दिल्ली को प्रदूषण से बचाने के लिए कोहली की अपील

0

नई दिल्‍ली। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने वीडियो मैसेज के जरिए दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने की अपील की है.विराट ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा प्रदूषण के खिलाफ मैच जीतने के लिए हम सभी को साथ आना चाहिए.

विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वीडियो में भारतीय टीम के कप्‍तान ने दिल्‍लीवालों से अपील की है कि वे सार्वजनिक वाहनों का इस्‍तेमाल करें ताकि उससे प्रदूषण पर रोकथाम की जा सके. उन्‍होंने इस वीडियो को हैशटैग ‘मुझे फर्क पड़ता है’ के साथ शेयर किया. कोहली ने इस वीडियो में कहा है कि आप सभी जानते हैं दिल्‍ली में प्रदूषण का क्‍या हाल है. मैं आप सब से कहना चाहता हूं कि आज सब लोग दिल्‍ली के प्रदूषण पर बात कर रहे हैं और बहस कर रहे हैं लेकिन किसी ने इससे निपटने के लिए हमें क्‍या करना चाहिए इसके बारे में सोचा है. उन्‍होंने कहा कि अगर हमें प्रदूषण के खिलाफ मैच जीतना है तो सबको साथ मिलकर खेलना होगा. क्‍योंकि प्रदूषण को कम करना हम सब की जिम्‍मेदारी है.

कोहली ने कहा है कि मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि जितना हो सके कार शेयरिंग करें. उन्‍होंने लोगों से आग्रह किया कि हो सके तो बस, मेट्रो और कैब का इस्‍तेमाल करें. अगर आप हफ्ते में एक दिन भी ऐसा करते हैं तो इससे काफी फर्क पड़ेगा, क्‍योंकि हर छोटे एक्‍शन से भी फर्क पड़ता है.

पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनीं, लेकर दिखाओ पीओकेः फारूक अब्दुल्ला

farooq abdullah

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार फारूक अब्दुल्ला ने कहा है, “पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखीं, वो इतना कमजोर नहीं है कि अपने कब्जे वाले कश्मीर पर भारत का कब्जा होने देगा.”

इससे पहले अब्दुल्ला ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को पाकिस्तान का बता दिया था. नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक़ अब्दुल्ला उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में एक जनसभा में बोल रहे थे. रिपोर्ट के अनुसार अब्दुल्ला ने कहा कि हम कब तक कहते रहेंगे की (पीओके) हमारा हिस्सा है?… पीओके पाकिस्तान है और ये भारत…70 साल बीत गये लेकिन भारत इसे (पीओके) हासिल नहीं कर सके.

अब्दुल्ला ने कहा कि आज वे (भारत) दावा करते हैं कि ये भारत का हिस्सा है. तो इसे ले लीजिए. हम भी कहते हैं कि इसे ले लीजिए. हम भी देंखेंगे. वे कमजोर नहीं हैं और उन्होंने चूड़ियां नहीं पहन रखी है. उनके पास भी परणामु बम है. युद्ध के बारे में सोचने से पहले हमें इंसान की तरह रहने के बारे में सोचना चाहिए. इससे पहले पिछले हफ्ते फारूक अब्दुल्ला ने कह दिया था कि अगर भारत और पाकिस्तान में युद्ध भी हो जाए तो भी पीओके पाकिस्तान के कब्जे में ही रहेगा.

ISIS के निशाने पर कुंभ मेला, मलयालम में दी धमकी

0
isis-india

नई दिल्ली। अमेरिका और यूरोप के कई शहरों पर लोन वुल्फ अटैक करवाने के बाद आतंकी संगठन इस्‍लामिक स्‍टेट (आईएस) की बुरी नजर अब भारत पर है. उसने भारत में लोन-वोल्‍फ हमले की धमकी दी है. आईएस ने यह धमकी मलयालम भाषा में दी गई है. इस ऑडियो क्लिप में आईएस ने केरल के त्रिसूर पुरम और कुंभ जैसे प्रमुख त्यौहार के समय लोन वुल्फ अटैक की धमकी दी है. जारी ऑडियो क्ल‍िप में इस्‍लामिक स्‍टेट के मंसूबे काफी खतरनाक सुनाई पड़ते हैं.

