिस जारी कर इस रेजीमेंट के बंद होने को लेकर सवाल भी पूछा था. असल में आजादी के बाद से ही तमाम राज्यों और मंचों से चमार रेजीमेंट को बहाल किए जाने की मांग कई बार उठाई गई, लेकिन आवाज दबकर रह गई.

चमार रेजीमेंट को 1943 में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अंग्रेजों ने बनाया था. यह थलसेना थी. कोहिमा में चमार रेजीमेंट ने जपानियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. यह लड़ाई इतिहास की सबसे खूंखार लड़ाइयों में से एक थी. इस युद्ध में चमार रेजीमेंट की बहादुरी को देखते हुए इसे “बैटल ऑनर ऑफ कोहिमा” से नवाजा गया. इस रेजीमेंट ने देशभक्ति की मिसाल भी पेश की. इस रेजीमेंट की बहादुरी को देखते हुए अंग्रेजों ने इसे आजाद हिंद फौज से लड़ने सिंगापुर भेजा. लेकिन चमार रेजीमेंट के जवानो ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाली आजाद हिंद फौज से लड़ने से इंकार कर दिया और सुभाष चंद्र बोस से प्रभावित होकर आईएनए में शामिल हो गए. इससे भड़के अंग्रेजों ने रेजीमेंट के कैप्टन मोहनलाल कुरील को युद्धबंदी बना लिया. इस तरह इसके गठन के तीन साल बाद ही 1946 में इस रेजीमेंट पर प्रतिबंध लगा दिया.

चमार रेजीमेंट पर किताब लिखने वाले सतनाम सिंह के मुताबिक इस रेजीमेंट के तीन सैनिक अभी जिंदा हैं. इसके सैनिक चुन्नीलाल हरियाणा के महेन्द्रगढ़ में हैं, जबकि जोगीराम भिवानी और धर्म सिंह सोनीपत के रहने वाले हैं.

दलित लड़के और पाटीदार लड़की की शादी से गुजरात में बवाल

0

राजनैतिक मंच पर जिग्नेश मेवाणी और हार्दिक पटेल की जुगलबंदी भले ही रंग ला रही हो, सामाजिक तौर पर इन दोनों की जातियों के बीच खाई बनी हुई है। ऐसा तब देखने को मिला जब एक दलित लड़के और पाटीदार समाज की लड़की को आपस में प्यार हो गया। इस खबर के बाहर आते ही बवाल मच गया। लेकिन अपने विरोधियों से डरने और हार मानने की बजाय इन दोनों ने आपस में शादी कर ली।

मामला गुजरात में खेड़ा ज़िले के काठलाल शहर का है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक यहां के पाटीदार समुदाय की एक लड़की 11 नवंबर को एक दलित युवक के साथ शादी कर घऱ से निकल गई थी। लेकिन जरा ठहरिए, ये दोनों कोई आम प्रेमी युगल नहीं हैं। लड़की डॉक्टर है और युवक काठलाल बीजेपी यूनिट का नेता है। जाहिर सी बात है कि घऱवालों के राजी नहीं होने की स्थिति में ही उन्होंने यह कदम उठाया होगा।

घटना को लेकर पाटीदारों का कहना है कि पुलिस ने लड़की को खोजने में दिलचस्पी नहीं दिखाई, वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि दोनों वयस्क हैं और दोनों अभिभावक की मर्ज़ी के बिना शादी कर सकते हैं। पुलिस ने कहा कि इस युगल ने तीन महीने पहले शादी की थी और इसे आणंद जिले के सोखरत तालुका में पंजीकृत किया है।

एक तरफ जहां पाटीदार समुदाय इस शादी का विरोध कर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ दलित समुदाय ने अभी तक इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई है। गुजरात में चुनाव के मद्देनजर यह मामला राजनैतिक रूप से भी तूल पकड़ सकता है।

