
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बना इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम संभवत: अफगानिस्तान की राष्ट्रीय टीम का घरेलू स्टेडियम हो सकता है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सदस्यों ने लखनऊ में इकाना स्टेडियम का दौरा किया और स्टेडियम की सुविधाओं की सराहना की. आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने बताया कि इकाना स्टेडियम को उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने पहले ही अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया है. अफगानिस्तान बोर्ड की टीम ने कल लखनऊ में स्टेडियम का दौरा किया था और अब जो भी फैसला लेना होगा वह बीसीसीआई और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी लेंगे.
इकाना स्टेडियम के प्रबंध निदेशक उदय सिन्हा ने बताया कि कल अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के तीन सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्टेडियम का निरीक्षण किया था. सिन्हा का कहना है कि अफगान क्रिकेट बोर्ड के सदस्यों ने स्टेडियम की सुविधाओं की तारीफ की और उम्मीद जताई कि वह इस संबंध में बीसीसीआई के अधिकारियों से बात करेंगे.
उन्होंने कहा कि स्टेडियम पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका है. हाल ही में यहां रणजी और दिलीप ट्रॉफी के सफल क्रिकेट मैच हो चुके हैं. इसके अलावा लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और कई पांच सितारा होटल होने के कारण अफगानिस्तान टीम को यहां आने जाने में कोई परेशानी नही होगी.

दलित दस्तक (Dalit Dastak) साल 2012 से लगातार दलित-आदिवासी (Marginalized) समाज की आवाज उठा रहा है। मासिक पत्रिका के तौर पर शुरू हुआ दलित दस्तक आज वेबसाइट, यू-ट्यूब और प्रकाशन संस्थान (दास पब्लिकेशन) के तौर पर काम कर रहा है। इसके संपादक अशोक कुमार (अशोक दास) 2006 से पत्रकारिता में हैं और तमाम मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। दलित-बहुजन समाज की खबरों के लिए दलित दस्तक को सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलो करिए। हम तक खबर पहुंचाने के लिए हमें dalitdastak@gmail.com पर ई-मेल करें या 9013942612 पर व्हाट्सएप करें।