कुरान की आयतों का जिक्र करते हुए इस ऑडियो में कहा गया है कि इन प्रमुख त्यौहारों के समय लास वेगास जैसा लोन वुल्‍फ हमला किया जा सकता है. इस हमले में गैर मुसलमान लोगों को निशाना बनाने की बात कही गई है. यह ऑडियो एक सिक्रेट चैट ग्रुप की ओर से जारी किया गया है, जिसे आतंकी संगठन इस्‍लामिक स्‍टेट से सहानुभूति रखने वाला माना जाता है. इस ऑडियो क्लिप में केरल के कसरगॉड इलाके के निवासी अब्दुल रशीद अब्दुल्ला की आवाज बताई जा रही है जिसने ISIS जॉइन कर लिया था. आशंका है कि वर्तमान में वह बहरीन के ISIS ग्रुप को लीड कर रहा है.

यह क्लिप केरल में सक्रिय आइएस के संगठन दौलातुल इस्‍लाम का 50वां ऑडियो क्लिप है. उसमें कहा गया है कि सच्चा मुसलमान भारत में नहीं रह सकता है. उनसे अपील की गई है कि यह तो वह इस्‍लामिक स्‍टेट को ज्वॉइन कर लें, या फ‍िर इस्‍लामिक स्‍टेट को आर्थ‍िक मदद पहुंचाए या फिर अपने इलाके में जिहादी बनकर लोन वुल्फ अटैक करें.

इस विडियो में उनसे सूर पुरम और कुंभ जैसे प्रमुख त्यौहार के समय ट्रक लेकर लोगों को कुचल देने या फ‍िर पानी में जहर मिला देने की अपील की गई है. यही नहीं ऑडियो में यह बात भी कही गई है कि आप पिस्टल लेकर हमला भी कर सकते हैं जैसे आपके दोस्त ने अमेरिका में किया. यहीं नहीं उनसे ट्रेन एक्सीडेंट करवाने की भी अपील की गई है ताकि कुछ काफ‍िर मारे जाएं.

यही नहीं ऑडियो में उन मुसलमानों को कोसा भी गया है जो गैर मुसलमानों से दोस्ती करते हैं. साथ ही उनसे कहा गया है कि ऐसे कई संगठन है जो केरल में मुसलमानों को जिहादी बनने से रोकते हैं. केरल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और उसने व्हाट्सऐप ग्रुपों से लगभग 300 ऑडियो सैंपल लिए हैं.

हार्दिक पटेल के आगे झुकी कांग्रेस, 8 समर्थकों को देगी टिकट

rahul-hardik

अहमदाबाद। कांग्रेस ने युवा पाटीदार नेता हार्दिक पटेल की मांग मान ली है. कांग्रेस हार्दिक पटेल से सलाह-मशविरा करके आठ उम्मीदवार उतारेगी. वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने बताया कि हार्दिक ने आरक्षण की मांग के अलावा 7-8 टिकट भी मांगे थे. उन्होंने कहा, “हार्दिक की मांग जायज है. हमें पाटीदार बहुल क्षेत्र में मजबूत उम्मीदवार उतारने में कोई गुरेज नहीं है. शेष राज्य में पाटीदार क्षेत्र में उसने हमसे मजबूत उम्मीदवार उतारने की बात कही है.”

उधर, जिग्नेश मेवाणी ने हाल ही में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी. मेवाणी ने कांग्रेस में शामिल होने से इनकार कर दिया लेकिन इतना जरूर आश्वासन दिया कि वह कांग्रेस का समर्थन करेंगे. पार्टी नेता ने बताया, “मेवाणी ने दलित कल्याण एवं विकास के लिए कुछ खास मांगें सामने रखी हैं जिससे कांग्रेस नेतृत्व सहमत है. उसने हमसे कहा है कि कांग्रेस को ऐसे उम्मीदवारों को टिकट देना चाहिए जो दलित, ओबीसी और पाटीदार समुदाय को स्वीकार्य हों.”

इसी बीच, ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर ने अपने वफादारों के लिए 10-15 टिकट मांगे हैं. सूत्र ने बताया, “हमारी ओर से केवल यही शर्त है कि उन उम्मीदवारों में जीत का माद्दा होना चाहिए. हम हर किसी का चयन नहीं कर सकते. हम जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे.”

उधर, हार्दिक पटेल ने कथित सीडी कांड के बाद बीजेपी के खिलाफ हमला बोलते हुए कहा है कि जनता उनकी सीडी नहीं बल्कि बीजेपी के 22 सालों के विकास कार्यों की सीडी देखना चाहती है. उन्‍होंने ट्वीट कर कहा, गुजरात की जनता 22 साल के लड़के की नहीं, 22 साल के हुए विकास की सीडी देखना चाहती है. दरअसल राज्‍य में पिछले 22 सालों से बीजेपी सत्‍ता में काबिज है. उसी संदर्भ में हार्दिक पटेल ने यह बात कही.