मानवीय उच्चादर्शों के बड़े कवि कुंवर नारायण का अवसान

kunwar narayan कुंवर नारायण को यह पता था. ‘घर रहेंगे, हमीं उनमें रह न पाएंगे समय होगा,हम अचानक बीत जाएंगे. अनर्गल जिंदगी ढोते किसी दिन हम एक आशय तक पहुंच सहसा बहुत थक जाएंगे.. मृत्यु होगी खड़ी सम्मुख राह रोके, हम जगेंगे यह विविधिता,स्वप्न, खो के और चलते भीड़ में कन्धे रगड़कर हम अचानक जा रहे होंगे कहीं सदियों अलग होके. (घर रहेंगे : तीसरा सप्तक 1959) नजरिया साफ हो तो क्या काव्य और क्या जीवन दोनों जगह आदमी अलमस्त फक्कड़ सा चलता चला जाता है. साफ ‘आशय’ यात्रा को सरल बना देता है. तीसरे सप्तक के अपने ‘वक्तव्य’ में कुंवर नारायण ने लिखा था- ‘साहित्य जब सीधे जीवन से संपर्क छोड़कर वादग्रस्त होने लगता है, तभी उसमें वे तत्व उत्पन्न होते हैं जो उसके स्वाभाविक विकास में बाधक हों.’ अपने मत को और स्पष्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि ‘कलाकार या वैज्ञानिक के लिए जीवन में कुछ भी अग्राह्य नहीं. उसका क्षेत्र किसी वाद या सिद्धांत विशेष का संकुचित दायरा न होकर वह सम्पूर्ण मानव परिस्थित है जो उसके लिए एक अनिवार्य वातावरण बनाती है.’ उनके लिए कवि जीवन के ‘कार्निवल’ में उस ‘बहुरूपिये’ की तरह था जिसके हजारों रूप थे और जिसका हर रूप ‘जीवन की एक अनुभूत व्याख्या’ था. इसी काव्य-संवेदना ने उनके काव्य को जीवन की अगण्य भाव-विविधता से भर दिया. यह विविधता उनके जीवन और काव्य का सदा से एक सचेत हिस्सा बनकर रही. सचेत होना दुखी हो उठने की पूर्व और अपरिहार्य मनो-स्थित है. कबीर भी थे. सुखिया सब संसार है, खाबे अरु सोबे. कुंवर नारायण भी जानते थे- जो सोता है उसे सोने दो वह सुखी है, जो जगता है उसे जगने दो उसे जगना है जो भोग चुके उसे भूल जाओ वह नहीं है, जो दुखता है उसे दुखने दो उसे पकना है … (तीसरा सप्तक : 1959) कुंवर नारायण जीवन भर पके. अपने ‘कलपते प्राणों के साथ.’ उनके काव्य-लक्ष्य जितने उजले थे, उतनी ही उजली मनुष्य-मात्र में उनकी आस्था थी. उनकी एक कविता में एक ‘मुश्किल’ थी. वह मुश्किल यह थी- ‘एक अजीब सी मुश्किल में हूं इन दिनों- मेरी भरपूर नफरत कर सकने की ताकत दिनों-दिन क्षीण पड़ती जा रही, मुसलमानों से नफ़रत करने चलता तो सामने ग़ालिब आकर खड़े हो जाते अब आप ही बताइए किसी की कुछ चलती है उनके सामने? अंग्रेजों से नफ़रत करना चाहता जिन्होंने दो सदी हम पर राज किया तो शेक्सपियर आड़े आ जाते जिनके मुझ पर न जाने कितने अहसान हैं और वह प्रेमिका जिससे मुझे पहला धोखा हुआ था मिल जाए तो उसका खून कर दूं! मिलती भी है, मगर कभी मित्र, कभी