आज देश की एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के परिणाम आ गए। जिन चार विधानसभा सीटों पर काउंटिंग हुई, वे हैं पश्चिम बंगाल में बालीगंज, छत्तीसगढ़ में खैरागढ़, बिहार में बोचहां और महाराष्ट्र का कोल्हापुर। वहीं एक लोकसभा सीट पश्चिम बंगाल की आसनसोल है। इन सीटों पर 12 अप्रैल को मतदान हुआ था।
चुनाव परिणामों में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा एक भी सीट पर जीत नहीं दर्ज कर पाई है और उसका डब्बा गुल हो गया है। कलकत्ता, बिहार और बंगाल तीनों जगहों पर भाजपा की करारी हार हुई है।
महाराष्ट्र में कांग्रेस के उम्मीदवार जयश्री जाधव ने कोल्हापुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार सत्यजीत कदम को 18,000 से अधिक वोटों से हरा दिया। कांग्रेस-एमवीए उम्मीदवार जयश्री जाधव को 96,176 वोट मिले, जबकि भाजपा के सत्यजीत कदम को 77,426 वोट मिल सके।
पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की करारी हार हुई। बालीगंज विधानसभा सीट पर बाबुल सुप्रियो ने करीब 20 हजार के मतों से जीत दर्ज की, जबकि शत्रुध्न सिन्हा ने आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा के अग्निमित्रा पॉल को हराया। सिन्हा ने एक लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की।
बिहार की बात करें तो चर्चित बोचहां विधानसभा सीट पर आरजेडी के अमर पासवान ने भाजपा की बेबी कुमारी को 36 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। इसी सीट को लेकर वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी और भाजपा के बीच तनातनी हो गई थी और दोनों की राहें जुदा हो गई थी।
इस चुनावी परिणाम के बाद बिहार में तेजस्वी, बंगाल में ममता बनर्जी और महाराष्ट्र में कांग्रेस को भाजपा को घेरने का मौका मिल गया है। अब सबकी निगाहें लोकसभा के अगले सत्र पर भी है, जहां भाजपा और शत्रुध्न सिन्हा का आमना-सामना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लगातार निशाना साधने के कारण भाजपा ने शत्रुध्न सिन्हा को किनारे लगा दिया था। इसके बाद सिन्हा ने राजद का दामन थाम कर बीते लोकसभा चुनाव 2019 में पटना साहिब से चुनाव लड़ा लेकिन जनता ने उन्हें खामोश कर दिया था। तभी से संसद में पहुंचने की शॉटगन के इंतजार का अब अंत हो गया है और एक बार फिर वह लोकसभा में गरजने को तैयार हैं। फिलहाल हर सीट पर भाजपा की हार से विपक्ष का मनोबल बढ़ा हुआ है।

दलित दस्तक (Dalit Dastak) साल 2012 से लगातार दलित-आदिवासी (Marginalized) समाज की आवाज उठा रहा है। मासिक पत्रिका के तौर पर शुरू हुआ दलित दस्तक आज वेबसाइट, यू-ट्यूब और प्रकाशन संस्थान (दास पब्लिकेशन) के तौर पर काम कर रहा है। इसके संपादक अशोक कुमार (अशोक दास) 2006 से पत्रकारिता में हैं और तमाम मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। Bahujanbooks.com नाम से हमारी वेबसाइट भी है, जहां से बहुजन साहित्य को ऑनलाइन बुक किया जा सकता है। दलित-बहुजन समाज की खबरों के लिए दलित दस्तक को सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलो करिए। हम तक खबर पहुंचाने के लिए हमें dalitdastak@gmail.com पर ई-मेल करें या 9013942612 पर व्हाट्सएप करें।