पूर्व भाजपा सांसद को रास नहीं आ रही रविशंकर की मध्यस्थता

0
  ram-vilas

लखनऊ। राम मंदिर मुद्दे पर स्वेच्छा से मध्यस्थता करने वाले श्री श्री रविशंकर का भाजपा के पूर्व सांसद रामविलास वेदांती ने सवाल उठाया है. उन्होंने कहा है कि रविशंकर कौन होते हैं, फैसला करने वाले. रामविलास वेदांती शुरूआत से ही अयोध्या आंदोलन से जुड़े हुए हैं.

रामविलास वेदांती ने कहा कि जेल गए हम, लाठियां खाई हमने और अचानक से श्रीश्री रविशंकर आ गए. उन्होंने कहा कि रविशंकर तब कहां थे जब हम संघर्ष कर रहे थे. वेदांती ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा तो ठीक है, वरना किसी भी कीमत पर मस्जिद नहीं बनने दिया जाएगा. राम मंदिर के लिए के लिए चाहे जितना बालिदान देना पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे. चाहे इसकी कीमत जान देकर ही क्यों न चुकानी पड़े.

बता दें कि श्रीश्री रविशंकर ने बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक मुख्यमंत्री आवास में बातचीत हुई. श्रीश्री रविशंकर 16 नवंबर को अयोध्या भी जाएंगे. योगी से मिलने के बाद रविशंकर कई अन्य लोगों से भी मुलाकात करेंगे. इनमें दिगंबर अखाड़ा, निर्मोही अखाड़ा, राष्ट्रीय मुस्लिम मंच, शिव सेना, हिंदू महासभा के अलावा विनय कटियार से भी मुलाकात का भी कार्यक्रम है.

श्री श्री रविशंकर से मुलाकात को लेकर फिरंगी महली के खालिद रश्दी फिरंगी का कहना है कि वह एक बड़े आध्यात्मिक गुरू हैं, हम उनका सम्मान करते हैं. अगर उनके पास इस मुद्दे का कोई हल है तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट के सामने इसका हल रखना चाहिए. लेकिन अगर इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप होता है तो इसका हल निकलना मुश्किल हो जाएगा. खालिद रश्दी ने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड कोर्ट के फैसले के आधार पर काम करेगा, हमें किसी तरह का कोई पत्र नहीं मिला है.

सुयश दीक्षित ने बनाया एक नया देश, लोगों से नागरिकता लेने के लिए भी कहा

0
suyash dixit

नई दिल्ली। इंदौर के सुयश दीक्षित ने सूडान और मिस्त्र के बीच 800 वर्ग मील के क्षेत्र पर अपना झंडा लगाकर उसे ‘किंगडम ऑफ दीक्षित’ घोषित किया है. उन्होंने खुद को इस गैर दावाग्रस्त इलाके का राजा बताते हुए संयुक्त राष्ट्र से उनके नए देश को मान्यता देने की बात कही है. इतना ही नहीं सुयश ने एक वेबसाइट बनाकर लोगों से इस देश की नागरिकता के लेने का आवदेन करने को भी कहा है.

जानकारी के मुताबिक ये यह पूरा इलाका रेगिस्तानी है, जो मिस्त्र और सूडान की दक्षिणी सीमा से लगा हुआ है. मिस्त्र और सूडान इसे अपना इलाका नहीं मानते. मिस्त्र का मानना है कि 800 वर्ग मील का यह इलाका सूडान का है, तो सूडान यह मानता है कि यह मिस्त्र का है.

सुयश ने अपने फेसबुक जब पहली बार उस क्षेत्र पर दावा करते हुए तस्वीरें डाली तो पूरी दुनिया में हलचल मच गई. उन्होंने अपनी कहानी भी शेयर की है, जिसमें सुयश ने बताया है कि वे 319 किमी का सफर कर यहां तक पहुंचे. उनके अनुसार रेगिस्तानी क्षेत्र में पहुंचने के लिए कोई सड़क भी नहीं थी. यहां आकर उन्होंने पौधा लगाने के लिए बीज बोया और उसे पानी दिया. सुशय का कहना है कि यहां पौधे का बीज लगाकर अब मैं यह दावा करता हूं कि यह सारी जगह मेरी है.