मां, कभी बहन की तरह तो प्यार का घूंट पीकर रह जाता …. (इन दिनों : 2002) कुंवर नारायण की कविताएं अपने समय से संवाद थीं. उनमें अस्तित्व की अनुगूंज है. उनकी चर्चित रचना आत्मजयी (1965) में वाजश्रवा और नचिकेता औपनिषदिक कथानक के ऊपर स्थापित दो ऐसे तनावग्रस्त चरित्र हैं जिनके तर्क,विषाद, प्रलोभन, इच्छा, कामना सब कुछ आज के पीड़ित और परेशान मनुष्य के जीवन के चित्र बन जाते हैं. उन्होंने खुद’आत्मजयी’की भूमिका में लिखा था- ‘आत्मजयी में उठाई गई समस्या मुख्यतः एक विचारशील व्यक्ति की समस्या है- केवल ऐसे प्राणी की नहीं जो दैनिक आवश्यकताओं के आगे नहीं सोचता.’ उनके लिए नचिकेता की कल्पना एक ऐसे मनुष्य की कल्पना है जिसके लिए, उन्हीं के शब्दों में- ‘केवल सुखी जीना काफी नहीं, सार्थक जीना जरूरी है.’ नचिकेता प्रलाप करता है- आह,तुम नहीं समझते पिता,नहीं समझना चाह रहे, कि एक-एक शील पाने के लिए कितनी महान आत्माओं ने कितना कष्ट सहा है… सत्य, जिसे हम सब इतनी आसानी से अपनी-अपनी तरफ मान लेते हैं, सदैव विद्रोही- सा रहा है. नचिकेता पिता से तर्क करता है. वह अपने लिए उनसे असहमति का अवसर मांगता है. ‘असहमति को अवसर दो सहिष्णुता को आचरण दो कि बुद्धि सिर ऊंचा रख सके.’ वह कहता है – ‘मैं जिन परिस्थितियों में जिंदा हूं उन्हें समझना चाहता हूं- वे उतनी ही नहीं जितनी संसार और स्वर्ग की कल्पना से बनती हैं क्योंकि व्यक्ति मरता है और अपनी मृत्यु में वह बिल्कुल अकेला है, विवश असांत्वनीय.’ नचिकेता की यम से मृत्यु को जानने की इच्छा वस्तुतः आधुनिक मनुष्य के चरम औत्सुक्य का विस्तार है. वह सब कुछ जानना चाहता है जो उसके जीवन-परिवेश को निर्धारित करती है. नचिकेता विद्रोही है क्योंकि उसके सवाल’ तुम्हारी मान्यताओं का उल्लघंन करते हैं.’ इसलिए उनका ‘नचिकेता’ भी भटकता है और उनका ‘सरहपा’ भी. ‘अकेला कवि सरहपा भटकता है राज्ञी से श्रीपर्वत तक खोजता मुक्ति का अर्थ.’ उनका ‘अमीर खुसरो’ बादशाहों से ऊबकर ‘ग़यास’ से कहता है- हां गयास ऊब गया हूं इस शाही खेल तमाशे से यह तुग़लक़नामा-बस, अब और नहीं बाकी जिंदगी मुझे जीने दो… एक कवि के ख़यालात की तरह आज़ाद एक पद्मिनी के सौंदर्य की तरह स्वाभिमानी एक देवलरानी के प्यार की तरह मासूम एक गोपालनायक के संगीत की तरह उदात्त और एक निज़ामुद्दीन औलिया की तरह पाक. कुंवर नारायण खुद इसी तरह जिये और अमीर खुसरो की ही तरह ‘एक गीत गुनगुनाते हुए इतिहास की एक बहुत कठिन डगर से गुजर’ गए. धर्मेंद्र सिंह भारतीय पुलिस सेवा के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं… एनडीटीवी से साभार

