हरियाणा के करनाल जिले के पूसगढ़ गाँव से दलित उत्पीड़न की एक भयानक खबर आ रही है। सवर्ण हिन्दू अतिवादियों के एक समूह द्वारा दलित बस्ती पर आक्रमण और आगजनी का मामला सामने आया है। इस हमले में दलितों के दर्जन भर घरों सहित दलितों की कई मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गयी है। इस मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए लगभग 200 हिन्दू अतिवादियों को गिरफ्तार किया है।
स्थानीय दलितों ने मीडिया को बताया कि 11 फरवरी की रात वाल्मीकि समाज की इस बस्ती में जातिवादी गुंडों ने हमला किया है। असल में यह मामला नशीली दवाओं के कारोबार से जुड़ा हुआ है। बस्ती के वाल्मीकि समाज के लोगों के मुताबिक ऊंची जाति के हिन्दू यहाँ के वाल्मीकि बच्चों पर दबाव डालकर उनसे शराब और ड्रग्स का कारोबार करवाना चाहते हैं। दलित बच्चों ने इस काम में शामिल होने से इनकार कर दिया। इस बात पर 11 फरवरी को जातिवादी गुंडों और दलितों में हाथापाई हुई थी। सवर्ण हिंदुओं ने दलितों को बुरी तरह पीटा और जब दलित पक्ष स्थानीय अस्पताल में इलाज करवा रहा था तभी रात में उनकी बस्ती में आक्रमण करके आग लगा दी गयी। इसी के साथ वाल्मीकि समुदाय के लोगों पर डर के कारण बस्ती छोड़कर जाने का दबाव बन रहा है। इस दबाव की प्रतिक्रिया में कुछ दलित युवकों ने आत्मदाह करने की धमकी दी है। हालांकि डेप्यूटी पुलिस कमिश्नर एवं एसपी के द्वारा आश्वासन दिए जाने पर दलितों ने बस्ती छोड़ने का विचार त्याग दिया है और खबर लिखे जाने तक शांति बनी हुई थी।
इस घटना से पूरे राज्य और देश भर में दलित समुदाय में आक्रोश की लहर फैल गयी है। स्थानीय दलित कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पुलिस प्रशासन से कहा है कि मामले में जल्द से जल्द न्याय किया जाए अन्यथा वे एक बड़ा दलित आंदोलन शुरू करेंगे।

दलित दस्तक (Dalit Dastak) साल 2012 से लगातार दलित-आदिवासी (Marginalized) समाज की आवाज उठा रहा है। मासिक पत्रिका के तौर पर शुरू हुआ दलित दस्तक आज वेबसाइट, यू-ट्यूब और प्रकाशन संस्थान (दास पब्लिकेशन) के तौर पर काम कर रहा है। इसके संपादक अशोक कुमार (अशोक दास) 2006 से पत्रकारिता में हैं और तमाम मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। Bahujanbooks.com नाम से हमारी वेबसाइट भी है, जहां से बहुजन साहित्य को ऑनलाइन बुक किया जा सकता है। दलित-बहुजन समाज की खबरों के लिए दलित दस्तक को सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलो करिए। हम तक खबर पहुंचाने के लिए हमें dalitdastak@gmail.com पर ई-मेल करें या 9013942612 पर व्हाट्सएप करें।