सुय़श ने अपने पिता को प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और मिलिट्री हेड बनाया है. वहीं उसने खुद को राजा बनाया है. यही नहीं उन्होंने इस देश की वेबसाइट. उन्होंने https://kingdomofdixit.gov.best/ नाम से एक वेबसाइट भी बनाई है, जिस पर इस नए देश की नागरिकता के लिए लोग रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.

चुनाव आयोग ने ‘पप्पू’ शब्द के इस्तेमाल पर लगाई रोक

राहुल गांधी

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव अभियान में विज्ञापन में अपमानजनक शब्द के इस्तेमाल को लेकर चुनाव आयोग ने भाजपा को झटका दिया है. चुनाव आयोग ने एक इलेक्ट्रॉनिक विज्ञापन में ‘पप्पू’ शब्द का इस्तेमाल करने से गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को रोक दिया. इस विज्ञापन में जाहिर तौर पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाया गया था, जिसे चुनाव आयोग ने ‘अपमानजनक’ बताया.

बता दें कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधने के दौरान अक्सर सोशल मीडिया पर पप्पू शब्द का इस्तेमाल किया जाता है. यही वजह है कि चुनाव आयोग ने इस बात को ध्यान में रखते हुए भाजपा को इसके इस्तेमाल से रोक दिया.

इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए भाजपा के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि विज्ञापन की पटकथा में किसी शब्द का किसी व्यक्ति विशेष से कोई संबंध नहीं है. गुजरात के सीईओ बीबी स्वैन से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी घटनाक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं है और वह विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही कल कोई प्रतिक्रिया दे सकते हैं.

आज से और सस्ता हुआ रेस्टोरेंट का खाना

0

नई दिल्ली। जीएसटी की दर में सरकार की तरफ से की गई कटौती बुधवार यानी 15 नवंबर से लागू हो गई है. इसके साथ ही रेस्टोरेंट में खाना समेत आपकी जरूरत के कई घरेलू सामान सस्ते हो गए हैं. अब रेस्टोरेंट में खाना खाने पर आपको 18 फीसदी की जगह 5 प्रतिशत टैक्स देना होगा, जिसका सीधा फायदा आपके जेब को मिलेगा. पिछले हफ्ते रेस्टोरेंट में खाने पर टैक्स की दर में बदलाव किया गया था.

इसके अलावा पास्ता, मियोनी, कंडेंस्ड मिल्क, जूट बैग, और चश्मे की फ्रेम पर जीएसटी की दर को 18 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी करने का फैसला किया गया है. इडली और डोसा बैटर पर टैक्स की दर को 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी और शकरकंदी पर टैक्स की दर को पूरी तरह से खत्म किया गया है.

यदि आपके रेस्टोरेंट में 1000 रुपए का खाना खाया तो इस पर पुराने टैक्स स्लैब के हिसाब से आपको बिल पर 18 फीसदी जीएसटी देना पड़ता था. इस 18 फीसदी में 9 प्रतिशत CGST और 9 फीसदी SGST होता है. इस तरह आपने 1000 रुपए के खाने पर 180 रुपए टैक्स का भुगतान किया, टोटल बिल आपका 1180 रुपए हुआ. वहीं अब नए टैक्स स्लैब में आपको 1000 रुपए के खाने पर 5 फीसदी टैक्स यानी 50 रुपए चुकाने पड़ेंगे. इस हिसाब से 1000 रुपए के खाने पर आपको 130 रुपए का फायदा हुआ. 7500 रुपए या इससे अधिक के रूम रेंट वाले होटल के लिए इनपुट टैक्‍स क्रेडिट के साथ जीएसटी की दर 18 फीसदी तय की गई है. पहले जीएसटी नॉन एसी रेस्टोरेंट पर 12 फीसदी और एसी रेस्टोरेंट पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगता था. फाइव स्‍टार होटल के मामले में यह दर 28 फीसदी थी.

ये चीजें हुई सस्ती-

  • साबुन
  • डिटरजेंट
  • हाथ की घड़ी
  • ग्रेनाइट
  • मारबल
  • शैंपू
  • आफ्टर शेव
  • स्किन केयर
  • डियोड्रेंट
  • कैमरे
  • वॉलेट
  • शॉपिंग बैग
  • सूटकेस
  • च्युइंगम
  • चॉकलेट

राष्ट्रपति ने किया बिरसा मुंडा को नमन

0
birsa munda

रांची। आज आदिवासियों के भगवान कहे जाने वाले बिरसा मुंडा की जयंती है. इस अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास  ने आज बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन किया है. रांची के बिरसा चौक पर राष्ट्रपति ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. वहीं, पीएम मोदी ने ट्वीट कर नमन किया.