वही हाल करेंगे, जो लक्ष्मण ने सूर्पणखा का किया था- करणी सेना

0

मुंबई/लखनऊ। करणी सेना ने धमकी दी है कि अगर पद्मावती फिल्म रिलीज की गई तो इसकी एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की नाक काट ली जाएगी. उधर, पद्मावती फिल्म के विरोध को देखते हुए उत्तर प्रदेश की होम मिनिस्ट्री ने इंन्फॉर्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग (आईबी) मिनिस्ट्री को लेटर लिखा है. इसमें कहा गया है कि राज्य में नगरीय निकाय चुनाव हो रहे हैं ऐसे में इस फिल्म के रिलीज करने से कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है. उधर, मुंबई पुलिस ने डायरेक्टर संजय लीला भंसाली के ऑफिस और घर की सिक्युरिटी में पुलिस तैनात कर दी है. भंसाली के साथ भी आर्म्ड गार्ड तैनात किए गए हैं.

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, करणी सेना के महिपाल मकराना ने कहा, “राजपूत कभी महिलाओं पर हाथ नहीं उठाते, लेकिन जरूरत पड़ी तो हम दीपिका पादुकोण का वही हाल करेंगे, जो लक्ष्मण ने सूर्पणखा का किया था.” बता दें रामायण के मुताबिक, लक्ष्मण ने रावण की बहन सूर्पणखा की नाक काट ली थी. बाद में इस बयान पर करणी सेना के संरक्षक लोकेंद्र सिंह कालवी से सवाल किया गया तो उन्होंने भी इसका सपोर्ट किया. उन्होंने कहा, “अगर बच्चे ऐसा कहने पर मजबूर हुए हैं तो इसकी कोई वजह होगी.”

इस बीच करणी सेना ने फिल्म के विरोध में 1 दिसंबर को भारत बंद का एलान किया है. कालवी ने कहा, “हम लाखों की तादाद में जुटेंगे. हमारे पूर्वजों ने खून से इतिहास लिखा, हम किसी को इस पर कालिख पोतने की इजाजत नहीं देंगे. हम 1 दिसंबर को भारत बंद रखेंगे.

मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर्स के पदों पर सीधी भर्ती

मध्य प्रदेश के सात नए मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों के पदों के रिक्त स्थान भरने के लिए कैबिनेट ने सीधी भर्ती करने का फैसला लिया है. बता दें, प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के 880 रिक्त पदों को मप्र लोक सेवा आयोग (MP Public Service Commission) के जरिए सीधी भर्ती कराई जाएगी. ये भर्तियां शासकीय स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय दतिया, खंडवा, रतलाम, शहडोल, विदिशा, छिंदवाड़ा और शिवपुरी में होगी.

इन सात मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के 185 पद, एसोसिएट प्रोफेसर के 253 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 442 पद खाली हैं. वहीं इन पदों पर उम्मीदवार की भर्ती एक बार में होगी. वहीं इन भर्तियों के लिए कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है.

ग्राहकों के खातों में ट्रांसफर नहीं हो रहा गैस सब्सिडी

0

एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर सब्सिडी की सुविधा ले रहे हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है. सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में एलपीजी उपभोक्ताओं की ओर से शिकायत की जा रही है कि उनकी गैस सब्सिडी की राशि बैंक खातों में क्रेडिट नहीं हो रही. पेट्रोलियम मंत्रालय ने जांच में पाया कि इस तरह की सभी शिकायतें उन उपभोक्ताओं की हैं, जिनका खाता एयरटेल पेमेंट बैंक में है.

आपको बता दें कि सरकार की तरफ से एलपीजी गैस सिलेंडर पर दी जाने वाली गैस सब्सिडी सीधी ग्राहकों के बैंक अकाउंट में पहुंचाई जाती है. एलपीजी उपभोक्‍ताओं को हुई असुविधा के निपटारे के लिए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (एमओपीएनजी) और ओएमसी ने पहले ही इस मामले में वित्‍तीय सेवा विभाग (वित्‍त मंत्रालय), एनपीसीआई तथा एयलटेल के संबंधित प्राधिकारियों से बातचीत कर ली है.

पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि एयरटेल एक टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइड कंपनी है, जो पिछले कुछ महीने से अपने उपभोक्ताओं को पेमेंट बैंक की सुविधा दे रही है. मंत्रालय ने साफ किया कि एयरटेल पेमेंट बैंक में जिन्होंने नया खाता खुलवाया है और उनका खाता आधार से लिंक है तो उनकी एलपीजी सब्सिडी उन खातों में ट्रांसफर की जा रही है.

मोदी सरकार गैस सिलेंडरों की काला बाजारी रोकने के लिए उपभोक्ताओं को मिलने वाली गैस सब्सिडी को सीधे बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर रही है. इसके अलावा बैंक खातों को आधार से भी लिंक किया जा रहा है. आधार आधारित मोबाइल सिम वेरिफिकेशन मामले में यूनिक आईडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने एयरटेल को नोटिस जारी किया था. कंपनी पर आरोप है कि एयरटेल ने अपने यहां आधार आधारित मोबाइल सिम वेरिफिकेशन के लिए आने वाले ग्राहकों की सूचित बगैर रिटेलर द्वारा उनका खाता एयरटेल पेमेंट बैंक में खुलवा दिया.