सीएम ने कोकर स्थित बिरसा मुंडा की समाधि पर माल्यार्पण किया. इसके बाद रघुवर दास ने बिरसा चौक रेलवे ओवर ब्रीज का उद्घाटन किया. वहीं, खूंटी के छात्रों ने बिरसा जयंती के अवसर पर प्रभात फेरी निकाली. प्रभात फेरी बिरसा कॉलेज से लेकर पिपराटोली चौक तक निकाली गई. प्रभात फैरी की शुरुआत बिरसा कॉलेज स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई.

15 नवंबर, 1875 को झारखंड के आदिवासी दंपति सुगना और करमी के घर जन्मे बिरसा मुंडा ने साहस की स्याही से पुरुषार्थ के पृष्ठों पर शौर्य की शब्दावली रची. बिरसा मुंडा सही मायने में पराक्रम और सामाजिक जागरण के धरातल पर तत्कालीन युग के एकलव्य और स्वामी विवेकानंद थे. ब्रिटिश हुकूमत ने इसे खतरे का संकेत समझकर बिरसा मुंडा को गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया. वहां अंग्रेजों ने उन्हें धीमा जहर दिया था. जिस कारण वे 9 जून 1900 को शहीद हो गए. बिरसा मुंडा की गणना महान देशभक्तों और आदिवासियों के भगवान के रूप में की जाती है.

शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार लापरवाह

सारण। छात्र युवा अधिकार यात्रा के दौरान छपरा पहुंची जेएनयू के अध्यक्ष कामरेड गीता कुमारी ने केंद्र सरकार के विफलता पर हल्ला बोलते हुए कही की यह सरकार युवाओं को शिक्षा व रोजगार देने में विफल साबित हो रही शहर के नगरपालिका चौक पर सभा को संबोधित करते हुए गीता ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा भाजपा सरकार ने तीन साल से अधिक का अपना कार्यकाल पूरा कर लिया लेकिन अभी तक लोगों के लिए अच्छे दिन नही आये।

उन्होंने कहा इस सरकार ने रोजगार में कटौती का रिकॉर्ड कायम कर रही है वही दूसरी उच्च शिक्षा को चौपट कर दिया गया है। उच्च शिक्षा व शोध के छात्रों को बेदखल करने के लिए यूजीसी नोटिफिकेशन 2016 द्वारा सभी शोध संस्थानों में भारी शीट कटौती की गई है। साल में दो बार होने वाले नेट परीक्षा को घटाकर एकबार कर दिया गया है वही नेट व जेआरएफ के शीट को कम कर दिया गया है। सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों के लिए फंड कटौती कर छात्रों से भारी फीस वसूलने का फरमान जारी की है। वही छात्रों को मिलने वाले छात्रवृत्ति में कटौती की गई है। युवाओं में फर्जी रूप से देशभक्ति का नारा देकर उनका भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। रेलवे समेत विभिन्न सेक्टरों में लोगों की छटनी की जा रही है जिससे लोग त्रस्त है। कॉलेजों में गुरु नही है और सरकार विश्व गुरु बनने का सपना देख रही है। इसके अलावा गीता ने बिहार के नीतीश सरकार पर प्रहार करते हुए कही कि यह सरकार ठेके की सरकार बनी हुई है।उन्होंने कहा विभिन्न सरकारी विभागों में युवाओं को ठेके पर बहाल कर सरकार उनका शोषण कर रही है।

दलित छात्रावासों की स्थिति दयनीय है जिसपर सरकार मौन है। जेएनयू अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा रोजगार को तबाह करने तथा बड़े कार्पोरेट्स को मुनाफा पहुंचाने पर देश की जनता सवाल न उठा सके इसलिए समाज में साम्प्रदायिक जहर और नफरत की राजनीति शुरू कर दी गई है। इसके पर्दाफाश के लिए आइसा -इनौस 7 नवंबर से छात्र युवा अधिकार यात्रा शुरू की है जो 21 नवंबर को कोलकाता पहुंचेगी। स्थानीय नगर पालिका चौक पर आयोजित सभा को आइसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुचिता ,आइसा महासचिव संदीप सौरभ,भाकपा माले जिला सचिव सभापति राय आइसा जिला संयोजक अनुज कुमार दास आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर राजेश कुमार चौहान,हाकिम हुसैन,विजय कुमार ¨सह,वरुण राय, हरेराम कुमार,रंजीत कटारिया,जीवनन्दन राम,विजेंदर मिश्रा, पप्पू,मंटू,शैलेश आदि उपस्थित थे।

जयंती विशेषः महान क्रांतिकारी थे बिरसा मुंडा

0
birsa munda

अंग्रेजों की शोषणकारी नीति और असह्य परतंत्रता से भारत वर्ष को मुक्त कराने में अनेक महपुरूषों ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य के अनुसार योगदान दिया. इन्हीं में से एक महापुरूष थे बिरसा मुंडा. उन्होंने ‘अबुआ: दिशोम रे अबुआ: राज’ अर्थात हमारे देश में हमारा शासन का नारा दिया.

बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को चालकद ग्राम में हुआ. बिरसा मुंडा का पैतृक गांव उलिहातु था. सन् 1886 ई0 से जर्मन ईसाई मिशन द्वारा संचालित चाईबासा के एक उच्च विद्यालय में बिरसा ने शिक्षा ग्रहण की. बिरसा मुंडा को अपनी भूमि और संस्कृति से गहरा लगाव था. बिरसा मुण्डा आदिवासियों के भूमि आंदोलन के समर्थक थे. वे वाद-विवाद में हमेशा प्रखरता के साथ आदिवासियों की जल, जंगल और जमीन पर हक की वकालत करते थे. पादरी डॉ. नोट्रेट ने कहा कि यदि वे लोग ईसाई बने रहे तो और उनके अनुदेशों का पालन करते रहें तो मुंडा सरदारों की छिनी हुई भूमि को वापस करा देंगे. लेकिन 1886-87 में मुंडा सरदारों ने जब भूमि वापसी का आंदोलन किया तो इस आंदोलन को न केवल दबा दिया गया बल्कि ईसाई मिशनरियों द्वारा इसकी भर्त्सना की गई जिससे बिरसा मुंडा को गहरा आघात लगा. उनकी बगावत को देखते हुए उन्हें विद्यालय से निकाल दिया गया. फलत: 1890 में बिरसा तथा उसके पिता चाईबासा से वापस आ गए.

बिरसा मुंडा का संथाल विद्रोह, चुआर आंदोलन, कोल विद्रोह का भी व्यापक प्रभाव पड़ा. अपने जाति की दुर्दशा, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक अस्मिता को खतरे में देख उनके मन में क्रांति की भावना जाग उठी. उन्होंने मन ही मन यह संकल्प लिया कि वे मुंडाओं का शासन लाएंगे तथा अपने लोगों में जागृति पैदा करेंगे. बिरसा मुंडा ने न केवल राजनीतिक जागृति के बारे में संकल्प लिया बल्कि अपने लोगों में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक जागृति पैदा करने का भी संकल्प लिया. बिरसा ने गांव-गांव घुमकर लोगों को अपना संकल्प बताया. उन्होंने ‘अबुआ: दिशोम रे अबुआ: राज (हमारे देश में हमार शासन) का बिगुल फूंका.

बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ क्रांति का आह्वान किया. वे उग्र हो गये. शोषकों, ठेकेदारों और अंग्रेजी चाटुकारों को मार भगाने का आह्वान किया. पुलिस को भगाने की इस घटना से आदिवासियों का विश्वास बिरसा मुंडा पर होने लगा. बिरसा मुंडा की बढ़ती लोकप्रियता और सक्रियता देखकर 22 अगस्त 1895 अंग्रेजी हुकूमत ने बिरसा मुंडा को किसी भी तरह गिरफ्तार करने का निर्णय लिया. दूसरे दिन सुबह मेयर्स, बाबु जगमोहन सिंह तथा बीस सशस्त्र पुलिस बल के साथ बिरसा मुंडा को गिरफ्तार करने चल पड़े. पुलिस पार्टी 8.30 बजे सुबह बंदगांव से निकली एवं 3 बजे शाम को चालकद पहुंची. बिरसा के घर को उन्होंने चुपके से घेर लिया. एक कमरे में बिरसा मुंडा आराम से सो रहे थे. काफी मशक्कत के बाद बिरसा मुंडा को गिरफ्तार किया गया. उन्हें शाम को 4 बजे रांची में डिप्टी कलेक्टर के सामने पेश किया गया. रास्ते में उनके पीछे भीड़ का सैलाब था. भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही थी. ब्रिटिश अधिकारियों को आशंका थी कि उग्र भीड़ कोई उपद्रव न कर बैठे. लेकिन बिरसा मुंडा ने भीड़ को समझाया. बिरसा मुंडा के खिलाफ मुकदमा चलाया गया. मुकदमा चलाने का स्थान रांची से बदलकर खूंटी कर दिया गया. बिरसा को राजद्रोह के लिए लोगों को उकसाने के आरोप में 50/- रुपये का जुर्माना तथा दो वर्ष सश्रम कारावास की सजा दी गई. उलगुलान की आग जरूर दब गई लेकिन यह चिंगारी बनकर रह गई जो आगे चलकर विस्फोटक रूप धारण किया.