यूपी के बरेली में भूख से महिला की मौत!

0
sakeena

बरेली।  उत्तर प्रदेश के बरेली में भूख के कारण एक बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया है. महिला की तबीयत खराब थी और वह राशन लेने नहीं जा पाई थी. कई दिनों से सकीना बीमार थी और खाना भी नहीं खा रही थी. महिला की मौत के पीछे सिस्टम को जिम्मेदार बताया जा रहा है.

सकीना के पति का कहना है कि सकिना 5 दिन से बीमार चल रही थी. कई दिनों से खाना नहीं मिलने के कारण ही उनकी पत्नी की तबीयत खराब हुई थी. सकिना के पति ने आगे कहा कि मैं सरकारी वितरण केंद्र से राशन लेने गया लेकिन दुकानदार ने राशन नहीं दिया. दुकानदार ने कहा कि सकीना के फिंगरप्रिंट लेने के बाद ही राशन दिया जाएगा.

राशन न मिलने के कारण मृतक महिला के घर में खाने की किल्लत पैदा हो गई. इसी दौरान बीमार चल रही सकीना की मौत हो गई. आरोप लग रहा है कि भूख ने सकीना की जान ली है.

ये भी पढेंः शाइनिंग इंडिया में भूख और कुपोषण से मरते बच्चे!

बरेली के एसडीएम ने बताया कि मृतक महिला के नाम पर अंत्योदय कार्ड है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. बता दें कि अंत्योदय योजना के तहत नए राशन कार्ड जारी किए गए हैं. इस योजना के तहत परिवार की सबसे बड़ी महिला को मुखिया के तौर पर रखा गया है. योजना के तहत जन वितरण दुकान से लाभ लेने वालों को आधार से जोड़ा गया है. योगी सरकार बनने के बाद से बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाने के बाद ही राशन दिया जाता है.

गौरतलब है कि पिछले महीने झारखंड में भी भूख के कारण दस साल की बच्ची संतोषी की मौत हो गई थी.

रिपोर्ट- भारत में जारी रहेगा स्मॉग का कहर

0
smog

वॉशिंगटन। भारत और पाकिस्तान के शहरों में लोगों को आने वाले कई महीने तक प्रदूषण भरी धुंध का सामना करना पड़ेगा. यह दावा वायुमंडल संबंधी परिस्थितयों पर नजर रखने वाले अमेरिका के एक शीर्ष संगठन ने किया है.

‘नेशनल ओशनिक एंड एटमोस्फेयरिक एडमिनिस्ट्रेशन’(एनओएए) ने एक बयान में कहा कि यह भारत और पाकिस्तान में धुंध के मौसम की शुरुआत मात्र है. ठंड और स्थिर हवाओं के कारण शहरों में प्रदूषण बढ़ने की अधिक आशंका है. एनओएए ने उपग्रह से लिए चित्र जारी किए और शहरों में प्रदूषित वातावरण के कारण बताए.

उसने कहा कि ईंधन जलाने, फसल जलाने और आग के कारण पैदा हुई धुंध के कारण भारत और पाकिस्तान में लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. स्मॉग की वजह से दिल्ली में सभी को परेशानी का सामना उठाना पड़ रहा है. देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाके धुंध की चादर ओढ़े दिख रहे हैं.

स्मॉग की वजह से बुर्जुर्ग और बच्चों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अस्थमा के मरीजों के लिए भी दिल्ली-एनसीआर में घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. हवा में प्रदूषण की वजह से उन्हें सांस लेने में ज्यादा तकलीफ हो रही है. इसलिए यदि किसी अस्थमा के मरीज को बाहर जाना है तो अपना इन्हेलर (पंप) साथ में जरूर लेकर जाएं. बच्चों को भी मुंह पर मास्क लगाकर घर से बाहर निकलने दें.