30 नवम्बर 1897 के दिन बिरसा को रांची जले से छोड़ दिया गया. यहां 24 दिसम्बर 1899 को ‘उलगुलान’ पुन: प्रारंभ कर दिया गया. तमाम क्षेत्रों में क्रांति की आग भड़क गई. बिरसा मुंडा इसका नेतृत्व कर रहे थे. अंग्रेजों और बिरसा मुंडा के समर्थकों के बीच लगातार युद्ध होने लगे. 9 जनवरी 1900 को डोम्बारी से कुछ दूर सैकड़ों से करीब तीन मील उत्तर में सईल रैकब पहाड़ी पर विद्रोहियों की सभा हो रही थी. सभा में तीर, धनुष, भाला, टांगी, गुलेलों से लैस बिरसा के अनुयायियों एवं विद्रोहियों के अंदर अंग्रेजों एवं शोषकों के खिलाफ लड़ाई लडऩे का जज्बा अंतिम चरण में था. तभी पुलिस पार्टी ने उस सभा के सामने आकर विद्राहियों को आत्म समर्पण एवं हथियार डालने को कहा. बिरसा के समर्थकों ने मना कर दिया जिसके बाद अंग्रेजी सेना ने भीड़ पर आक्रमण कर दिया.

सईल रकब रकब पहाड़ी पर इस आक्रमण में 40 से लेकर 400 की संख्या में मुंडा लोग लड़ाई में मारे गये. 03 फरवरी 1900 ई को 500/- रुपये के सरकारी ईनाम के लालच में जीराकेल गांवों के सात व्यक्तियों ने बिरसा मुंडा के गुप्त स्थान के बारे में अंग्रेजों को बताकर धोखे से पकड़ लिया गया. बिरसा को पैदल ही खूंटी के रास्ते रांची पहुंचा दिया गया. हजारों की भीड़ ने तथा बिरसा के अनुयायियों ने बिरसा जिस रास्ते से ले जाया गया उनका अभिवादन किया. 1 जून 1900 को डिप्टी कमिश्नर ने ऐलान किया कि बिरसा मुंडा को हैजा हो गया तथा उनके जीवित रहने की कोई संभावना नहीं है. अंतत: 9 जून 1900 को बिरसा ने जेल में अंतिम सांस ली.

26 जनवरी को गूंजेगा पाकिस्तान में जय श्रीराम

0

नई दिल्ली। इस बार गणतंत्र दिवस पर बिहार और झारखंड के सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच हंगामा बरपाने आ रही ‘पाकिस्तान में जयश्रीराम.’ ‘पाकिस्तान में जय श्रीराम’ 26 जनवरी को रिलीज होगी. लेकिन ये फिल्म मुंबई में 29 दिसंबर को ही रिलीज हो जाएगी. फिल्म के प्रोड्यूसर भूपेंद्र सिंह और बबलू गुप्ता हैं. फिल्म को रमाकांत प्रसाद ने डायरेक्ट किया है. ‘पाकिस्तान में जयश्रीराम’ पर ट्रेड पंडितों की भी नजर है क्योंकि माना जा रहा है कि इस फिल्म से भोजपुरी फिल्मों के सारे समीकरण बदलने वाले हैं.

इस भोजपुरी फिल्म में विक्रांत और मोनालिसा की जोड़ी एक साथ नजर आएगी. मोनालिसा ने बिग बॉस के घर में लंबी पारी खेली थी. वैसे भी दोनों की कैमिस्ट्री ऑनस्क्रीन देखने में मजेदार रहेगी. भूपेंद्र विजय सिंह कहते हैं कि उनकी फिल्म ‘पाकिस्तान में जय श्रीराम’ पाकिस्तान पर बनी दूसरों फिल्मों काफी अलग है. यह ऐसी फिल्म है जो न सिर्फ मनोरंजन करेगी बल्कि इसको लेकर चर्चा भी होगी. भोजपुरी अदाकारा हिट रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में भी अपना जलवा दिखा चुकी हैं. ‘पाकिस्तान में जय श्रीराम’ एक्शन से भरपूर फिल्म है और इसे देशभक्ति का संदेश भी शामिल है. लेकिन एकदम अनोखे अंदाज में.

बांग्लादेश से हार भारत अंडर 19 ‍एशिया कप से बाहर

0

कुआलालंपुर। गत विजेता भारतीय टीम को करारा झटका लगा जब तीन दिनों में दूसरी हार के साथ वह अंडर-19 एशिया कप से बाहर हो गया. रविवार को नेपाल के हाथों मिली अप्रत्याशित हार के बाद भारत को मंगलवार को बांग्लादेश के हाथों 8 विकेट से हार मिली और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया.

ग्रुप ‘ए’ से बांग्लादेश और नेपाल ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया. दूसरे ग्रुप से पाकिस्तान और अफगानिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचे.

बारिश के कारण 32-32 ओवरों के इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया. बांग्लादेशी गेंदबाजों ने भारत को 8 विकेट पर 187 रनों पर रोक दिया. सलमान खान 39 और अनुज रावत ने 34 रन बनाए. रौबिउल ने 3 और नईम ने 2 विकेट लिए. जवाब में बांग्लादेश ने पिनाक घोष के नाबाद 81 और तवहिद हिरदोय के नाबाद 48 रनों की मदद से आसानी से जीत दर्ज की. बांग्लादेश ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया.

शिक्षा विभाग ने महिलाओं को दी अजीब सलाह- फिट रहने के लिए करें झाड़ू-पोंछा

0

broom

जयपुर। ऐसे समय में जब सरकारें महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दे रही हैं, उसी समय में राजस्थान शिक्षा विभाग की तरफ से लैंगिक भेदभाव पर आधारित एक सलाह की चारों तरफ आलोचना हो रही है. दरअसल, राजस्थान के शिक्षा विभाग ने महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए घर में झाड़ू-पोंछा करने और चक्की पीसने की अजीब सलाह दी है.

राजस्थान शिक्षा विभाग की मासिक पत्रिका में ये बातें कही गई हैं. ये लेख नवंबर के एडिशन में प्रकाशित किया गया था. जिस पत्रिका में ये लेख प्रकाशित हुआ है, उसका नाम ‘शिविरा’ है. ये पत्रिका मुख्य रूप से स्कूल टीचर्स पर फोकस करती है. इसमें शिक्षा संबंधित बातें प्रकाशित की जाती है. इस सिलसिले में पी.यू.सी.एल. की राष्ट्रीय सचिव कविता श्रीवास्तव कहती हैं कि यह बेहद शर्मनाक है. जिन घिसे-पिटे तौर-तरीकों से शिक्षा के जरिए छुटकारा दिलाने की कोशिश होती है. शिक्षा विभाग उन्हीं को मजबूत करने में लगा हुआ है.

इस मसले पर पत्रिका के प्रधान संपादक और माध्यमिक शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल ने कहा कि घरेलू कामकाज को खास महिलाओं के लिए व्यायाम की तरह नहीं बताया जाना चाहिए लेकिन शायद लेखक अपने आसपास हो रही चीजों से प्रभावित रहे हों, इसलिए वह ऐसा लिख गए. अलबत्ता इसके पीछे महिलाओं से भेदभाव का कोई इरादा नहीं है. यह मैं भरोसा दिलाता हूं.

आमतौर पर इसमें शिक्षा के विषय पर कुछ निबंध, महान व्यक्तियों के प्रसंग और सामान्य रुचि के मसलों पर आलेख आदि होते हैं. इन्हीं के तहत इस बार स्वस्थ रहने के सरल उपाय बताए गए हैं. कुल 52 पेज की पत्रिका के पेज नंबर 32 पर 14 उपायों के जिक्र हैं, जिसमें तीसरे प्वाइंट में लिखा है कि महिलाएं चक्की पीसना, विलौना बिलोना (मक्खन मथना), रस्सी कूदना, पानी भरना, झाड़ू-पोंछा लगाना आदि घर के कामों में भी अच्छा व्यायाम कर सकती हैं.